- Home
- News
- West Indies will play a two-day practice game against India Board President xi on Saturday
अभ्यास मैच का भरपूर इस्तेमाल करने उतरेगा वेस्टइंडीज
बोर्ड अध्यक्ष एकादश टीम की कप्तानी करुण नायर करेंगे।
Published On Sep 28, 2018, 05:08 PM IST
Last UpdatedSep 28, 2018, 05:08 PM IST
Jason-Holder (File Photo) @ AFP
भारत के दौरे पर तैयारी का पर्याप्त मौका नहीं मिलने पर वेस्टइंडीज दो टेस्ट मैचों की सीरीज से पहले बोर्ड अध्यक्ष एकादश के खिलाफ शनिवार से शुरू हो रहे दो दिवसीय अभ्यास मैच में परिस्थितियों से अच्छी तरह सामंजस्य बिठाने की कोशिश करेगा।
वेस्टइंडीज की टीम भारत दौरे पर 10 सितंबर को ही आना चाहती थी लेकिन दो टेस्ट, पांच वनडे और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों के दौरे से पहले बुधवार को यहां पहुंची है।
बीसीसीआई ने घरेलू सत्र के कारण कैरेबियाई टीम को अभ्यास के लिए आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने में असमर्थता व्यक्त की जिसके बाद उन्हें दुबई के आईसीसी ग्लोबल अकादमी में प्रशिक्षण करना पड़ा।
वेस्टइंडीज और भारत के बीच टेस्ट सीरीज का पहला मैच राजकोट में चार से आठ अक्तूबर तक खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा टेस्ट हैदराबाद में 12 से 16 अक्तूबर तक होगा।
पहला वनडे गुवाहाटी में 21 अक्तूबर को खेला जाएगा
पांच मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच गुवाहाटी में 21 अक्तूबर, दूसरा इंदौर में 24 अक्तूबर और तीसरा पुणे में 27 अक्तूबर को खेला जाएगा। श्रृंखला के आखिरी दो मैच मुंबई और तिरूवनंतपुरम में क्रमश: 29 अक्तूबर और एक नवंबर को खेले जाएंगे।
वनडे सीरीज के बाद तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज की शुरूआत चार नवंबर को कोलकाता में होगी। इसके बाद दूसरा टी20 लखनऊ में छह नवंबर और तीसरा टी20 चेन्नई में 11 नवंबर को खेला जाएगा।
विंडीज को खलेगी पेसर केमार रोच की कमी
अभ्यास मैच में वेस्टइंडीज की टीम को तेज गेंदबाज केमार रोच की कमी खलेगी जो परिवार के सदस्य के निधन के कारण बारबाडोस चले गये हैं। वह टेस्ट श्रृंखला शुरू होने से पहले टीम से जुड़ेगें।
बोर्ड एकादश की टीम में फॉर्म में चल रहे मयंक अग्रवाल, पृथ्वी शॉ, श्रेयस अय्यर, अंकित बावने और इंग्लैड़ के खिलाफ टेस्ट में पदार्पण करने वाले हनुमा विहारी जैसे युवा खिलाड़ी शामिल हैं । इस टीम की अगुवाई मध्यक्रम के बल्लेबाज करूण नायर करेंगे।
टीम:
वेस्टइंडीज: जेसन होल्डर (कप्तान), सुनील अंबरीश, देवेन्द्र बिशू, क्रेग ब्रेथवेट, रोस्टन चेज, शेन डोरिच, शैनन गैब्रियल, जेमार हैमिल्टल, शिमरोन हेट्मायर, शाई होप, अल्जार्री जोसेप, कीमो पाल, कीरोन पोवेल, जोमेल वार्रिकन।
बोर्ड एकादश: मयंक अग्रवाल, पृथ्वी शॉ, हनुमा विहारी, करुण नायर (कप्तान), श्रेयस अय्यर, अंकित बावने, इशान किशन (विकेट कीपर), जलज सक्सेना, सौरव कुमार, बासिल थंपी, आवेश खान, के विगनेश, इशान पोरेल।
(इनपुट-एजेंसी)