- क्रिकेट न्यूज़
- News
- who will be kolkata knight riders captain in ipl 2023 watch list
IPL 2023: अय्यर नहीं तो कौन? किसे मिलेगी कोलकाता की कमान, दौड़ में हैं दो कैरेबियाई नाम
श्रेयस अय्यर चोटिल हैं. मैदान पर वापसी कब होगी यह तय नहीं. और आईपीएल शुरू होने में अब बस कुछ ही दिन बचे हैं. कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) 1 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलेगी. ये मुकाबला 3:30 बजे से मोहाली में खेला जाएगा.
Published On Mar 23, 2023, 01:58 PM IST
Last UpdatedMar 23, 2023, 01:58 PM IST
नई दिल्ली: कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान श्रेयस अय्यर की चोट काफी गंभीर है. वह कब तक मैदान पर वापसी कर पाएंगे यह एक बड़ा सवाल है. कहा जा रहा है कि वह वह इस सीजन के आईपीएल के कम से कम शुरुआती आधे हिस्से से गायब रहेंगे. अंग्रेजी अखबार ईएसपीएनक्रिकइंफो की खबर के मुताबिक अय्यर ने सर्जरी नहीं करवाने का फैसला किया है लेकिन उनका रीहैब जारी रहेगा. अय्यर को बॉर्डर-गावस्कर टेस्ट सीरीज के आखिरी मैच में चोट लगी थी. अहमदाबाद में लगी चोट के बाद अय्यर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में भी नहीं खेल पाए थे.
अय्यर की मैदान पर वापसी कब होगी इस पर अभी कोई भी खुलकर कुछ नहीं कह रहा है. वह बीसीसीआई के मेडिकल स्टाफ की निगरानी में रहेंगे. नैशनल क्रिकेट अकादमी, बेंगलुरु में उनके स्वास्थ्य पर नजर रखी जाएगी. और उम्मीद की जा रही है कि वह कम से कम आईपीएल के शुरुआती मुकाबलों में तो नहीं खेल पाएंगे.
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि कोलकाता नाइट राइडर्स की कमान किस खिलाड़ी के हाथ में रहेगी. अय्यर की गैर-मौजूदगी में किसे केकेआर का कप्तान बनाया जाएगा. चूंकि ऐसी उम्मीद है कि लीग के बीच में अय्यर की मैदान पर वापसी हो सकती है ऐसे में टीम कार्यवाहक कप्तान बनाने की योजना पर भी विचार कर सकती है. टीम की कोशिश ऐसे खिलाड़ी पर दांव लगाने की है जो अच्छा मैन-मैनेजर हो, अच्छा वक्ता हो, टीम के साथियों को लीड कर सके और मैच में दबाव के दौरान खिलाड़ियों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवा सके.
तीन खिलाड़ियों के नाम सामने आ रहे हैं जो कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान बन सकते हैं. टीम प्रबंधन की नजरें इन 3 खिलाड़ियों पर लग रही है. इसमें सुनील नरेन, नीतीश राणा और आंद्रे रसल के नाम पर चर्चा हो रही है.
सुनील नरेन की बात करें तो वह 2012 से कोलकाता की टीम का हिस्सा हैं. वह कोलकाता की टीम के सबसे कामयाब खिलाड़ियों में रहे हैं. हाल ही में यूएई में खेली गई पहली आईएलटी20 लीग में उन्होंने अबु धाबी नाइट राइडर्स की कप्तानी की थी. हालांकि बौतर कप्तान उनका प्रदर्शन बहुत खराब रहा. टीम ने आठ मैच हारे और सिर्फ एक ही मैच जीता. छह टीमों के टूर्नमेंट में उनकी टीम सबसे निचले पायदान पर रही.
वहीं नीतीश राणा ने हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने 12 मैचों में कप्तानी की. इसमे से दिल्ली की टीम ने 8 मैच जीते और चार में टीम को हार मिली. दिल्ली के रहने वाले इस मिडल-ऑर्डर बैटर के पास लंबा अनुभव है और टीम के लिए कई उपयोगी पारियां खेल चुके हैं.
आंद्रे रसल की बात करें तो कोलकाता नाइट राइडर्स का यह ऑलराउंडर टीम के सबसे बड़े मैच विजेताओं में शामिल हैं. लोअर-मिडल ऑर्डर में उन्होंने कोलकाता को कई बार मुश्किल से निकाला है. हालांकि फिटनेस उनके लिए एक समस्या हो सकती है.
KKR का IPL 2023 शेड्यूल
पहला मैच: 1 अप्रैल vs पंजाब किंग्स (3:30 PM)
दूसरा मैच: 6 अप्रैल vs रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (7:30 PM)
तीसरा मैच: 9 अप्रैल vs गुजरात टाइटन्स (3:30 PM)
चौथा मैच: 14 अप्रैल vs सनराइजर्स हैदराबाद (7:30 PM)
पांचवा मैच: 16 अप्रैल vs मुंबई इंडियंस (3:30 PM)
छठा मैच: 20 अप्रैल vs दिल्ली कैपिटल्स (7:30 PM)
7वां मैच: 23 अप्रैल vs चेन्नई सुपर किंग्स (7:30 PM)
8वां मैच: 26 अप्रैल vs रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (7:30 PM)
9वां मैच: 29 अप्रैल vs गुजरात टाइटन्स (3:30 PM)
10वां मैच: 4 मई vs सनराइजर्स हैदराबाद (7:30 PM)
11वां मैच: 8 मई vs पंजाब किंग्स (7:30 PM)
12वां मैच: 11 मई vs राजस्थान रॉयल्स (7:30 PM)
13वां मैच: 14 मई vs चेन्नई सुपर किंग्स (7:30 PM)
14वां मैच: 20 मई vs लखनऊ सुपर जायन्ट्स (7:30 PM)