कोविड-19 महामारी के बीच इंग्लैंड पहुंची विंडीज टीम, 3 मैचों की खेलेगी टेस्ट सीरीज

कैरेबियाई टीम सात सप्ताह के इस दौरे में अभी ओल्ड ट्रैफर्ड में 14 दिन तक पृथकवास पर रहेगी

Edited By : Press Trust of India |Jun 09, 2020, 04:00 PM IST

Published On Jun 09, 2020, 04:00 PM IST

Last UpdatedJun 09, 2020, 04:00 PM IST

West Indies Cricket Team (File image)

कप्तान जेसन होल्डर की अगुआई में वेस्टइंडीज का 39 सदस्यीय क्रिकेट दल कोविड-19 के कारण बदली हुई परिस्थितियों में तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला खेलने के लिए मंगलवार को मैनचेस्टर पहुंचा।

कोरोना वायरस महामारी के कारण मार्च से ही दुनिया भर में क्रिकेट गतिविधियां ठप्प पड़ी हैं और वेस्टइंडीज इसके बाद किसी देश का दौरा करने वाली पहली टीम बन गयी है। इस श्रृंखला के दौरान तीनों मैच जैव सुरक्षित वातावरण में खेले जाएंगे और दर्शकों को स्टेडियम में आने की अनुमति नहीं होगी।

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

टी20 विश्‍व कप 2020 आयोजन पर बुधवार को ICC की अहम बैठक, इस बात पर फंसा है पेच

वेस्टइंडीज से रवाना होने से पहले सभी खिलाड़ियों का कोविड-19 परीक्षण करवाया गया था जिसमें सभी की रिपोर्ट ‘नेगेटिव’ आई थी। खिलाड़ियों को सोमवार को कैरेबियाई क्षेत्र के विभिन्न द्वीपों से दो विमानों से लाया गया और फिर वे विशेष विमान से इंग्लैंड के लिए रवाना हुए।

14 दिन खुद को क्वारंटीन रखेंगे खिलाड़ी

कैरेबियाई टीम सात सप्ताह के इस दौरे में अभी ओल्ड ट्रैफर्ड में 14 दिन तक पृथकवास पर रहेगी जहां आखिरी दो टेस्ट मैच भी खेले जाएंगे। सभी खिलाड़ियों यहां पहुंचने पर फिर से कोविड-19 के लिये परीक्षण किया जाएगा। खिलाड़ियों को जैव सुरक्षित वातावरण में रहना होगा और सरकारी दिशानिर्देशों का पालन करना होगा।

8 जुलाई से खेला जाएगा पहला टेस्ट 

पहला टेस्ट मैच आठ जुलाई से एजेस बॉउल में खेला जाएगा जबकि दूसरा (16 से 20 जुलाई) और तीसरा (24 से 28 जुलाई) टेस्ट मैच ओल्ड ट्रैफर्ड में होंगे। इस तरह से तीनों टेस्ट मैच 21 दिन के अंदर खेले जाएंगे।

इन स्थलों का चयन इसलिए किया गया है कि क्योंकि इनमें स्टेडियम के अंदर या उसके पास में होटल है और इनमें जैव सुरक्षित वातावरण तैयार किया जा सकता है।

इन तीन खिलाड़ियों ने इंग्लैंड दौरे पर जाने से किया था इनकार 

इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) के इन प्रयासों के बावजूद वेस्टइंडीज के तीन खिलाड़ियों डेरेन ब्रावो, शिमरोन हेटमेयर और कीमो पॉल ने अपने क्रिकेट बोर्ड से स्वविवेक से फैसला करने की छूट मिलने पर दौरे पर आने से इनकार कर दिया।

जैव सुरक्षित वातावरण में रहने के कारण खिलाड़ी अपने स्थल से बाहर नहीं निकल पाएगे और इसलिए वेस्टइंडीज ने दौरे के लिए 14 मुख्य खिलाड़ियों के अलावा 11 रिजर्व खिलाड़ियों को भी टीम में रखा है। रिजर्व खिलाड़ी टेस्ट टीम की तैयारियों में उनकी मदद करेंगे और किसी खिलाड़ी के चोटिल होने पर आसानी से उसकी जगह ले पाएंगे।

लगातार टेस्ट किया जाएगा खिलाड़ियों और स्टाफ का 

श्रृंखला के दौरान खेलते हुए भी खिलाड़ियों को कुछ कड़े स्वास्थ्य नियमों का पालन करना होगा। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की क्रिकेट समिति ने गेंद को चमकाने के लिये लार के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की है जिसे बुधवार को होने वाली आईसीसी बोर्ड बैठक में मंजूरी मिलने की संभावना है। इसके अलावा खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ का लगातार परीक्षण किया जाएगा।

वेस्टइंडीज को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मई और जून में इंग्लैंड का दौरा करना था लेकिन कोरोना वायरस महामारी के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। वेस्टइंडीज के दल में मुख्य कोच फिल सिमन्स, रीफर, सहायक कोच रोडी एस्टविक और रेयन ग्रिफिथ तथा चिकित्सा टीम भी शामिल है।

वेस्टइंडीज की टेस्ट टीम :

जेसन होल्डर (कप्तान), जर्मेन ब्लैकवुड, नक्रुमा बोनर, क्रैग ब्रैथवेट, शमर ब्रूक्स, जॉन कैंपबेल, रोस्टन चेज, रकीम कॉर्नवाल, शेन डोरिच, केमार होल्डर, शाई होप, अल्जारी जोसफ, रेमन रीफर और केमार रोच।

रिजर्व खिलाड़ी :

सुनील अंब्रीी , जोशुआ डासिल्वा, शैनन गेब्रियल, कीन हार्डिंग, काइल मेयर, प्रेस्टन मैकस्वीन, मार्क्विनो मिंडले, शाइनी मोसले, एंडरसन फिलिप, ओशेन थॉमस और जोमेल वार्रिकान।

Editor's Pick