- क्रिकेट न्यूज़
- News
- With auction for ipl 2021 in mind bcci likely to conduct syed mushtaq ali trophy ahead of ranji trophy in january 4211899
IPL 2021 नीलामी से पहले इस T20 टूर्नामेंट का आयोजन करा सकती है BCCI, 3 फ्रेंचाइजी टीमों को होगा फायदा!
बंगाल क्रिकेट संघ राष्ट्रीय टी20 चैंपियनशिप के संभावित मेजबानों में से एक हो सकता है
Published On Nov 16, 2020, 07:58 AM IST
Last UpdatedNov 16, 2020, 07:58 AM IST
कोविड-19 (COVID-19) के कारण इस बार भारतीय का घरेलू क्रिकेट सीजन भी प्रभावित रहा. ऐसी संभावना है कि इंडियन प्रीमियर लीग-14 (IPL 14) की खिलाड़ियों की नीलामी को ध्यान में रखते हुए बोर्ड कोरोनावायरस महामारी के कारण संशोधित घरेलू सीजन की शुरुआत जनवरी में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (Syed Mushtaq Ali Trophy) के लिए राष्ट्रीय टी20 चैंपियनशिप के साथ कर सकता है.
बीसीसीआई (BCCI) पहले ही कुछ राज्य संघों को संकेत दे चुका है जहां कई मैदान और पांच सितारा होटल है जिससे कि कम से कम तीन टीमों के लिए जैविक रूप से सुरक्षित माहौल तैयार किया जा सके.
‘हां, इस साल की आईपीएल की नीलामी कम से कम दो या तीन टीमों के लिए महत्वपूर्ण है’
एक राज्य इकाई के अधिकारी ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर पीटीआई को बताया, ‘हां, इस साल की आईपीएल की नीलामी कम से कम दो या तीन टीमों के लिए महत्वपूर्ण है जिनके पास काफी अच्छे भारतीय खिलाड़ी नहीं हैं. इसलिए यह तार्किक है कि मुश्ताक अली ट्रॉफी का आयोजन रणजी ट्रॉफी से पहले हो.’
अधिकारी ने बताया कि बीसीसीआई ऐसे राज्य संघों पर गौर कर रहा है जहां कम से कम तीन मैदान हैं और पांच सितारा होटल की सुविधाएं भी करीब हैं.
’10 राज्य इकाइयों से संपर्क किया जाएगा’
उन्होंने कहा, ‘कम से कम 10 राज्य इकाइयों से संपर्क किया जाएगा और पूछा जाएगा कि क्या वे जैविक रूप से सुरक्षित माहौल तैयार कर सकते हैं. बीसीसीआई का मानना है कि अगर 10 में से छह इकाइयां भी सकारात्मक जवाब देती हैं तो फिर मुश्ताक अली ट्रॉफी का आयोजन दो हफ्ते की विंडो के दौरान हो सकता है और इसके बाद रणजी ट्रॉफी शुरू होगी.’
बंगाल क्रिकेट संघ (कैब) राष्ट्रीय टी20 चैंपियनशिप के संभावित मेजबानों में से एक हो सकता है क्योंकि उसके पास ईडन गार्डन्स, जेयू (सॉल्ट लेक) और कल्याणी के रूप में तीन स्टेडियम मौजूद हैं.