शानदार रहा महिला टी20 लीग लेकिन ज्यादा टीमें होनी चाहिए: हरमनप्रीत कौर
खिताब जीतने वाली सुपरनोवाज टीम की कप्तान हरमनप्रीत टूर्नामेंट के आयोजन और टीम की जीत से बेहद खुश नजर आई।
Published On May 12, 2019, 02:05 PM IST
Last UpdatedMay 12, 2019, 02:05 PM IST
Harmanpreet Kaur @IANS
महिला टी20 चैलेंज का खिताब भारतीय टी20 कप्तान हरमनप्रीत कौर की टीम सुपरनोवाज ने अपने नाम किया। हरमन की टीम ने फाइनल में मिताली राज की कप्तानी में उतरी टीम वेलोसिटी को हराया।
खिताब जीतने वाली सुपरनोवाज टीम की कप्तान हरमनप्रीत टूर्नामेंट के आयोजन और टीम की जीत से बेहद खुश नजर आई। उन्होंने कहा कि इस लीग का शुरुआती सत्र शानदार रहा लेकिन इसमें और अधिक टीमों होनी चाहिए।
पढ़ें:- जानती थी कि अगर मैं आखिरी तक खेलती रही तो जीत हमारी होगी’
सुपरनोवाज ने हरमनप्रीत की 51 रन की पारी के दम पर फाइनल मुकाबले में शनिवार को वेलोसिटी को चार विकेट से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया। हरमनप्रीत ने मैच के बाद कहा कि टूर्नामेंट की सफलता को देखते हुए इसमें ज्यादा टीम की भागीदारी होनी चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे लिए यह शानदार टूर्नामेंट रहा, मैंने काफी कुछ सीखा और दूसरे खिलाड़ियों के लिए भी ऐसा ही है। हम इस (टूर्नामेंट) से ऐसी ही उम्मीदें कर रहे थे।’’
फाइनल मुकाबले के दौरान मैदान में लगभग 15,000 दर्शक मौजूद थे जिन्होंने हरमनप्रीत का हौसला बढ़ाया। उन्होंने अगले सत्र में ज्यादा टीमों की मांग करते हुए कहा, ‘‘ हम भारत में टी20 लीग खेलना चाहते थे और जिस तरह से इसका आयोजन हुआ उससे मैं काफी खुश हूं। हम उम्मीद कर रहे है कि अगले सत्र में ज्यादा टीमें और ज्यादा मैच होंगे।’’
उन्होंने कहा कि विदेशी खिलाड़ी भी चाहते हैं कि अगले साल से टूर्नामेंट का आयोजन बड़े स्तर पर हो।
हरमनप्रीत ने कहा, ‘‘ यह दिखाता है कि विदेशी खिलाड़ियों के लिए भी यह लीग कितनी अहम है। विदेशी खिलाड़ी हमेशा पूछती रहती कि भारत में महिला लीग कब और कहां होगी ताकि वे यहां खेल सके। आप देख सकते हैं कि सबके लिए यह कितना मायने रखती है। वे यहां खेलने के लिए आतुर हैं। ’’