- क्रिकेट न्यूज़
- News
- wi vs sa t20i series west indies beat south africa by 8 wickets and take 1-0 lead
WI vs SA T20i सीरीज: पहले मैच में वेस्टइंडीज ने साउथ अफ्रीका को 8 विकेट से धोया
वेस्टइंडीज की टीम ने इविन लुईस की धमाकेदार फिफ्टी की बदौलत महज 15 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया.
Published On Jun 27, 2021, 11:02 AM IST
Last UpdatedJun 27, 2021, 11:02 AM IST
वेस्टइंडीज vs साउथ अफ्रीका T20I सीरीज @windiescricketTwitter
WI vs SA T20i series, West Indies Beat South Africa: साउथ अफ्रीका के हाथों टेस्ट सीरीज 2-0 से गंवाने के बाद वेस्टइंडीज की टीम ने पहले टी20 मैच में उसे मजेदार ढंग से हार का स्वाद चखा दिया है. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी का निमंत्रण पाने वाली साउथ अफ्रीका ने उसे 161 रन की चुनौती दी थी, जिसे मेजबान टीम ने इविन लुईस (Evin Lewis) की धमाकेदार फिफ्टी की बदौलत 15 ओवर में ही हासिल कर लिया. मेजबान टीम ने यहां 8 विकेट से यह शानदार जीत दर्ज की. अब 5 मैचों की इस टी20 सीरीज में वह 1-0 से आगे है.
टॉस जीतने के बाद वेस्टइंडीज ने साउथ अफ्रीका को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया था, जिसके बाद मेहमान टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 160 रन ही बना सकी. वेस्टइंडीज ने इसके जवाब में लुईस की 35 गेंद में 71 रन की पारी की बदौलत यहां एकतरफा जीत दर्ज की. लुईस ने आंद्रे फ्लेचर (30) के साथ पहले विकेट के लिए 85 और क्रिस गेल (32*) के साथ दूसरे विकेट के लिए 39 रन की साझेदारी करके वेस्टइंडीज की जीत का मजबूत आधार रखा. आंद्रे रसेल ने भी 12 गेंद में नाबाद 23 रन बनाए. लुईस ने अपनी पारी में 4 चौके और 7 छक्के लगाए.
वेस्टइंडीज की पारी में कुछ 15 छक्के लगे. शनिवार को हुआ यह मुकाबला 2016 टी20 वर्ल्ड कप के बाद दोनों टीमों के बीच पहला टी20 मुकाबला था. वेस्टइंडीज ने 2016 टी20 वर्ल्ड कप जीता था. इससे पहले साउथ अफ्रीका की शुरुआत अच्छी रही. फॉर्म में चल रहे क्विंटन डिकॉक (24 गेंद में 37 रन) और रेसी वान डेर डुसेन (38 गेंद में नाबाद 56) की पारियों की बदौलत टीम 11वें ओवर में दो विकेट पर 95 रन बनाकर अच्छी स्थिति में थी.
टीम ने हालांकि इसके बाद नियमित अंतराल पर विकेट गंवाए और बड़ा स्कोर खड़ा करने में नाकाम रही. वेस्टइंडीज की ओर से फाबियान एलेन ने 18 रन देकर दो जबकि ड्वेन ब्रावो ने 30 रन देकर दो विकेट चटकाए.