add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

Women's T20 Challenge: वेट और शेफाली की पारियों से वेलोसिटी ने ट्रेलब्लेजर्स को हराया

वेलोसिटी के सामने 113 रन का लक्ष्य था जो उसने 18 ओवर में 7 विकेट खोकर हासिल किया।

user-circle cricketcountry.com Written by Press Trust of India
Last Updated on - May 8, 2019 8:18 PM IST

बाएं हाथ की स्पिनर एकता बिष्ट की अगुवाई में गेंदबाजों के उत्कृष्ट प्रदर्शन और डेनिली वेट व युवा शेफाली वर्मा की शानदार पारियों से वेलोसिटी ने मध्यक्रम लड़खड़ाने के बावजूद महिला टी-20 चैलेंज में ट्रेलब्लेजर्स पर 12 गेंद बाकी रहते 3 विकेट से जीत दर्ज की।

पढ़ें: IPL 2019 Eliminator: दिल्ली ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी का फैसला

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

वेट ने 35 गेंदों पर 46 रन की पारी खेली जिसमें पांच चौके और दो छक्के शामिल हैं। 15 वर्षीय शेफाली ने 31 गेंदों पर 5 चौकों और 1 छक्के की मदद से 31 रन बनाकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई थी। कप्तान मिताली राज ने 17 रन बनाए।

वेलोसिटी ने 6 विकेट पर 112 रन बनाए थे

वेलोसिटी ने इससे पहले बिष्ट (चार ओवर में 13 रन देकर दो विकेट) और लेग स्पिनर एमिलिया केर (तीन ओवर में 21 रन देकर दो विकेट) की शानदार गेंदबाजी से ट्रेलब्लेजर्स को छह विकेट 112 रन ही बनाने दिए। ट्रेलब्लेजर्स की तरफ से 20 वर्षीय हरलीन देओल ने सर्वाधिक 43 रन बनाए। उन्होंने 40 गेंदें खेली तथा 5 चौके लगाए। सलामी बल्लेबाज सूजी बेट्स ने 22 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 26 रन बनाए।

हेली मैथ्‍यूज रन बनाने को तरसती नजर आईं

ट्रेलब्लेजर्स ने पहले मैच में सुपरनोवाज पर दो रन की रोमांचक जीत दर्ज की थी। उसके अब दो मैचों में दो अंक हैं जबकि वेलोसिटी के एक मैच में दो अंक हो गए हैं। वेलोसिटी और सुपरनोवाज के बीच गुरुवार को अंतिम लीग मैच होगा जिसके बाद फाइनल में पहुंचने वाली टीमें तय होंगी जो 11 मई को खेला जाएगा।

अनुभवी हेली मैथ्यूज (14 गेंदों पर पांच रन) जब रन बनाने के लिये संघर्ष कर रही थी तब शेफाली ने कुछ दर्शनीय शॉट लगाए। शकीरा सेलमान पर लगातार दो चौके हों या अनुभवी राजेश्वरी गायकवाड़ के खिलाफ अपनाया गया आक्रामक रूख, शेफाली ने अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया। उन्होंने हरलीन की गेंद पर प्वाइंट पर कैच थमाया।

पढ़ें: “मैं खुद को एक महिला क्रिकेटर नहीं, सामान्य क्रिकेटर के रूप में देखती हूं”

इसके बाद वेट ने अच्छी तरह से जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने स्टेफनी टेलर और हरलीन पर छक्के जड़े। जब टीम को दो रन की दरकार थी तब वेलोसिटी ने सात गेंद के अंदर पांच विकेट गंवाए जिनमें वेट और मिताली भी शामिल थीं।

दीप्ति ने एक ओवर में तीन बल्लेबाजों को बोल्ड किया। सुश्री प्रधान ने हालांकि इसी ओवर की अंतिम गेंद पर दो रन लेकर टीम को लक्ष्य तक पहुंचाया। ट्रेलब्लेजर्स ने चार कैच भी छोड़े जो उसको महंगे पड़े।

इससे पहले बल्लेबाजी का न्योता पाने वाली ट्रेलब्लेजर्स की टीम रन बनाने के लिए जूझती रही। वेलोसिटी के लिये बिष्ट और केर के अलावा ऑफ स्पिनर सुश्री प्रधान ने तीन ओवर में 14 रन देकर एक और मध्यम गति की गेंदबाज शिखा पांडे ने चार ओवर में 18 रन देकर एक विकेट लिया।

पिछले मैच में जीत की नायिका रहीं कप्तान स्मृति मंधाना (10) तीसरे ओवर में ही शिखा की गेंद पर विकेट के पीछे कैच दे बैठी जिससे ट्रेलब्लेजर्स अपेक्षित तेजी से रन नहीं बना पाया। इसके अलावा उसने नियमित अंतराल में विकेट गंवाए।

ट्रेलब्लेजर्स का स्कोर 15 ओवर के बाद तीन विकेट पर 73 रन था। इसके बाद दीप्ति शर्मा (16) ने कुछ अच्छे शॉट लगाए जिससे टीम कुछ सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच पाई।