• Home
  • News
  • Why Virat Kohli did not play for Delhi Daredevils in IPL Virender Sehwag reveals the secret

IPL में दिल्ली के लिए क्यों नहीं खेल पाए विराट कोहली, वीरेंद्र सहवाग ने कर दिया खुलासा

विराट कोहली दिल्ली से आते हैं लेकिन इंडियन प्रीमियर लीग वह इसकी फ्रैंचाइजी के लिए नहीं खेले. वह अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतकर आए थे लेकिन फिर भी दिल्ली की टीम ने उन्हें किस वजह से नहीं चुना था.

Edited By : Bharat Malhotra |Apr 16, 2026, 04:57 PM IST

Published On Apr 16, 2026, 04:57 PM IST

Last UpdatedApr 16, 2026, 04:57 PM IST

Virat Kohli and Virender sehwag

विराट कोहली दिल्ली से आते हैं लेकिन आईपीएल में वह दिल्ली के लिए कभी नहीं खेले पर क्यों

नई दिल्ली: विराट कोहली आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Virat Kohli in Royal Challengers Bengaluru) की ओर से खेलते हैं. लेकिन हैं वह दिल्लीवाले. लेकिन ऐसा क्या हुआ कि वह कभी आईपीएल (IPL) में दिल्ली की टीम का हिस्सा नहीं बने. आईपीएल का पहला सीजन 2008 में हुआ था. यह वही साल था जब विराट कोहली की कप्तानी ने भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप (Virat U-19 World Cup) जीता था. वह युवा सितारे थे लेकिन वह दिल्ली की टीम का हिस्सा नहीं बन पाए. इसके पीछे की कहानी दिल्ली से ही आने वाले एक और स्टार क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग (Virender Sehwag) ने सुनाई है.

क्रिकेटर से कॉमेंटेटर बने सहवाग अकसर अपने पुराने दिनों के किस्से सुनाते रहते हैं. उन्होंने बताया कि आखिर मौका मिलने के बाद भी उन्होंने क्यों विराट कोहली को दिल्ली की टीम का हिस्सा नहीं बनाया. तब दिल्ली की फ्रैंचाइजी का नाम दिल्ली डेयरडेविल्स (Delhi Daredevils) था. और इस टीम ने कोहली की जगह एक तेज गेंदबाज को चुना था.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

आखिर क्यों दिल्ली डेयरडेविल्स ने विराट कोहली को नहीं चुना?

जियोहॉटस्टार पर ‘चैंपियंस वाली कमेंट्री’ पर बात करते हुए सहवाग ने बताया कि क्यों आईपीएल के पहले सीजन (आईपीएल 2008) में दिल्ली डेयरडेविल्स ने विराट कोहली की जगह तेज गेंदबाज प्रदीप सांगवान को चुनने का फैसला किया था.

सहवाग ने कहा, ‘मुझे याद है. आईपीएल 2008 में दिल्ली डेयरडेविल्स में तिलकरत्ने दिलशान (Tillakaratne Dilshan) के साथ शिखर धवन (Shikhar Dhawan) भी हमारी टीम में थे. वे दोनों ओपनर थे, लेकिन हम उन्हें तीसरे और पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी कराते थे क्योंकि गौतम (Gautam Gambhir) और मैं पारी की शुरुआत करते थे. मनोज तिवारी (Manoj Tiwary) ने चौथे नंबर पर बल्लेबाजी की थी. हमारी टीम में बहुत सारे टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज थे, और उन सभी को बल्लेबाजी ऑर्डर में फिट करना मुश्किल हो रहा था. उस समय, विराट कोहली भी तीसरे या चौथे नंबर पर बल्लेबाजी कर रहे थे. इसलिए हमारे पास उन्हें लाने के लिए जगह नहीं थी. हमारे पास एक गेंदबाज की कमी थी, इसलिए हमने कोहली के बजाय प्रदीप सांगवान (Pradeep Sangwan) को लाने का फैसला किया.’

RCB पहुंचे विराट कोहली और तब से इसी टीम का हैं हिस्सा

दिल्ली सहवाग, गंभीर, शिखर की तरह ही विराट की भी घरेलू टीम थी, लेकिन आईपीएल 2008 में दिल्ली डेयरडेविल्स ने विराट को नहीं खरीदा. विराट इसी सीजन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का हिस्सा बने और आईपीएल 2026 में भी आरसीबी की तरफ से ही खेल रहे हैं. यह लगातार 19वां सीजन है, जब विराट RCB का हिस्सा हैं. यह आईपीएल का रिकॉर्ड है. किसी भी दूसरे खिलाड़ी ने किसी फ्रेंचाइजी के साथ इतना लंबा समय नहीं गुजारा. विराट की फॉर्म और फिटनेस को देखते हुए ऐसा लगता है कि कम से कम आईपीएल 2028 तक वह RCB का हिस्सा रहेंगे.

विराट ने लंबे समय तक आरसीबी की कप्तानी की है, और टीम की लोकप्रियता ब्रांड वैल्यू में उनका सबसे बड़ा योगदान है. आईपीएल 2025 में टीम को चैंपियन बनाने में उनका बल्ले से बड़ा योगदान रहा था. दिल्ली अब तक आईपीएल का खिताब नहीं जीत पाई है.

विराट कोहली का आईपीएल में कैसा है रिकॉर्ड

विराट कोहली अब आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने 272 मैचों की 264 पारियों में 8889 रन बनाए हैं. उनका बल्लेबाजी औसत 39.86 और स्ट्राइक रेट 133.40 का है. कोहली आईपीएल में 8 सेंचुरी और 65 हाफ सेंचुरी लगा चुके हैं.

BM

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम को लीड कर रहे हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. ज्यादातर वक्त क्रिकेट पर लिखते, समीक्षा करते और समझते हुए बीता है. साल 2008 में IPL के साथ करियर की शुरुआत हुई. तब Iplnewsonline.com की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद हिंदीलोक डॉट कॉम की जिम्मेदारी लंबे वक्त तक अकेले ही संभाली. फिर प्लानमैन मीडिया की TheSundayIndian.com की हिंदी वेबसाइट को लीड किया. भारत मल्होत्रा के सफर का अगला पड़ाव दैनिक जागरण की हेल्थ वेबसाइट ओन्ली माई हेल्थ रहा. यहां करीब ढाई साल तक हिंदी वेबसाइट की अगुआई की. इस दौरान साइट को नए सिरे से तैयार करना. इसके कॉन्टेंट और स्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किया. नतीजा, उस दौरान यह हेल्थ के क्षेत्र में भारत की नंबर वन वेबसाइट बनी. यहां संपादकीय के साथ-साथ प्रॉडक्ट, तकनीक और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में भी सहयोग दिया. फरवरी 2015 में भारत मल्होत्रा NBT.in से जुड़े. यहां 7 साल से अधिक समय तक स्पोर्टस टीम के लीड रहे. इस दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 और फीफा वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, कई IPL सीजन, ओलिंपिक 2016 और 2020, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में टीम की अगुआई की.

Editor's Pick