- Home
- News
- Womens t20 challenge players asked to assemble on october 13 lack of preparation time a concern 4168222
Women's T20 Challenge: खिलाड़ियों को 13 अक्टूबर को मुंबई पहुंचने के लिए कहा गया, तैयारियों पर उठे सवाल
देश के विभिन्न हिस्सों से मुंबई पहुंचने के बाद खिलाड़ियों को एक सप्ताह से भी अधिक समय तक क्वारंटी पर रहना होगा
Published On Oct 09, 2020, 08:15 PM IST
Last UpdatedOct 09, 2020, 08:15 PM IST
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अगले महीने आयोजित होने वाले महिला टी20 चैलेंज (Women’s T20 Challenge) के लिए अब तक टीमें घोषित नहीं की है लेकिन इंटरनेशनल और घरेलू स्तर पर खेलने वाली भारतीय खिलाड़ियों को उनके चयन के लिए सूचित कर दिया गया है. महिला टी20 चैलेंज का आयोजन संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में होगा.
इस टूर्नामेंट के लिए लगभग 30 भारतीय खिलाड़ियों को 13 अक्टूबर को मुंबई पहुंचने के लिए कहा गया है लेकिन क्वारंटीन की जरूरतों के कारण 3 टीमों की इस प्रतियोगिता के लिए उनकी तैयारियों पर सवालिया निशान लग गया है.
देश के विभिन्न हिस्सों से मुंबई पहुंचने के बाद खिलाड़ियों को एक सप्ताह से भी अधिक समय तक क्वारंटी पर रहना होगा और इस बीच उनका कई बार परीक्षण किया जाएगा. खिलाड़ियों के 22 अक्टूबर को यूएई रवाना होने की संभावना है जिसके बाद उन्हें आईपीएल में भाग ले रहे पुरुष खिलाड़ियों की तरह वहां भी छह दिन तक पृथकवास में रहना होगा.
ये सभी खिलाड़ी तीन आरटी पीसीआर परीक्षण नेगेटिव आने के बाद जैव सुरक्षित वातावरण में प्रवेश करेंगी.
‘खिलाड़ियों को सूचित कर दिया गया है और वाट्सएप ग्रुप बना दिया गया है’
बीसीसीआई के एक अधिकारी ने शुक्रवार को पीटीआई-भाषा से कहा, ‘खिलाड़ियों को सूचित कर दिया गया है और वाट्सएप ग्रुप बना दिया गया है. अंडर-19 वर्ग की कुछ खिलाड़ियों को भी चुना गया है. इससे उन्हें काफी अनुभव मिलेगा. ’
टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास ले चुकी मिताली राज और झूलन गोस्वामी फिर से टूर्नामेंट में खेलेंगी. संभावना है कि सभी चारों मैच शारजाह में आयोजित किये जाएंगे जहां आईपीएल के 12 मैच होंगे. तीनों आईपीएल स्थलों में से यहां का मैदान सबसे छोटा है.
आईपीएल टीम एक महीने पहले यूएई पहुंच गई थी
मुंबई और यूएई में पृथकवास पर रहने के बाद खिलाड़ियों के पास परिस्थितियों से सामंजस्य बिठाने के लिए केवल एक सप्ताह का समय होगा. उन्होंने पिछले छह महीनों से कोई मैच नहीं खेला है.आईपीएल टीम एक महीने पहले यूएई पहुंच गई थी.
एक खिलाड़ी ने गोपनीयता की शर्त पर कहा, ‘यह निश्चित तौर पर चुनौती होगी. हम निजी तौर पर अभ्यास कर रही थी लेकिन मैच अभ्यास से इसकी तुलना नहीं की जा सकती है. ऐसे में अच्छा प्रदर्शन करना आसान नहीं होगा.’