×

WI vs PAK: बारिश के नाम हुआ तीसरा टी20 मैच, पाकिस्तान 1-0 से आगे

4 टी20 मैचों की सीरीज के 2 मैच बारिश से ही धुल गए हालांकि पाकिस्तान ने 1-0 की बढ़त हासिल की हुई है.

user-circle cricketcountry.com Written by Arun Kumar
Last Published on - August 2, 2021 2:46 PM IST

वेस्टइंडीज दौरे पर गई पाकिस्तान (Pakistan Tour of West Indies) टीम को टी20 वर्ल्ड कप से पहले अपनी तैयारियों को लेकर थोड़ा सा निराश होना पड़ सकता है. पाकिस्तान की टीम यहां मेजबान टीम के खिलाफ 4 टी20 मैचों की सीरीज खेलने गई है. लेकिन सीरीज का तीसरा मैच भी बारिश की भेंट चढ़ गया. इससे पहले सीरीज का पहला मैच भी बारिश के नाम रहा था. हालांकि 4 मैच की इस सीरीज में पाकिस्तान ने दूसरे टी20 मैच में जीत दर्ज की थी, जिसकी बदौलत वह फिलहाल सीरीज में 1-0 से आगे है.

अब मेजबान विंडीज के लिए चौथा और अंतिम मुकाबला करो या मरो की स्थिति जैसा हो गया है. अगर वेस्टइंडीज की टीम सीरीज का अंतिम मुकाबला जीतने में कामयाब होती है तो वह सीरीज को 1-1 की बराबरी पर खत्म करने में कामयाब हो जाएगी और अगर हार जाती है तो उन्हें सीरीज गवानी पड़ेगी. अगर चौथे मैच में भी बारिश ने खलल डाल दिया और उसे रद्द करना पड़ा तो भी उसके हाथ से यह सीरीज फिसल जाएगी.

तीसरे मैच में विंडीज के कप्तान कीरोन पोलार्ड ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया. खेल 8 आठ गेंद ही फेंकीं गई, जिसमें वेस्टइंडीज के सलामी बल्लेबाज आंद्रे फ्लेचर ने 6 गेंदो पर 2 छक्के की मदद से 14 रन बनाए और दूसरे छोर से बल्लेबाजी कर रहे क्रिस गेल ने एक रन का योगदान दिया.

जब वेस्टइंडीज का स्कोर 1.2 ओवर में बिना विकेट खोए 15 रन था, तब बारिश ने खलल डाली और फिर करीब डेढ घंटे तक लगातार बारिश होने के चलते खेल होने के सारे आसार खत्म हो गए. अब दोनो टीमों के बीच सीरीज का अगला और अंतिम मुकाबला बुधवार को खेला जाएगा.