WI vs SA: रोमांचक T20 मैच में सिर्फ 1 रन से हारा वेस्टइंडीज, साउथ अफ्रीका ने सीरीज में बनाई 2-1 की बढ़त

WI vs SA: रोमांचक T20 मैच में सिर्फ 1 रन से हारा वेस्टइंडीज, साउथ अफ्रीका ने सीरीज में बनाई 2-1 की बढ़त

Edited By : India.com Staff |Jun 30, 2021, 09:24 AM IST

Published On Jun 30, 2021, 09:24 AM IST

Last UpdatedJun 30, 2021, 09:24 AM IST

साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही टी20 सीरीज में मंगलवार को एक बार फिर दोनों टीमों में कांटे की टक्कर देखने को मिली. 168 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम यहां मात्र 1 रन से हार गई. अगर किसी तरह विंडीज की टीम ने यह एक रन जुटा लिया होता तो फिर मैच का नतीजा सुपर ओवर से होता. लेकिन अंतिम ओवर फेंकने आए कगिसो रबाडा ने ऐसा होने नहीं दिया.

ग्रेनाडा के नेशनल क्रिकेट स्टेडियम में इस टारगेट का पीछा करने उतरी मेजबान टीम को इविन लुईस (27) और लिंडल सिमंस (22) की जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई थी. दोनों बल्लेबाजों ने ओपनिंग साझेदारी के लिए 55 रन जोड़ लिए थे. लेकिन अगले 2 रन के भीतर दोनों बल्लेबाज पवेलियन में थे. विंडीज की टीम ने इस मैच में अनुभवी बल्लेबाज क्रिस गेल को आराम दिया था तो ऐसे में नंबर 3 पर खेलने के लिए जेसन होल्डर को भेजा. हालांकि होल्डर 11 गेंदों में सिर्फ 16 रन ही बनाकर आउट हो गए.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

जल्दी ही शिमरॉन हेटमायर (17) तबरेज शम्सी का शिकार बन गए. टीम को अपने कप्तान कीरोन पोलार्ड से एक ठोस पारी की उम्मीद थी. लेकिन उन्होंने रबाडा ने 1 रन के निजी स्कोर पर बोल्ड कर दिया. इसके बाद आंद्रे रसल ने 16 गेंदों पर 3 छक्कों की मदद से 25 रन बनाए लेकिन वह नोर्त्जे का पहला शिकार बने. अभी निकोल्स पूरन (27) अपनी टीम को जीत की डगर पर ले जा रहे थे लेकिन नोर्त्जे ने उन्हें LBW आउट कर अपनी टीम को बड़ी सफलता दिला दी.

मैच के अंतिम ओवर में 15 रन की दरकार थी और कप्तान टेंबा बवूमा ने कगिसो रबाडा को अटैक पर लगा दिया. पहली 4 गेंदों में रबाडा ने एक वाइड और एक चौका खाकर 7 रन लुटा दिए थे. अंतिम दो गेंदों पर 8 की दरकार थी लेकिन ओवर की 5वीं गेंद रबाडा की यॉर्कर को फैबियन एलन भांप नहीं पाए और यह गेंद खाली निकल गई. मैच की अंतिम गेंद पर एलन ने जोरदार छक्का तो जड़ दिया लेकिन विंडीज की टीम यहां 1 रन से मैच हार गई.

साउथ अफ्रीका की ओर से तबरेज शम्सी ने 4 ओवर में मात्र 13 रन देकर 2 विकेट लिए. इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया. एनरिच नोर्त्जे ने भी 29 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि जॉर्ज लिंडे, लुंगी एंगिडी और कगिसो रबाडा ने एक-एक विकेट अपने नाम किया.

इससे पहले विंडीज के कप्तान पोलार्ड ने टॉस जीतकर मेहमान साउथ अफ्रीका को पहले बैटिंग का न्योता दिया. शानदार फॉर्म में चल रहे विकेटकीपर बल्लेबाज क्विंटन डि कॉक ने 51 गेंदों की पारी में उम्दा 72 रन बनाए. इस पारी में उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के भी जमाए. इसके अलावा रीजा हेनरीक्स (17) और एडिन मार्करम (23) ने उपयोगी योगदान दिया. डेविड मिलर (2) और टेंबा बवूमा (1) एक बार फिर फ्लॉप रहे लेकिन रासी वैन डेन ड्यूसन 24 बॉल में 32 रन महत्वपूर्ण पारी खेलकर अपनी टीम के स्कोर को 167 के फाइटिंग स्कोर तक पहुंचा दिया.

विंडीज की ओर से ओब्ड मैक्कॉय ने 22 रन देकर 4 विकेट उखाड़े, जबकि अनुभवी ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो ने 4 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए.

Editor's Pick