IPL 2026: क्या DC के खिलाफ खेलेंगे अंगकृष रघुवंशी ? जानें कनकशन सब्स्टीट्यूट पर आईपीएल का नियम
केकेआर का आखिरी मैच रविवार 24 मई को दिल्ली कैपिटल्स से होना है, इस मैच से पहले टीम को बड़ा झटका लगा है.
Published On May 22, 2026, 03:56 PM IST
Last UpdatedMay 22, 2026, 03:56 PM IST
Angkrish Raghuvanshi
कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने आईपीएल 2026 के आखिरी सात में छह मैच जीत दर्ज तक दमदार वापसी की है. केकेआर की टीम इस प्रदर्शन के बाद अभी भी प्लेऑफ की रेस में बनी हुई है. केकेआर का आखिरी मैच रविवार 24 मई को दिल्ली कैपिटल्स से होना है, इस मैच से पहले केकेआर के लिए बुरी खबर आई है. केकेआर के विकेटकीपर बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी के खेलने को लेकर सस्पेंस बना हुआ है, इसकी वजह आईसीसी से जुड़ा नियम है.
अंगकृष रघुवंशी को मुंबई इंडियंस के खिलाफ मैच में फील्डिंग के दौरान चोट लगी थी, मैच के बाद पूर्व ऑस्ट्रेलियाई स्टार शेन वॉटसन ने बताया कि अंगकृष की गर्दन में भी दर्द था, जिसके चलते कनकशन सब्स्टीट्यूट का इस्तेमाल किया गया. कनक्शन सब्स्टीट्यूट के रूप में तेजस्वी दहिया मैदान पर उतरे, जिन्होंने विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी दोनों की जिम्मेदारी संभाली.
शानदार फॉर्म में हैं रघुवंशी
अंगकृष रघुवंशी आईपीएल 2026 में शानदार फॉर्म में हैं. उन्होंने इस सीजन 13 मैच की 12 इनिंग में 146.52 की स्ट्राइक रेट से 422 रन बनाए हैं, जिसमें पांच अर्धशतक शामिल है.
क्या अंगकृष रघुवंशी होंगे अगले मैच से बाहर ?
आईसीसी के नए नियम के मुताबिक, कनकशन या सिर से जुड़ी चोट के मामले में खिलाड़ी को कम से कम 7 दिन तक किसी भी क्रिकेट गतिविधि से दूर रहना पड़ता है, मगर आईपीएल में यह नियम लागू नहीं होता है. आईपीएल के नियमों के मुताबिक, सिर में चोट लगने पर खिलाड़ी के लिए सात दिनों के आराम की शर्त नहीं है. आईपीएल नियम में कन्कशन सब्स्टीट्यूट की अनुमति है (मैच रेफरी की मंजूरी के साथ, लाइक-फॉर-लाइक रिप्लेसमेंट). मगर इसमें सात दिन का अनिवार्य ब्रेक लिखित रूप में नहीं है. ऐसे में अगर रघुवंशी फिट होते हैं तो वह दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मुकाबला खेल सकते हैं.
कैसे प्लेऑफ में पहुंचेगी केकेआर ?
मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीत के बाद केकेआर को उम्मीद करनी होगी पंजाब किंग्स की टीम शनिवार को लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ अपना मैच हार जाए, फिर उसकी निगाहें रविवार दोपहर को होने वाले राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के मुकाबले पर होंगी, जहां टीम राजस्थान रॉयल्स की हार की दुआ करेगी. अगर राजस्थान रॉयल्स की टीम वह मुकाबला हार जाती है और केकेआर की टीम रविवार शाम को लीग के आखिरी मैच में दिल्ली कैपिटल्स को हरा देती है तो केकेआर की टीम प्लेऑफ में पहुंच जाएगी.