- क्रिकेट न्यूज़
- News
- what kapil dev has to say about umran malik speed and economy rate
उमरान मलिक पर कपिल देव के सीधे बोल- 'हम खिलाड़ी की बहुत तारीफ करते हैं और फिर वह गायब हो जाता है'
कपिल देव ने साफ कहा कि अंतरराष्ट्रीय पर उमरान मलिक को अभी और वक्त दिए जाने की जरूरत है। तभी कुछ कहा जा सकेगा।
Published On Jun 11, 2022, 09:03 AM IST
Last UpdatedJun 11, 2022, 09:03 AM IST
तेज गेंदबाज उमरान मलिक ने इंडियन प्रीमियर लीग में बहुत नाम कमाया। सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए इस खिलाड़ी ने अपनी रफ्तार से सभी को प्रभावित किया। जम्मू-कश्मीर के इस पेसर ने काफी सुर्खियां बटोरीं। आईपीएल में वह लगातार 150 किलोमीटर प्रति घंटे से अधिक की स्पीड से गेंदबाजी करते रहे। आईपीएल के इस सीजन में उन्होंने 22 विकेट अपने नाम किए। उन्होंने 157 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार की अपनी सबसे तेज गेंद फेंकी। यह टूर्नमेंट में दूसरी सबसे तेज गेंद रही।
उमरान की रफ्तार को काफी सराहा गया और उन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टी20 इंटरनैशनल सीरीज के लिए भारतीय टीम में भी चुना गया। 22 साल के इस खिलाड़ी ने अभी अपना इंटरनैशनल डेब्यू नहीं किया है और महान ऑलराउंडर कपिल देव का मानना है कि उमरान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कम-से-कम दो-तीन साल मौके दिए जाने चाहिए। कपिल ने उमरान की रफ्तार की तारीफ की लेकिन साथ ही हिदायत भी दी कि उन्हें अपनी इकॉनमी रेट पर काम करने की जरूरत है।
कपिल ने कहा, ‘मैं उसके सिलेक्शन से बहुत खुश हूं। लेकिन अभी उसके बारे में कुछ कहना जल्दबाजी होगी… आपको उन्हें इस स्तर पर कम से कम दो से तीन साल तक आजमाना चाहिए। हम एक खिलाड़ी को बहुत ज्यादा तवज्जो देते हैं और फिर वह एक साल बाद गायब हो जाता है… लेकिन उसमें टैलंट की कोई कमी नहीं हैं। मैं चाहता हूं कि उमरान सही माहौल में रहे और इसी रफ्तार के साथ लगातार कड़ी मेहनत करता रहे।’
कपिल ने यूट्यूब चैनल अनकट पर बातचीत में कहा, ‘उनकी क्षमता देखने के बाद, मुझे नहीं लगता कि उनमें कोई कमी है। उन्हें आगे बढ़ने के लिए सही मनोस्थिति बनाए रखनी होगी। उन्हें इसके साथ ही अच्छे गेंदबाजों से बात करनी होगी और उनकी वीडियो फुटेज देखने होंगे।’
कपिल ने कहा, ‘वह तेज गेंदबाजी करते हैं और विकेट भी लेते हैं। हमने कई ऐसे बोलर देखे हैं जो तेज होते हैं लेकिन विकेट नहीं लेते। इस युवा लड़के पास दोनों हैं। शायद इसी वजह से उसे इतनी जल्दी टीम में शामिल किया गया है। आईपीएल ने कई खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय टीम का रास्ता खोला है। लेकिन हमें उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कम से कम दो तीन साल देखना होगा।’
कपिल ने कहा, ‘अगर आप 150 से अधिक रफ्तार से गेंदबाजी करते हैं तो 9 से अधिक की इकॉनमी अच्छी चीज नहीं है। यह करीब छह से सात तक रहनी चाहिए। उमरान को इस पर काम करना होगा… यॉर्कर की कोशिश करे और बल्लेबाज का माइंडसेट समझे। लेकिन ये सब चीजें वक्त के साथ तैयार होंगी। जब वह अच्छे बल्लेबाजों को गेंदबाजी करेगा तो उसमें सुधार होगा और उनका इकॉनमी रेट नीचे आएगा।’