महिला एशिया कप में भारतीय टीम की दूसरी जीत, मलेशिया को डकबर्थ लुईस नियम से 30 रन से हराया

भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सबभिनेनी मेघना के अर्धशतक से मलेशिया के सामने जीत के लिए 182 रन का लक्ष्य रखा था, बारिश की वजह से मलेशिया की टीम सिर्फ 5.2 ओवर ही खेल सकी.

Edited By : Akhilesh Tripathi |Oct 03, 2022, 04:56 PM IST

Published On Oct 03, 2022, 04:56 PM IST

Last UpdatedOct 03, 2022, 04:56 PM IST

INDW VS MLYW (Photo-BCCI Women Twitter)

महिला टी-20 एशिया कप 2022 में भारतीय महिला टीम ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की है. सोमवार को खेले गए मैच में भारत ने मलेशिया को डकबर्थ लुईस नियम को 30 रन से हरा दिया. बारिश की वजह से मैच पूरा नहीं खेला जा सका. भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सबभिनेनी मेघना के अर्धशतक से मलेशिया के सामने जीत के लिए 182 रन का लक्ष्य रखा था, बारिश की वजह से मलेशिया की टीम सिर्फ 5.2 ओवर ही खेल सकी. सबभिनेनी मेघना को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. भारतीय टीम अगला मुकाबला चार अक्टूबर को यूएई के खिलाफ खेलेगी.

इससे पहले मलेशिया की महिला टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया. भारतीय टीम के लिए ओपनर सबभिनेनी मेघना और शेफाली वर्मा ने विस्फोटक शुरूआत की. दोनों बल्लेबाजों ने 116 रन की पार्टनरशिप की. शेफाली वर्मा 39 गेंद में 46 रन (एक चौका, तीन छक्का) की पारी खेलकर आउट हुईं. शेफाली वर्मा के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने उतरीं ऋचा घोष ने भी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की. सबभिनेनी मेघना ने अर्धशतक जड़ा और 53 गेंद में 69 रन (11 चौका, एक छक्का) बनाए. किरण नवगिरे खाता भी नहीं खोल सकीं, वहीं राधा यादव ने सिर्फ आठ रन बनाए. ऋचा घोष 19 गेंद में 33 रन (पांच चौका, एक छक्का) और हेमलता 04 गेंद में 10 रन (एक चौका, एक छक्का) बनाकर नाबाद रहीं. भारतीय महिला टीम ने 20 ओवर में चार विकेट पर 181 रन बनाए.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

लक्ष्य का पीछा करने उतरी मलेशिया की टीम ने खराब शुरूआत की. पहले चार ओवर में मलेशिया ने दो विकेट गंवा दिए. एक विकेट दीप्ति शर्मा और एक विकेट राजेश्वरी गायकवाड़ को मिला. अभी 5.2 ओवर का खेल ही हुआ था कि बारिश की वजह से खेल को रोकना पड़ा. मलेशिया ने 5.2 ओवर में दो विकेट पर 17 रन बनाए थे, इसके बाद बारिश की वजह से आगे का खेल नहीं हो सका और डकबर्थ लुईस नियम को भारत को 30 रन से विजेता घोषित किया गया.

Editor's Pick