छक्कों की हैट्रिक, LSG के गेंदबाजों को जमकर कूटा, कौन हैं फ्रेजर मैक्गर्क ?
आईपीएल में अपना पहला मैच खेल रहे फ्रेजर मैक्गर्क ने 35 गेंद में 55 रन बनाए, अपनी पारी में उन्होंने दो चौके और पांच छक्के लगाए, उनकी इस धमाकेदार पारी की बदौलत दिल्ली ने 18.1 ओवर में ही इस मुकाबले को अपने नाम कर लिया.
Published On Apr 13, 2024, 12:00 AM IST
Last UpdatedApr 13, 2024, 12:00 AM IST
(Image credit-IPLT20,Com)
लखनऊ. दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2024 में दूसरी जीत दर्ज की है. शुक्रवार को खेले गए मैच में दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को छह विकेट से हरा दिया. दिल्ली की इस जीत के हीरो रहे रहे कुलदीप यादव और फ्रेजर मैक्गर्क. कुलदीप यादव ने जहां फिरकी से लखनऊ के बल्लेबाजों को फंसाया, वहीं डेब्यू मैच खेल रहे फ्रेजर मैक्गर्क ने धमाकेदार बल्लेबाजी की.
लखनऊ ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 167 रन बनाए थे, कुलदीप यादव ने चार ओवर में 20 रन देकर तीन विकेट चटकाए. दिल्ली ने पृथ्वी साव, फ्रेजर मैक्गर्क और ऋषभ पंत की पारी से लक्ष्य को हासिल कर लिया.
आईपीएल में अपना पहला मैच खेल रहे फ्रेजर मैक्गर्क ने 35 गेंद में 55 रन बनाए, अपनी पारी में उन्होंने दो चौके और पांच छक्के लगाए, उनकी इस धमाकेदार पारी की बदौलत दिल्ली ने 18.1 ओवर में ही इस मुकाबले को अपने नाम कर लिया.
फ्रेजर मैक्गर्क ने क्रुणाल पांड्या के ओवर में लगाई छक्कों की हैट्रिक
13वें ओवर में क्रुणाल पांड्या गेंदबाजी करने आए थे. फ्रेजर मैक्गर्क ने इस ओवर की पहली तीन बॉल पर छक्के जड़े. फ्रेजर मैक्गर्क ने पहली बॉल को डीप मिड विकेट, दूसरी बॉल को डीप एक्स्ट्रा कवर और तीसरी बॉल को लांग ऑफ के ऊपर से छक्का जड़ा. क्रुणाल पांड्या के ओवर में 21 रन जड़े.
कौन हैं फ्रेजर मैक्गर्क ?
फ्रेजर मैक्गर्क ने ऑस्ट्रेलिया के लिए दो वनडे मैच खेले हैं. इसी साल फरवरी में उन्होंने डेब्यू किया था, दो वनडे मैच में उनके नाम 51 रन है. उन्होंने 16 फर्स्ट क्लास, 21 लिस्ट ए और 37 टी-20 मैच खेले हैं. ऑस्ट्रेलिया में बिग बैश लीग में उन्होंने कई धमाकेदार पारी खेली थी.
एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड किया था ध्वस्त
जैक फ्रेसर मैकगुर्क के नाम लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड भी है. तस्मानिया के खिलाफ वनडे मैच में महज 29 गेंद में सेंचुरी लगाई. उन्होंने एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड तोड़ा था. साउथ अफ्रीका के एबी डिविलियर्स ने 2015 में वेस्टइंडीज के खिलाफ इंटरनेशनल वनडे में 31 गेंदों में शतक लगाया था.