टीम इंडिया के लिए नहीं मिला मौका, अब भारत को बनाया वर्ल्ड चैंपियन, कौन हैं अमोल मजूमदार ?

महज 19 साल की उम्र में अमोल मजूमदार ने रणजी ट्रॉफी डेब्यू में नाबाद 260 रन बनाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था.

Edited By : Akhilesh Tripathi |Nov 03, 2025, 12:07 PM IST

Published On Nov 03, 2025, 12:07 PM IST

Last UpdatedNov 03, 2025, 12:07 PM IST

Amol Majumdar

Amol Majumdar

Who is Amol mazumdar: भारतीय महिला टीम ने इतिहास रचते हुए वनडे वर्ल्ड कप खिताब पर पहली बार कब्जा जमाया है. न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बाद भारत चौथी टीम बनी है, जिसने वनडे वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया है. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम ने रविवार को फाइनल मुकाबले में साउथ अफ्रीका को 52 रन से मात दी. भारतीय टीम को वर्ल्ड चैंपियन बनाने में टीम के हेड कोच अमोल मजूमदार की अहम भूमिका रही. अमोल मजूमदार को कभी टीम इंडिया के लिए खेलने का मौका नहीं मिला, मगर उन्होंने भारतीय महिला टीम को वर्ल्ड चैंपियन बनाकर अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया.

2014 में क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने के बाद उन्होंने कोचिंग में अपना करियर शुरू किया था, वह रणजी ट्रॉफी के अलावा आईपीएल टीमों के भी कोच रहे.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

कौन हैं अमोल मजूमदार ?

1974 में मुंबई में जन्में अमोल मजूमदार ने शुरुआत से ही क्रिकेट को अपना करियर बनाया और अपनी बल्लेबाजी से घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन किया. महज 19 साल की उम्र में अमोल मजूमदार ने रणजी ट्रॉफी डेब्यू में नाबाद 260 रन बनाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था, जो दो दशकों तक कायम रहा. उनकी कप्तानी में मुंबई ने 37वां रणजी ट्रॉफी खिताब भी जीता.

घरेलू क्रिकेट में शानदार रिकॉर्ड

अमोल मजूमदार ने रणजी फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 171 मैच खेले और 48.13 के शानदार औसत से बल्लेबाजी करते हुए 11167 रन बनाए. उन्होंने रणजी ट्रॉफी में कुल 30 शतक भी जड़े. हालांकि इस शानदार घरेलू रिकॉर्ड के बाद उन्हें भारत के लिए खेलने का मौका नहीं मिल सका.

2023 में बनाया गया भारतीय महिला टीम का हेड कोच

2014 में अमोल मजूमदार ने क्रिकेट से रिटायरमेंट लेने के बाद कोचिंग में अपना करियर शुरू किया. वह भारत की अंडर 19 और अंडर 23 टीम के मेंटर रहे, इसके अलावा वह तीन साल तक राजस्थान रॉयल्स के बल्लेबाजी कोच भी रहे. मजूमदार ने रणजी ट्रॉफी में मुंबई के कोच के रूप में काम किया. साल 2023 में बीसीसीआई ने अक्टूबर 2023 में उन्हें भारतीय महिला टीम का हेड कोच बनाया था.

Editor's Pick