RCB लीग स्टेज में CSK से खेलेगी सिर्फ एक मैच, मगर MI से दो बार भिड़ेगी, जानें कैसे तय होता है शेड्यूल
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को आरसीबी के खिलाफ मैच में हार का सामना करना पड़ा. चेन्नई सुपरकिंग्स की इस सीजन यह लगातार तीसरी हार है.
Published On Apr 06, 2026, 05:18 PM IST
Last UpdatedApr 06, 2026, 05:18 PM IST
RCB VS CSK
आईपीएल 2026 में आरसीबी और चेन्नई सुपर किंग्स की टीम रविवार को बेंगलुरु में आमने-सामने हुई. इस मैच में आरसीबी ने चेन्नई सुपरकिंग्स को 43 रन से हरा दिया. आरसीबी और चेन्नई की लीग स्टेज में यह पहली और आखिरी भिड़ंत थी. आरसीबी की टीम इस सीजन चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ लीग स्टेज में एक ही मैच खेलेगी, हालांकि टीम की मुंबई इंडियंस से दो बार भिड़ंत होगी. आरसीबी का चेन्नई से एक मैच और मुंबई से दो मैच क्यों खेलेगी, इसे विस्तार से जानते हैं.
दरअसल आईपीएल की शुरुआत से पहले ही दो ग्रुप डिसाईड किए जाते हैं. ग्रुप ए में पांच टीमें और ग्रुप बी में पांच टीमों को रखा गया है. इस बार ग्रुप ए में चेन्नई सुपरकिंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, राजस्थान रॉयल्स, आरसीबी और पंजाब किंग्स की टीम है, वहीं ग्रुप बी में मुंबई इंडियंस, सनराइजर्स हैदराबाद, गुजरात टाइटंस, दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपरजायंट्स की टीम है.
अपने ग्रुप में शामिल टीम के खिलाफ एक ही मैच खेल सकती है टीमें
टीमें अपने ग्रुप में शामिल टीमों के खिलाफ सिर्फ एक ही मुकाबला खेल सकती है, वहीं दूसरे ग्रुप में शामिल टीमों के साथ उन्हें दो-दो मुकाबले खेलने होंगे. आरसीबी और चेन्नई की टीम एक ही ग्रुप में शामिल है, इसलिए दोनों टीमें लीग स्टेज में एक मैच में ही भिड़ेगी. वहीं चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम का मुंबई इंडियंस के खिलाफ दो मैच होगा.
आईपीएल 2026 में BCCI ने पिछले ग्रुप को बदल दिया, ताकि ज़्यादा हाई-प्रोफ़ाइल इंटर-ग्रुप मैच हो सकें, और साथ ही हर टीम के लिए 14 लीग मैच ही रखे गए. इंट्रा-ग्रुप मैच कम किए गए ताकि टीमें अपने ही ग्रुप की बाकी 4 टीमों के ख़िलाफ़ एक बार खेलेंगी. टीमें दूसरे ग्रुप की पांच टीमों के ख़िलाफ़ दो बार (होम और अवे) खेलेंगी.
आरसीबी और मुंबई के बीच भी होगा दो मुकाबला
आरसीबी और मुंबई के बीच भी दो मुकाबले खेले जाएंगे. 12 अप्रैल को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में दोनों टीमें आमने-सामने होगी. वहीं इसके बाद 10 मई को रायपुर (आरसीबी का दूसरा घरेलू मैदान) में दोनों टीमों की भिड़ंत होगी.
चेन्नई और मुंबई के बीच दो बार होगी भिड़ंत
चेन्नई सुपरकिंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच दो बार भिड़ंत होगी. दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला 23 अप्रैल को वानखेड़े स्टेडियम मुंबई में होगा, वहीं दोनों टीमों के बीच दूसरी भिड़ंत दो मई को चेपॉक में होगी. चेन्नई की टीम मुंबई इंडियंस के अलावा सनराइजर्स हैदराबाद, गुजरात टाइटंस, दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपरजायंट्स से भी दो-दो मैच खेलेगी.