• Home
  • News
  • who is kal somani the us tech entrepreneur buying rajasthan royals in 1.63 billion us dollar

IPL: राजस्थान रॉयल्स को 15 हजार 290 करोड़ रुपये में खरीदने वाले काल सोमानी कौन हैं?

राजस्थान रॉयल्स फ्रैंचाइजी बिक गई है. आईपीएल 2008 की सबसे सस्ती टीम अब सबसे महंगी टीम बन गई है. इसके लिए 15 हजार करोड़ से ज्यादा का भुगतान करने पर सहमति बनी है.

Edited By : Bharat Malhotra |Mar 24, 2026, 07:18 PM IST

Published On Mar 24, 2026, 07:18 PM IST

Last UpdatedMar 24, 2026, 07:18 PM IST

who is kal somani

who is kal somani

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में एक बड़ा बदलाव हुआ है. आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले राजस्थान रॉयल्स की बिक्री की खबर सामने आई है. अमेरिकी टेक उद्यमी कल सोमानी के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम ने राजस्थान रॉयल्स की 100 प्रतिशत हिस्सेदारी 1.63 अरब डॉलर (लगभग 15,290 करोड़ रुपये) में खरीदने पर सहमति जताई है.

यह सौदा आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा स्वामित्व लेनदेन माना जा रहा है, जो लीग की वैश्विक ताकत को और मजबूत करता है. राजस्थान रॉयल्स आईपीएल की पहली ऐसी टीम बन गई है जिसकी कीमत 1 अरब डॉलर से अधिक आंकी गई है. हालांकि, स्वामित्व में बदलाव आईपीएल 2026 के बाद लागू होने की संभावना है.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

अभी मनोज बदाले हैं मालिक, 2008 में थी सबसे सस्ती टीम

इससे पहले टीम का स्वामित्व इमर्जिंग मीडिया वेंचर्स के पास था, जिसका नेतृत्व ब्रिटिश-भारतीय कारोबारी मनोज बदाले करते हैं. 2008 में आईपीएल के पहले सीजन से पहले इस फ्रेंचाइजी को मात्र 6.7 करोड़ डॉलर में खरीदा गया था, जो उस समय सबसे सस्ती टीम थी.

कल सोमानी के नेतृत्व वाले कंसोर्टियम (समूह) में वॉलमार्ट परिवार से जुड़े रॉब वॉलटन और फोर्ड परिवार से जुड़े हैम्प परिवार के सदस्य भी शामिल हैं. एरिजोना स्थित टेक उद्यमी कल सोमानी ने इन्ट्राएज, ट्रूयो डॉट एआई’ और एकेडेमियन जैसी कंपनियों की स्थापना की है.

काल ने बनाई है कई कंपनियां

काल सोमानी स्कॉट्सडेल (अमेरिका) स्थित उद्यमी हैं, जिनके पास आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, एड-टेक और डेटा प्राइवेसी के क्षेत्र में 15 साल से अधिक का अनुभव है. वह इंट्राएज और ट्रूयो के संस्थापक हैं और एआई गवर्नेंस के क्षेत्र में एक प्रमुख आवाज माने जाते हैं.

खेल जगत में उनका दखल भी तेजी से बढ़ रहा है. वे मोटर सिटी गोल्फ क्लब के सह-मालिक हैं और टीजीएल गोल्फ लीग तथा टीएमआरडब्ल्यू स्पोर्ट्स जैसे उभरते उपक्रमों में निवेश कर चुके हैं.

इस कंसोर्टियम में हैं कई हाई-प्रोफाइल इन्वेस्टर

सोमानी के कंसोर्टियम को कई हाई-प्रोफाइल निवेशकों का समर्थन प्राप्त है. इनमें रॉब वाल्टन शामिल हैं, जो वॉलमार्ट परिवार के उत्तराधिकारी और डेनवर ब्रॉन्कोस के मालिक हैं. उनकी कुल संपत्ति 110 अरब डॉलर से अधिक आंकी जाती है. इसके अलावा, फोर्ड परिवार से जुड़ी शीला फोर्ड हैम्प भी इस समूह का हिस्सा हैं, जो डेट्रॉइट लायंस की मालिक हैं.

तकनीक और खेल के क्षेत्र में मजबूत पकड़ रखने वाले सोमानी से उम्मीद है कि वे राजस्थान रॉयल्स को एक नई, तकनीक-आधारित वैश्विक रणनीति की ओर ले जाएंगे. इसमें ब्रांडिंग, फैन एंगेजमेंट और डिजिटल इनोवेशन पर खास ध्यान दिया जाएगा.

गौरतलब है कि सोमानी 2021 से ही राजस्थान रॉयल्स से जुड़े हुए हैं और उन्होंने पहले भी आईपीएल के दीर्घकालिक विकास पर भरोसा जताया था.

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम को लीड कर रहे हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. ज्यादातर वक्त क्रिकेट पर लिखते, समीक्षा करते और समझते हुए बीता है. साल 2008 में IPL के साथ करियर की शुरुआत हुई. तब Iplnewsonline.com की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद हिंदीलोक डॉट कॉम की जिम्मेदारी लंबे वक्त तक अकेले ही संभाली. फिर प्लानमैन मीडिया की TheSundayIndian.com की हिंदी वेबसाइट को लीड किया. भारत मल्होत्रा के सफर का अगला पड़ाव दैनिक जागरण की हेल्थ वेबसाइट ओन्ली माई हेल्थ रहा. यहां करीब ढाई साल तक हिंदी वेबसाइट की अगुआई की. इस दौरान साइट को नए सिरे से तैयार करना. इसके कॉन्टेंट और स्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किया. नतीजा, उस दौरान यह हेल्थ के क्षेत्र में भारत की नंबर वन वेबसाइट बनी. यहां संपादकीय के साथ-साथ प्रॉडक्ट, तकनीक और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में भी सहयोग दिया. फरवरी 2015 में भारत मल्होत्रा NBT.in से जुड़े. यहां 7 साल से अधिक समय तक स्पोर्टस टीम के लीड रहे. इस दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 और फीफा वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, कई IPL सीजन, ओलिंपिक 2016 और 2020, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में टीम की अगुआई की.

Editor's Pick