SRH के खिलाफ क्यों काली पट्टी बांधकर खेलने उतरे पंजाब किंग्स के खिलाड़ी ?
अभिषेक शर्मा की 28 गेंद में 74 रन की तूफानी पारी के बावजूद पंजाब किंग्स ने वापसी करते सनराइजर्स हैदराबाद को छह विकेट पर 219 रन के स्कोर पर रोक दिया.
Published On Apr 11, 2026, 06:22 PM IST
Last UpdatedApr 11, 2026, 06:22 PM IST
Punjab Kings Black armband
आईपीएल 2026 में शनिवार को पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद की टीम आमने-सामने हुई. इस मैच में पंजाब किंग्स के खिलाड़ी ब्लैक आर्मबैंड पहनकर मैदान पर उतरे. पंजाब किंग्स के खिलाड़ियों ने वृंदावन नाव हादसे के पीड़ितों के प्रति सम्मान और श्रद्धांजलि के तौर पर काली पट्टियां पहनीं. पीड़ितों में से कई पंजाब के अलग-अलग इलाकों, खासकर लुधियाना और मुक्तसर के रहने वाले थे.
शुक्रवार को हुई इस घटना में 10 लोगों की मौत हो गई थी, जिसमें सात महिलाएं थी. वृंदावन में केशी घाट के पास यमुना नदी में लगभग 30 से 37 तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक मोटर वाली नाव पलट गई, यह दुर्घटना तब हुई जब नाव का संतुलन बिगड़ गया और वह एक पोंटून पुल से टकरा गई. पंजाब किंग्स की टीम ने पीड़ितों को श्रद्धांजलि देने के लिए काली पट्टी बांधकर उतरने का फैसला लिया.
पंजाब किंग्स की टीम ने बनाए 219 रन
सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की 28 गेंद में 74 रन की तूफानी पारी के बावजूद पंजाब किंग्स ने वापसी करते सनराइजर्स हैदराबाद को छह विकेट पर 219 रन के स्कोर पर रोक दिया. बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद अभिषेक और ट्रेविस हेड (23 गेंद में 38 रन) ने पंजाब किंग्स के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए पहले विकेट के लिए 50 गेंद में 120 रन की साझेदारी निभाई. विजयकुमार विशाक के पहले ही ओवर में अभिषेक ने चार छक्के जड़ दिए, अभिषेक ने इसी ओवर में 18 गेंद में अपना अर्धशतक भी पूरा किया.
शशांक सिंह (तीन ओवर में 20 रन देकर दो विकेट) की बदौलत पंजाब ने वापसी की जिन्होंने एक ही ओवर में दोनों सलामी बल्लेबाजों को आउट कर दिया. नौवें ओवर की शुरुआत में बिना विकेट गंवाए 120 रन पर पहुंचने वाली सनराइजर्स हैदराबाद की टीम 220 रन के अंदर ही सिमट गई.