- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Women s T20 WORLD CUP India continue with No Handshake policy against Pakistan
IND VS PAK: पाकिस्तान के खिलाफ भारत ने जारी रखी नो-हैंडशेक पॉलिसी, टॉस के दौरान नहीं मिलाया हाथ
IND VS PAK: भारत ने महिला टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ नो-हैंडशेक पॉलिसी को जारी रखा है. पिछले साल पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद भारतीय सेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद से दोनों देशों की क्रिकेट टीमों ने टॉस और मैच के बाद ‘हाथ नहीं मिलाने’ की पॉलिसी अपनाई हुई है.
Published On Jun 14, 2026, 07:32 PM IST
Last UpdatedJun 14, 2026, 07:32 PM IST
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की बिना लिखी नीति को मानते हुए भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने रविवार को आईसीसी महिला टी20 विश्व कप में अपने पहले ग्रुप एक मैच से पहले टॉस के समय पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना से हाथ नहीं मिलाया.
पिछले साल पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद भारतीय सशस्त्र बलों के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद से दोनों देशों की क्रिकेट टीमों ने टॉस और मैच के बाद ‘हाथ नहीं मिलाने’ की नीति अपनाई हुई है. इसकी शुरुआत दुबई में हुए एशिया कप के दौरान भारत के पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने की थी जिन्हें अब कप्तानी से हटा दिया गया है.
टॉस के दौरान नहीं मिलाया हाथ
कोलंबो में हुए महिला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय विश्व कप मैच के दौरान भी भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर और फातिमा सना ने हाथ नहीं मिलाया था. जिसके बाद महिला टी20 विश्व कप 2026 में नो-हैंडशेक की पॉलिसी को टीम इंडिया ने जारी रखा है. भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले मैच में भी फातिमा सना से हैंडशेक नहीं किया. जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है.
भारत के टी20 विश्व कप के पहले मैच से एक दिन पहले जब मीडिया ने हरमनप्रीत से इस बारे में पूछा तो उन्होंने कहा था कि मुझे लगता है कि हम यहां क्रिकेट के लिए आए हैं और सिर्फ क्रिकेट के बारे में ही बात करते हैं. इसके अलावा किसी और चीज पर बात नहीं करते. क्रिकेट शुरू से ही हमारा सपना रहा है और हम सिर्फ क्रिकेट और कल के मैच के बारे में ही चर्चा करते हैं.
भारत की प्लेइंग इलेवन: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिगेज, हरमनप्रीत कौर, भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़, श्री चरणी और श्रेयंका पाटिल।
पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन: गुल फिरोजा, मुनीबा अली (विकेटकीपर), आयशा जफर, सायरा जबीन, आलिया रियाज, नतालिया परवेज, फातिमा सना (कप्तान), रमीन शमीम, नाशरा संधू, तस्मिया रुबाब और सादिया इकबाल।