add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

कौन हैं SRH का युवा खिलाड़ी शिवांग कुमार, पिता ने दाएं से बनाया बाएं हाथ का गेंदबाज, 5 महीने क्रिकेट छोड़ा, फिर धोनी कनेक्शन से हुई वापसी

आखिर शिवांग कुमार कौन हैं. सनराइजर्स हैदराबाद के इस स्पिनर की कहानी पूरी फिल्मी है. और फिल्म से ही प्रेरित है. पिता की लगन और मेहनत का नतीजा है शिवांग कुमार की कहानी.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - April 2, 2026 8:34 PM IST

सनराइजर्स हैदराबाद ने कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ आईपीएल 2026 के छठे मैच में शिवांग कुमार को शामिल किया है. बाएं हाथ के इस कलाई के स्पिनर को कोलकाता के ईडन गार्डंस मैदान पर गुरुवार, 2 अप्रैल को खेले जा रहे मैच में केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीता. रहाणे की टीम में कोई बदलाव नहीं है. लेकिन ईशान किशन की कप्तानी वाली इस टीम में ईशान मलिंगा की जगह शिवांग को टीम में शामिल किया गया. मलिंगा ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ टीम के पहले मैच में 35 रन दिए थे.

शिवांग को भारत का नूर अहमद कहा जाता है. अपनी कलाई के जूदा से वह बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें पैदा करते हैं और साथ ही निचले क्रम में उपयोगी बल्लेबाजी भी कर लेते हैं. शिवांग अभी अनकैप्ड प्लेयर हैं. वह मध्य प्रदेश के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते हैं. और घरेलू क्रिकेट में वाइट बॉल फॉर्मेट में उन्होंने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है. सनराइजर्स हैदराबाद ने 23 साल के इस गेंदबाज को मिनी-ऑक्शन में 30 लाख रुपये देकर खरीदा था.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

शिवांग ने इस साल की शुरुआत में विजय हजारे ट्रॉफी में कमाल का खेल दिखाया था. मध्य प्रदेश के लिए उन्होंने तीन मैचों में 10 विकेट लिए थे. 50 ओवर के इस घरेलू टूर्नामेंट में उन्होंने तीन मैचों में 5.16 के इकॉनमी रेट से गेंदबाजी की थी. कर्नाटक के खिलाफ मैच में उन्होंने पारी में पांच विकेट लिए थे. अहमदबाद में खेले गए मैच में उनकी फिरकी ने कमाल किया था.

उन्होंने अभी तक चार टी20 मैच खेले हैं. शिवांग ने इनमें 8.05 के इकॉनमी रेट से चार विकेट लिए हैं. उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 25 रन देकर तीन विकेट लिए हैं. उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में ईडन गार्डंस मैदान पर खेले गए मैच में बिहार के खिलाफ यह प्रदर्शन किया था.

आईपीएल में कैसे बनाई जगह


आईपीएल 2026 की नीलामी से पहले शिवांग पंजाब किंग्स, मुंबई इंडियंस और राजस्थान रॉयल्स के ट्रायल का हिस्सा बने थे. सभी ने उनकी तारीफ की थी. सनराइजर्स ने भी उन्हें दो बार बुलाया था लेकिन वह सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के साथ तारीखें टकराने और सेशन कैंसिल होने की वजह से वह इसका हिस्सा नहीं बन पाए थे.

शिवांग को कई टीमों की ओर से सकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिल रही थीं. और ऐसे में शिवांग को यकीन था कि वह जल्द ही आईपीएल में जगह बना लेंगे. और आखिर में वह ऑरेंज आर्मी का हिस्सा बने.

क्या करते हैं शिवांग के पिता

शिवांग के पिता प्रवीण कुमार, रेलवे में कर्मचारी है. और उन्होंने ही नन्हे शिवांग को क्रिकेट से रूबरू करवाया. प्रवीण खुद भी बंगाल के लिए रणजी ट्रॉफी खेल चुके थे. मध्य प्रदेश में एक शहर है रीवा. शिवांग वहीं के रहने वाले हैं. इसी इलाके से कुलदीप सेन और ईश्वर पांडे पहले आईपीएल में खेल चुके हैं. शिवांग के पिता ने उनकी शुरुआती कोचिंग की.

शिवांग के पिता, प्रवीण कुमार ने एक बड़ा फैसला लिया. उन्होंने अपने बेटे को दाएं हाथ के लेग स्पिनर से बाएं हाथ के स्पिनर में बदला. शिवांग हालांकि कुदरती रूप से दाएं हाथ के खिलाड़ी हैं. लेकिन शिवांग ने भी बाद में अपने पिता के इस फैसले की तारीफ की और इसे एक मास्टर-पीस बताया.

वह अंडर-14 टीम में जगह नहीं बना पाए थे और फिर उन्होंने पांच महीनों के लिए क्रिकेट छोड़ दिया था. हालांकि महेंद्र सिंह धोनी की बायोपिक के प्रभाव और भाई की प्रेरणा से शिवांग क्रिकेट में फिर लौटे.