- Home
- News
- Who is Saurabh Dubey Dismissed rohit sharma and Surya Kumar Yadav in KKR VS MI IPL 2026 Match
रोहित और सूर्या का किया शिकार, कौन हैं सौरभ दुबे जिन्होंने MI को किया पस्त ?
सौरभ दुबे ने आईपीएल 2026 में तीन मैच खेले हैं. उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में जोस बटलर का विकेट भी हासिल किया था.
Published On May 20, 2026, 09:20 PM IST
Last UpdatedMay 20, 2026, 09:20 PM IST
Saurabh Dubey
Who is Saurabh Dubey: आईपीएल 2026 में बुधवार को कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस की टीम आमने- सामने हुई. इस मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के गेंदबाज सौरभ दुबे ने गेंद से कहर बरपा दिया. सौरभ दुबे ने इस मैच में पहले दिग्गज रोहित शर्मा और फिर उसके बाद भारत के टी-20 के कप्तान सूर्य कुमार यादव को अपना शिकार बनाया.
आईपीएल में अपना तीसरा मैच खेल रहे बाएं हाथ के लंबे कद के गेंदबाज सौरभ दुबे ने पावरप्ले में अपने स्पेल के पहले ओवर में रियान रिकेल्टन और रोहित शर्मा के सामने सिर्फ तीन रन दिए. उन्होंने अपनी गेंदबाजी से रोहित शर्मा को काफी परेशान किया.
रोहित शर्मा- सूर्य कुमार यादव का किया शिकार
मुंबई इंडियंस की पारी के चौथे ओवर में सौरभ दुबे को पहली सफलता मिली. सौरभ दुबे ने ऑफ स्टंप की लाइन में फुलर गेंद फेंकी, जिसे रोहित शर्मा ने डीप मिड विकेट की तरफ हवा में पुल किया. गेंद सर्किल के बाहर हवा में चली गई. ग्रीन ने मिड ऑन से मिड विकेट की तरफ दौड़ते हुए गए और सर्किल के बाहर एक बेहतरीन रनिंग कैच लपका. वहां पर पॉवेल भी थे लेकिन ग्रीन ने हवा में उछलते हुए कैच को पूरा किया. दोनों खिलाड़ी आपस में टकराने से बचे. रोहित शर्मा 15 रन बनाकर आउट हुए.
इसके बाद सौरभ दुबे ने सूर्या को बोल्ड किया. सूर्य कुमार यादव ऑफ स्टंप के बाहर फुलर लेंथ की गेंद को क्रीज में खड़े-खड़े ही दूर से ही ड्राइव का प्रयास, लेकिन गेंद ने बल्ले का अंदरूनी किनारा लिया और उसके बाद सीधा स्टंप में जा लगी. सूर्या ने भी 15 रन की पारी खेली. रोहित और सूर्या का विकेट लेने का बाद सौरभ दुबे की जमकर तारीफ हो रही है.
कौन हैं सौरभ दुबे ?
28 साल के सौरभ दुबे बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं, जो महाराष्ट्र के वर्धा से आते हैं. 6 फीट 5 इंच के सौरभ दुबे घरेलू क्रिकेट में विदर्भ का प्रतिनिधित्व करते हैं. IPL 2026 के बीच में कोलकाता नाइट राइडर्स ने चोटिल खिलाड़ी आकाश दीप की जगह उन्हें अपनी टीम में शामिल किया था. 2023 के बाद उन्होंने घरेलू क्रिकेट भी नहीं खेला था, मगर केकेआर ने इस तेज गेंदबाज पर भरोसा जताकर हैरान कर दिया था. वह आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद का हिस्सा रहे थे, मगर वहां उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिल सका था. चोट लगने की वजह से वह सीजन शुरू होने से पहले टीम से बाहर हो गए थे.
दुबे पहली बार 2019 में सुर्खियों में आए थे, जब वह इमर्जिंग टीम्स एशिया कप में भारत के लिए सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने थे. आईपीएल डेब्यू करने से पहले दुबे ने सीनियर लेवल पर सिर्फ़ 11 मैच खेले थे, जिसमें आठ लिस्ट ए और तीन टी-20 मैच शामिल था. आठ लिस्ट ए में उनके नाम 16 विकेट है. विदर्भ T20 लीग में ऑरेंज टाइगर्स के लिए खेलते हुए उन्होंने काफी प्रभावित किया था.
VIDEO: एक ओवर में चटकाए दो विकेट, फिर 33 मीटर की दौड़ लगाकर कैमरन ग्रीन ने लपका हैरतअंगेज कैच
आरसीबी के खिलाफ किया आईपीएल डेब्यू
सौरभ दुबे ने आईपीएल 2026 में आरसीबी के खिलाफ रायपुर में अपना डेब्यू मैच खेला. उन्होंने अब तक तीन आईपीएल मैच खेले हैं, जिसमें उनके नाम तीन विकेट है.