वेस्टइंडीज के महान खिलाड़ी सर गैरी सोबर्स का निधन, क्रिकेट जगत में शोक की लहर

सर गैरी सोबर्स का 89 साल की आयु में निधन हो गया. उन्होंने 1954 से 1974 के बीच करीब दो दशकों तक वेस्टइंडीज क्रिकेट का प्रतिनिधित्व किया था.

Edited By : Akhilesh Tripathi |Jul 17, 2026, 09:07 PM IST

Published On Jul 17, 2026, 09:07 PM IST

Last UpdatedJul 17, 2026, 09:07 PM IST

Garry Sobers

Garry Sobers

क्रिकेट जगत से एक बेहद ही दुखद खबर सामने आई है. वेस्टइंडीज के महानतम खिलाड़ी और दुनिया के बेहतरीन ऑलराउंडर्स में शुमार सर गैरी सोबर्स का 89 साल की आयु में निधन हो गया. उन्होंने 1954 से 1974 के बीच करीब दो दशकों तक वेस्टइंडीज क्रिकेट का प्रतिनिधित्व किया था. गैरी सोबर्स ने अपने 90वें जन्मदिन से दो सप्ताह पहले दुनिया को अलविदा कह दिया. उनके निधन पर क्रिकेट जगत में शोक की लहर है.

सोबर्स का जन्म 1936 में बारबाडोस के ब्रिजटाउन में हुआ था. बाएं हाथ के बल्लेबाज सोबर्स बाएं हाथ से तेज गेंदबाजी करने के साथ-साथ कलाई के साथ स्पिन और उंगली से की जाने वाली स्पिन गेंदबाजी करने में भी सक्षम थे, वह एक बेहतरीन फील्डर भी थे. सोबर्स ने 1965 से 1972 के बीच 39 टेस्ट मैच में वेस्टइंडीज की कप्तानी की, उनकी कप्तानी में टीम ने नौ मैच जीते, 20 ड्रॉ खेले और 10 मैच गंवाए.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

16 साल में किया था फर्स्ट क्लास डेब्यू

उन्होंने 16 वर्ष की उम्र में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में डेब्यू किया और इसके एक वर्ष बाद किंग्सटन में इंग्लैंड के खिलाफ अपना पहला टेस्ट मैच खेला.

भारत के खिलाफ शानदार था रिकॉर्ड

पाकिस्तान के खिलाफ फरवरी 1958 में किंग्सटन में सोबर्स का बनाया गया 365 रन (38 चौके) का स्कोर उस समय टेस्ट क्रिकेट में किसी भी बल्लेबाज का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर था. उन्होंने यह उपलब्धि 23 वर्ष की उम्र में हासिल की थी और यह रिकॉर्ड 36 वर्षों तक कायम रहा. बतौर बल्लेबाज सोबर्स का प्रदर्शन भारत के खिलाफ विशेष रूप से शानदार रहा. भारत के खिलाफ उन्होंने 18 टेस्ट मैच में 1,920 रन बनाए जिसमें आठ शतक और सात अर्धशतक शामिल थे.

आईसीसी देती है ‘सर गारफील्ड सोबर्स’ पुरस्कार

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) का सालाना पुरस्कार उनके सम्मान में ‘सर गारफील्ड सोबर्स’ पुरस्कार के नाम से दिया जाता है. यह पुरस्कार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों में सबसे उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को दिया जाता है.

पाकिस्तान के खिलाफ खेली थी 365 रन की नाबाद पारी

सोबर्स के टेस्ट करियर का सबसे सफल वर्ष 1958 रहा. इसी साल उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद 365 रन की अपनी ऐतिहासिक पारी खेली थी, उस वर्ष उन्होंने केवल आठ टेस्ट मैच में 1,299 रन बनाए, जिसमें कुल छह शतक और तीन अर्धशतक शामिल थे. इस दौरान उनका बल्लेबाजी औसत 144.33 रहा. गेंदबाज के रूप में भी सोबर्स का प्रदर्शन इंग्लैंड के खिलाफ सबसे प्रभावशाली रहा. उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 32.57 की औसत से 102 विकेट हासिल किए। इसके अलावा उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 51 विकेट और भारत के खिलाफ 59 विकेट चटकाए.

1975 में मिला था नाइटहुड सम्मान

सोबर्स वेस्टइंडीज क्रिकेट इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में चौथे स्थान पर हैं और कैरेबियाई टीम के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों की सूची में आठवें स्थान पर हैं. क्रिकेट में उनके योगदान के लिए उन्हें 1975 में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय द्वारा ‘नाइटहुड’ से सम्मानित किया गया. वर्ष 2000 में उन्हें विजडन के पांच ‘क्रिकेटर ऑफ द सेंचुरी’ में भी शामिल किया गया

बीसीसीआई ने जताया शोक

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने सर गारफ़ील्ड सोबर्स के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए एक्स पर लिखा, वे खेल के एक सच्चे आइकन और क्रिकेट के अब तक के सबसे महान ऑल-राउंडरों में से एक थे. उनकी असाधारण उपलब्धियों, कैरेबियाई क्रिकेट पर उनके गहरे प्रभाव और वैश्विक खेल में उनके अमूल्य योगदान ने एक ऐसी विरासत छोड़ी है जो आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी उनके परिवार, दोस्तों और दुनिया भर के क्रिकेट समुदाय के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं, उनकी आत्मा को शांति मिले.

बीसीसीआई ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें सर गैरी सोबर्स की भारतीय दिग्गज रोहित शर्मा, विराट कोहली और राहुल द्रविड़ जैसे दिग्गजों से मुलाकात हुई थी. यह वीडियो साल 2023 का है, जब टीम इंडिया वेस्टइंडीज के दौरे पर गई थी.

छह बॉल में छह छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर

गैरी सोबर्स एक ओवर में 6 छक्के लगाने वाले दुनिया के पहले क्रिकेटर थे. उन्होंने इंग्लिश काउंटी के एक मैच में मैल्कम नैश की 6 गेंदों पर छह छक्के जड़े थे. उनके बाद रवि शास्त्री ने यह कारनामा किया था.आज कई बल्लेबाज यह कारनामा कर चुके हैं.

गौतम गंभीर से टकराव या खराब फॉर्म ! क्यों अलग- थलग हुए रोहित शर्मा ?

वेस्टइंडीज के लिए खेले थे 93 टेस्ट

गैरी सोबर्स की गिनती दुनिया के बेहतरीन ऑलराउंडर्स में की जाती थी. उन्होंने वेस्टइंडीज के लिए 93 टेस्ट और एक वनडे मैच खेला था. 93 टेस्ट मैच की 160 इनिंग में उन्होंने 26 शतक और 30 अर्धशतक के साथ 8032 रन बनाए थे. टेस्ट क्रिकेट में उनका उच्चतम स्कोर नाबाद 365 रन था. उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 235 विकेट भी चटकाए थे. उन्होंने एक वनडे मैच भी खेला, जिसमें उन्हें बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला, मगर गेंदबाजी करते हुए उन्होंने एक विकेट चटकाया.

फर्स्ट क्लास के 383 मैच में उनके नाम 28314 रन है, जिसमें 86 शतक और 121 अर्धशतक है. वहीं फर्स्ट क्लास में उनके नाम 1043 विकेट भी है. लिस्ट ए के 95 मैच में उन्होंने 2721 रन बनाए थे. लिस्ट ए में उनके नाम 109 विकेट है.

Editor's Pick