- क्रिकेट न्यूज़
- News
- wi vs sa test west indies bowled out for just 97 as lungi ngidi and nortje shines
WI vs SA: एनगिडी और नोर्त्जे के सामने वेस्टइंडीज नतमस्तक, सिर्फ 97 पर ढेर हुई पहली पारी
वेस्टइंडीज ने यहां टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया था. लेकिन लुंगी एनगिडी और एनरिच नोर्त्जे की जोड़ी ने उसका यह फैसला गलत साबित कर दिया.
Published On Jun 11, 2021, 12:41 PM IST
Last UpdatedJun 11, 2021, 12:41 PM IST
विकेट लेने के बाद साथी खिलाड़ियोें के साथ एनरिच नोर्त्जे @ICCTwitter
साउथ अफ्रीका के खिलाफ दो टेस्ट की सीरीज का आगाज करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम के लिए सीरीज का आगाज अच्छा नहीं रहा है. पहले टेस्ट मैच के पहले ही दिन उसकी पहली पारी मात्र 97 रन पर सिमट गई. साउथ अफ्रीका की ओर से तेज गेंदबाज एनरिच नोर्त्जे और लुंगी एनगिडी की जोड़ी ने ऐसा कहर बरपाया कि विंडीज के बल्लेबाज पूरी पारी के दौरान संभल ही नहीं पाए. एनगिडी ने 19 रन देकर 5 विकेट अपनी झोली में डाले, जबकि नोर्त्जे ने चार विकेटों पर अपना नाम लिखा शेष एक विकेट कगिसो रबाडा ने अपने नाम किया.
एनगिडी ने अपने करियर में दूसरी बार पारी में पांच विकेट लेने का कारनामा किया. इससे पहले उन्होंने 2018 में भारत के खिलाफ पदार्पण मैच में 5 विकेट लिए थे. वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया लेकिन उसकी पूरी टीम 40.5 ओवर में आउट हो गई. पहले दिन का खेल समाप्त होने तक साउथ अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में 4 विकेट पर 128 रन बनाए हैं. इस तरह से उसने मेजबान टीम पर 31 रन की बढ़त हासिल कर ली है. साउथ अफ्रीका का यह 11 वर्षों में पहला कैरेबियाई दौरा है.
पूर्व कप्तान जैसन होल्डर ने वेस्टइंडीज की तरफ से सर्वाधिक 20 रन बनाए. एक समय उसका स्कोर बिना किसी नुकसान के 24 रन था लेकिन उसने 7 ओवर और 11 रन के अंदर 5 विकेट गंवा दिए. अपने पहले स्पैल में एक भी विकेट नहीं ले पाने वाले एनगिडी ने छोर बदलने पर 7 रन के अंदर 5 विकेट हासिल किए.
वेस्टइंडीज की समस्याएं यहीं पर समाप्त नहीं हुईं. बल्लेबाज नक्रमाह बोनर को सिर में चोट लगने के कारण इस मैच से ही हटना पड़ा. अब कीरेन पावेल उनकी जगह लेंगे. नोर्त्जे ने वेस्टइंडीज को शुरुआती झटके दिए. उन्होंने एक समय 8 रन देकर तीन विकेट लिए थे. शाई होप (15), कप्तान क्रेग ब्रैथवेट (15), बोनर (10) और काइल मायर्स (एक) सभी पहले सत्र में आउट हो गए थे.
साउथ अफ्रीका ने भी सलामी बल्लेबाज डीन एल्गर का विकेट पहले ओवर में गंवा दिया था। कीगन पीटरसन (19) भी ज्यादा देर तक नहीं टिक पाए. इसके बाद एडिन मार्कराम और रासी वान डर डुसेन ने तीसरे विकेट के लिए 79 रन जोड़े. मार्कराम दिन का खेल समाप्त होने से कुछ देर पहले 60 रन बनाकर आउट हुए. स्टंप उखड़ने के समय डुसेन 34 रन पर खेल रहे थे.