IPL 2026: MS Dhoni की कब होगी मैदान पर वापसी, CSK के CEO ने दिया बड़ा जवाब
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम आईपीएल के इस सीजन में अभी तक अपने सबसे बड़े स्टार महेंद्र सिंह धोनी के बिना ही उतर रही है. और नतीजे उसके पक्ष में नहीं जा रहे हैं. धोनी क्या जल्द ही मैदान पर उतरेंगे? इसका जवाब फ्रैंचाइजी के सीईओ ने दिया है. धोनी फिलहाल पिंडलियों में चोट की वजह से मैदान से दूर हैं.
Published On Apr 08, 2026, 08:28 PM IST
Last UpdatedApr 08, 2026, 08:28 PM IST
महेंद्र सिंह धोनी की मैदान पर वापसी को लेकर आई बड़ी अपडेट
चेन्नई सुपर किंग्स और महेंद्र सिंह धोनी के फैंस के लिए बुरी खबर है. खबर यह है कि टीम के स्टार महेंद्र सिंह धोनी अभी कुछ समय और मैदान से दूर रहेंगे. फ्रैंचाइजी की ओर से यह साफ किया गया है कि यह अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज अभी मैदान पर वापसी नहीं कर रहा है. वह आईपीएल 2026 में अभी एक और मैच नहीं खेलेगा. यानी धोनी पिंडली की चोट से अभी तक उबरे नहीं हैं.
धोनी, सीजन की शुरुआत से ही नहीं खेल रहे हैं. और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले चेन्नई सुपर किंग्स के अगले मुकाबले में भी वह नहीं खेलेंगे. यह मैच 11 अप्रैल को खेला जाएगा. हाल ही में धोनी का एक वीडियो वायरल हो रहा था जिसमें वह नेट्स पर प्रैक्टिस कर रहे थे. इसके बाद यह कयास लगने लगे थे कि वह जल्द ही मैदान पर वापसी कर सकते हैं. इस वीडियो को देखकर फैंस काफी खुश हो गए थे. हालांकि धोनी के चाहने वालों को अपने पसंदीदा खिलाड़ी को ऐक्शन में देखने के लिए अभी थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा.
क्रिकबज की रिपोर्ट कहती है कि धोनी अभी मैदान पर नहीं उतर रहे हैं. क्रिकबज के साथ बातचीत में चेन्नई सुपर किंग्स के सीईओ काशी विश्वनाथन ने साफ किया कि धोनी की वापसी का कोई निश्चित समय नहीं है. उन्होंने कहा, ‘एमएस रीहैब से गुजर रहे हैं और इसमें अभी कुछ समय लगेगा. हम यह नहीं कह सकते कि कितना समय.’
चेन्नई को खटक रही है धोनी की कमी
महेंद्र सिंह धोनी की कमी चेन्नई सुपर किंग्स को खटक रही है. चेन्नई की टीम मैदान पर संघर्ष कर रही है. उसे स्थिरता नहीं मिल रही. टीम इंडिया के पूर्व कप्तान धोनी लंबे वक्त से फ्रैंचाइजी का आधार रहे हैं. धोनी सिर्फ एक खिलाड़ी के तौर पर ही अहम नहीं हैं. बल्कि उनका मैदान पर होना ही टीम को काफी प्रेरणा देता है. और साथ ही वह एक सलाहकार की तरह नजर आते हैं. वह परिस्थितियों को जिस तरह से देखते और समझते हैं वह कमाल है. और इसका फायदा चेन्नई सुपर किंग्स को होता रहा है.
धोनी के न होने से चेन्नई सुपर किंग्स को काफी नुकसान हुआ है. टीम अभी तक अपना खाता नहीं खोल पाई है. उसे राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी में 8 विकेट से, पंजाब किंग्स के खिलाफ घरेलू मैदान पर पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा. और फिर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ उसे 43 रन से हार मिली. फैंस को उम्मीद थी कि धोनी पंजाब किंग्स के खिलाफ मैच में खेलेंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ.
हालांकि, फैंस को उस वक्त भी उम्मीद बढ़ी जब सात अप्रैल को प्रैक्टिस करते हुए धोनी का एक वीडियो वायरल हुआ. इसमें धोनी नेट्स पर समय बिता रहे थे. इसमें उन्होंने कुछ लंबे-लंबे छक्के भी लगाए. यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था.