जब मिलर ने एक रन नहीं लिया... जीटी की रोमांचक जीत के बाद क्या बोले शुभमन गिल ?
शुभमन गिल ने कहा, गिल ने कहा कि पिच को देखते हुए, एक ऐसा गेंदबाज़ जिसके पास धीमी गेंद फेंकने की काबिलियत हो, प्रसिद्ध कृष्णा एक बेहतरीन विकल्प था.
Published On Apr 09, 2026, 10:11 AM IST
Last UpdatedApr 09, 2026, 10:11 AM IST
Shubman Gill
गुजरात टाइटंस की टीम ने बुधवार को रोमांचक मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को उसके घर में एक रन से हरा दिया. आखिरी ओवर में दिल्ली कैपिटल्स की टीम इस मुकाबले को तब हार गई, जब डेविड मिलर ने 20वें ओवर की दूसरी आखिरी गेंद पर प्रसिद्ध कृष्णा की गेंद पर एक रन लेने से मना कर दिया. गुजरात की इस रोमांचक जीत पर कप्तान शुभमन गिल ने अपनी प्रतिक्रिया दी है.
मैच के बाद गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल ने कहा, निश्चित रूप से, हमने जो तीनों मैच खेले, वे आखिरी ओवर तक गए, लेकिन जीत हासिल करके बहुत खुशी हुई, जब मिलर ने एक रन नहीं लिया तो मुझे लगा कि हमारे पास जीतने का मौका है.
शुभमन गिल ने की प्रसिद्ध कृष्णा की तारीफ
आखिरी ओवर के गेंदबाज के चुनाव पर गिल ने कहा कि पिच को देखते हुए, एक ऐसा गेंदबाज़ जिसके पास धीमी गेंद फेंकने की काबिलियत हो, प्रसिद्ध कृष्णा एक बेहतरीन विकल्प था. उन्होंने कहा कि हमने तय किया कि यॉर्कर फेंकी जाए या धीमी गेंद, लेकिन जिस तरह से विकेट खेल रहा था, उसे देखते हुए धीमी गेंद पर शॉट लगाना मुश्किल होता.
क्या रहा मैच का हाल ?
केएल राहुल और डेविड मिलर की साहसिक पारियां भी दिल्ली को इस नाटकीय हार से बचा नहीं सकी, गुजरात टाइटंस ने आखिरी गेंद पर दिल्ली कैपिटल्स को एक रन से हराकर आईपीएल के इस सत्र में पहली जीत दर्ज की.
जीत के लिये 211 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली के लिये केएल राहुल ने 52 गेंद में 11 चौकों और चार छक्कों की मदद से 92 रन बनाए. दिल्ली को आखिरी दो ओवर में 36 रन चाहिये थे और मोहम्मद सिराज ने 19वें ओवर में 23 रन दे डाले, डेविड मिलर (20 गेंद में नाबाद 40) ने उन्हें दो छक्के और दो चौके लगाकर दिल्ली को मैच में बनाये रखा.
आखिरी ओवर में दिखा जबरदस्त रोमांच
आखिरी ओवर में दिल्ली को 13 रन की जरूरत थी और प्रसिद्ध कृष्णा की पहली गेंद पर विपराज निगम ने चौका जड़ दिया, अगली गेंद पर निगम आउट हो गए जबकि चौथी गेंद पर मिलर ने छक्का लगाया, आखिरी गेंद पर दो रन की जरूरत थी लेकिन कुलदीप यादव रन आउट हो गए, दिल्ली ने वाइड गेंद के लिये रिव्यू भी लिया जो नाकाम रहा, दिल्ली की टीम 20 ओवर में आठ विकेट पर 209 रन ही बना सकी. गुजरात के लिये अफगानिस्तान के स्टार स्पिनर राशिद ने चार ओवर में सिर्फ 17 रन देकर तीन विकेट लिए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब भी दिया गया.