×

अगर बारिश से रद्द हुआ भारत-ऑस्ट्रेलिया का सेमीफाइनल, फिर किसे मिलेगा फाइनल का टिकट ?

नवी मुंबई के डी. वाई. पाटिल स्टेडियम में खेले जाने वाले दूसरे सेमीफाइनल मैच में बारिश का खतरा बना हुआ है.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - October 30, 2025 11:43 AM IST

IndW vs Ausw semifinal: भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीम महिला वनडे वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में आज आमने- सामने होगी. नवी मुंबई के डी. वाई. पाटिल स्टेडियम में यह मुकाबला खेला जाना है. इस मुकाबले पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है, मैच के दौरान बारिश की संभावना है, ऐसे में फैंस के मन में सवाल है कि अगर यह मुकाबला बारिश से रद्द हो जाता है तो फाइनल में कौन सी टीम पहुंचेगी.

विश्व कप 2025 में भारतीय टीम का प्रदर्शन अभी तक उतार चढ़ाव वाला रहा है, पहले दो मैच में जीत के बाद उसे लगातार तीन मैच में हार का सामना करना पड़ा लेकिन इसके बाद उसने अच्छी वापसी की और सेमीफाइनल में जगह बनाने में सफल रही. अब गलती की कोई गुंजाइश नहीं है, मगर बारिश ने फैंस की टेंशन बढ़ा दी है.

बारिश से रद्द हुआ मैच तो कौन जाएगा फाइनल में ?

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आज 30 अक्टूबर को यह मुकाबला खेला जाना है. अगर आज बारिश की वजह से खेल रद्द हो जाता है तो यह खेल रिजर्व डे में चला जाएगा. 31 अक्टूबर को रिजर्व डे रखा गया है. हालांकि अगर रिजर्व डे के दिन भी बारिश होती रहती है और रिजर्व डे के दिन भी मैच नहीं खेला जाता है, ऐसी स्थिति में ऑस्ट्रेलिया की टीम फाइनल के लिए क्वालिफाई कर जाएगी. ऑस्ट्रेलिया टूर्नामेंट के ग्रुप चरण में अंक तालिका में अपनी स्थिति के आधार पर फाइनल का टिकट कटाएगा.

बल्लेबाजी के लिए अनुकूल है पिच

पिच की बात करें तो बेमौसम बारिश के पूर्वानुमान के बावजूद पिच बल्लेबाजी के लिए अनुकूल बनी हुई है और बड़े स्कोर का दबाव लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को परेशानी में डाल सकता है. महिला विश्व कप के भी दो वनडे मैच नवी मुंबई के इस मैदान पर खेले गए हैं, जिनमें पहले खेलने वाली टीम ने ही जीत हासिल की है.

TRENDING NOW

ऑस्ट्रेलिया की टीम हर विभाग में मजबूत है, शायद ही कोई अन्य टीम हो जो उनके कौशल या दृढ़ता की बराबरी कर सके, लेकिन यह सब इस बात पर निर्भर करता है कि टीम उस दिन कितना अच्छा खेल दिखाती है, ऑस्ट्रेलिया को इस बात का अच्छी तरह से एहसास होगा कि भारत उसके सामने कड़ी चुनौती पेश कर सकता है.