×

कौन हैं अमन राव पेराला ? विजय हजारे ट्रॉफी में जड़ा दोहरा शतक, आईपीएल में इस टीम का हैं हिस्सा

21 साल के अमन राव पेराला ने बंगाल के खिलाफ मैच में 154 बॉल में नाबाद 200 रन की पारी खेली. इस पारी में उन्होंने 12 चौके और 13 छक्के लगाए.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - January 6, 2026 2:53 PM IST

Who is Aman Rao: विजय हजारे ट्रॉफी में मंगलवार को हैदराबाद के क्रिकेटर अमन राव पेराला ने दोहरा शतक जड़कर कोहराम मचा दिया. बंगाल के खिलाफ मैच में उन्होंने नाबाद 200 रन की पारी खेली. उन्होंने पारी की आखिरी गेंद पर छक्का जड़कर अपने शतक को दोहरे शतक में बदला. इस सीजन दोहरा शतक लगाने वाले वह दूसरे बल्लेबाज हैं. इससे पहले ओडीशा के स्वास्तिक समाल ने भी दोहरा शतक लगाया था.

21 साल के अमन राव पेराला ने बंगाल के खिलाफ मैच में 154 बॉल में नाबाद 200 रन की पारी खेली. इस पारी में उन्होंने 12 चौके और 13 छक्के लगाए. उनकी इस पारी की मदद से हैदराबाद ने 50 ओवर में पांच विकेट पर 352 रन बनाए. अमन राव पेराला ने इससे पहले लिस्ट ए के दो मैचों में सिर्फ 52 रन बनाए थे,इस दोहरे शतक के बाद हैदराबाद के इस बल्लेबाज ने 3 मैचों में 252 रन बना लिए हैं.

अमन राव ने बंगाल के तेज गेंदबाजों मोहम्मद शमी, आकाशदीप और मुकेश कुमार की एक नहीं चलने दी. भारत के इन तीनों तेज गेंदबाजों के खिलाफ उन्होंने कुल मिलाकर 120 रन बटोरे. राव ने राहुल सिंह (65) के साथ पहले विकेट के लिए 104 रन की साझेदारी की और बाद में कप्तान तिलक वर्मा (34) के साथ 87 रन जोड़े, उन्होंने पारी की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर अपना दोहरा शतक पूरा किया

कौन हैं अमन राव ?

तेलंगाना के करीमनगर जिले के युवा क्रिकेटर अमन राव वर्तमान में हैदराबाद अंडर-23 रणजी टीम का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए सुर्खियां बटोरी. उन्होंने 160 से अधिक की स्ट्राइक रेट के साथ दो अर्धशतक लगाए. अमन राव का परिवार खेल से जुड़ा है. उनके पिता पेराला मधुसूदन राव जिला स्तर के क्रिकेटर रहे हैं. उनका मूल गांव सैदापुर मंडल के वेन्नमपल्ली में है,हालांकि परिवार वर्तमान में हैदराबाद में रह रहा है.

आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स का हैं हिस्सा

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उनके प्रदर्शन के बाद आईपीएल 2026 ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स की टीम ने उन पर बोली लगाई. राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 30 लाख के बेस प्राइस में टीम में शामिल किया.

TRENDING NOW

अमन राव का क्रिकेट करियर

अमन राव पेराला ने अब तक तीन लिस्ट ए और 11 टी-20 मैच खेले है. तीन लिस्ट मैच में उनके नाम 252 रन है. वहीं 11 टी-20 मैच में उन्होंने 301 रन बनाए है. टी-20 में उनका स्ट्राइक रेट 162.70 का है.