- Home
- News
- West Indies players want to make a name a living but Caribbean is struggling with finances says roston Chase
हम नाम और पैसा कमाना चाहते हैं, मगर... भारत से हार के बाद वेस्टइंडीज के कप्तान का छलका दर्द
रोस्टन चेज ने कहा, मुझे उम्मीद है कि हमें मदद मिलेगी ताकि हम क्रिकेट के लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत कर सकें, कैरेबियाई टीम में ट्रेनिंग सुविधाओं की व्यवस्था थोड़ी कमजोर है.
Published On Oct 05, 2025, 12:55 PM IST
Last UpdatedOct 05, 2025, 12:55 PM IST
Roston Chase
Roston chase on West Indies cricket: कप्तान रोस्टन चेज ने शनिवार को भारत से पारी और 140 रन से हारने के बाद कहा कि वेस्टइंडीज के खिलाड़ी क्रिकेट खेलकर नाम और आजीविका कमाना चाहते हैं लेकिन कैरेबियाई क्रिकेट की आर्थिक तंगी उनकी प्रगति को प्रभावित कर रही है.
वेस्टइंडीज की टीम दोनों पारियों में 162 और 146 रन ही बना सकी, जिससे भारत दो मैच की सीरीज में 1-0 से आगे हो गया. दूसरा और अंतिम टेस्ट 10 से 14 अक्टूबर तक नयी दिल्ली में खेला जाएगा.
एक समय में शक्तिशाली मानी जाने वाली वेस्टइंडीज टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू मैदान पर अपने पिछले टेस्ट में 27 रन के अपने सबसे कम स्कोर पर ढेर हो गई थी। इसके बाद क्रिकेट वेस्टइंडीज ने एक आपात बैठक बुलाई जिसमें दिग्गज क्लाइव लॉयड, ब्रायन लारा और अन्य प्रमुख हितधारकों ने भाग लिया.
‘कैरेबियाई टीम में आर्थिक तंगी’
चेज क्रिकेट वेस्टइंडीज की क्रिकेट रणनीति और अंपायरिंग समिति के भी सदस्य हैं, उन्होंने मीडिया को बताया, मैं इस पर ज्यादा बात नहीं करना चाहता लेकिन मैं इतना जरूर कहूंगा कि हां, कैरेबियाई टीम में आर्थिक तंगी जरूर है. इस समिति में लॉयड, लारा, पूर्व बल्लेबाज रामनरेश सरवन और मौजूदा खिलाड़ी शाई होप और चेज शामिल हैं. उन्होंने कहा, हमें जो भी मदद मिल सकती है (अगर वे मदद लेने की योजना बना रहे हैं), मुझे उम्मीद है कि हमें मदद मिलेगी ताकि हम क्रिकेट के लिए बुनियादी ढांचे को मजबूत कर सकें, कैरेबियाई टीम में ट्रेनिंग सुविधाओं की व्यवस्था थोड़ी कमजोर है
‘खराब प्रदर्शन को छिपाने के लिए इस्तेमाल नहीं कर रहा हूं’
चेज ने कहा, लेकिन मैं इसे किसी बहाने या हाल में हमारे खराब प्रदर्शन को छिपाने के लिए इस्तेमाल नहीं कर रहा हूं, मुझे अब भी लगता है कि रन बनाने, विकेट लेने वगैरह का कोई रास्ता निकालने की जिम्मेदारी खिलाड़ियों की है इसलिए मैं इस बारे में ज्यादा बात नहीं करना चाहता.