जेमिमा ने खेली 71 रन की नाबाद पारी, वेलोसिटी हारकर भी फाइनल में पहुंची

सुपरनोवाज के 143 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेलोसिटी की टीम डेनियल वेट (43) और कप्तान मिताली राज (42 गेंद में नाबाद 40) की पारियों के बावजूद तीन विकेट पर 130 रन ही बना सकी

Edited By : Press Trust of India |May 09, 2019, 11:54 PM IST

Published On May 09, 2019, 11:54 PM IST

Last UpdatedMay 09, 2019, 11:54 PM IST

Jemimah @ians

जेमिमा रोड्रिग्‍स के नाबाद अर्धशतक के बाद गेंदबाजों के उम्दा प्रदर्शन से सुपरनोवाज ने महिला टी-20 चैलेंज के अंतिम लीग मैच में वेलोसिटी को 12 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली है।

पढ़ें: ‘मुझे हमेशा से अनुचित तरीके से निशाना बनाया गया’

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

वेलोसिटी की टीम भी हार के बावजूद फाइनल में जगह बनाने में सफल रही जबकि ट्रेलब्लेजर्स की टीम बाहर हो गई। तीनों ही टीमों के दो-दो मैचों में एक-एक जीत से दो-दो अंक रहे लेकिन बेहतर नेट रन रेट के कारण सुपरनोवाज की टीम शीर्ष पर रही जबकि वेलोसिटी ने दूसरे स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाई जो 11 मई को जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम पर खेला जाएगा।

वेलोसिटी टीम 3 विकेट पर 130 रन ही बना सकी

सुपरनोवाज के 143 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेलोसिटी की टीम डेनियल वेट (43) और कप्तान मिताली राज (42 गेंद में नाबाद 40) की पारियों के बावजूद तीन विकेट पर 130 रन ही बना सकी। टीम को हालांकि मिताली और वेदा कृष्णमूर्ति (29 गेंद में नाबाद 30) की धीमी बल्लेबाजी का खामियाजा भुगतना पड़ा।

सुपरनोवाज की ओर से पूनम यादव ने चार ओवर में सिर्फ 13 रन देकर एक विकेट चटकाया। राधा यादव और अनुजा पाटिल ने क्रमश: 30 और 28 रन देकर एक-एक विकेट चटकाया।

जेमिमा के नाबाद 77 रन के दम पर सुपरनोवाज ने 142 रन बनाए थे

सुपरनोवाज ने इससे पहले जेमिमा के नाबाद 77 रन की बदौलत तीन विकेट पर 142 रन बनाए। जेमिमा ने 48 गेंद का सामना करते हुए 10 चौके और एक छक्का मारा। उन्होंने सलामी बल्लेबाज चामरी अटापट्टू (31) के साथ दूसरे विकेट के लिए 55 और सोफी डिवाइन (09) के साथ तीसरे विकेट के लिए 50 रन की साझेदारी की।

वेलोसिटी की ओर से एमेलिया केर सबसे सफल गेंदबाज रही जिन्होंने 21 रन देकर दो विकेट चटकाए। शिखा पांडे ने किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 17 रन देकर एक विकेट हासिल किया।

वेलोसिटी की शुरुआत खराब रही

लक्ष्य का पीछा करने उतरे वेलोसिटी की शुरुआत काफी खराब रही और टीम ने चौथे ओवर में 21 रन के स्कोर तक ही दोनों सलामी बल्लेबाजों हेली मैथ्यूज (11) और शेफाली वर्मा (02) के विकेट गंवा दिए।

बाएं हाथ की स्पिनर राधा यादव ने तीसरे ओवर में शेफाली को बोल्ड किया जबकि अनुजा पाटिल ने हेली को एलबीडब्‍ल्‍यू आउट किया। डेनियल और कप्तान मिताली ने इसके बाद पारी को संवारा। दोनों ने पावर प्ले में टीम का स्कोर दो विकेट पर 49 रन तक पहुंचाया।

डेनियल ने राधा यादव पर दो छक्के मारे जबकि मिताली ने भी अनुजा पर चौका जड़ा। वेलोसिटी की टीम 10 ओवर में दो विकेट पर 68 रन बनाने में सफल रही। लेग स्पिनर पूनम यादव ने डेनियल को बोल्ड करके सुपरनोवाज को बड़ी सफलता दिलाई। उन्होंने 33 गेंद की अपनी पारी में चार चौके और दो छक्के मारे।

पढ़ें: अंडर-14 ट्रायल के समय मुझे अपनी उम्र की जानकारी नहीं थी: आफरीदी

मिताली और वेदा की अनुभवी जोड़ी इसके बाद मैदान पर थी। इन दोनों को हालांकि बाउंड्री जड़ने में काफी परेशानी हुई। वेलोसिटी को अंतिम पांच ओवर में जीत के लिए 51 रन की दरकार थी लेकिन अगले तीन ओवर में एक चौके से सिर्फ 20 रन बने।

अंतिम दो ओवर में वेलोसिटी को 31 रन की जरूरत थी। हरमनप्रीत कौर के 19वें ओवर में मिताली ने चौका जड़ा। इस चौके के साथ वेलोसिटी का फाइनल के लिए क्वालीफाई करना तय हो गया। इस ओवर में हालांकि सिर्फ आठ रन बने।

अंतिम ओवर में वेलोसिटी को जीत के लिए 23 रन चाहिए थे। पहली तीन गेंद में सिर्फ दो रन बने जिससे सुपरनोवाज की जीत लगभग तय हो गई। वेदा कृष्णमूर्ति ने इसके बाद सोफी डिवाइन पर लगातार दो चौके मारे लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

Editor's Pick