×

WTC Point Table: ऑस्ट्रेलिया की जीत के बाद क्या है प्वॉइंट्स टेबल का हाल ? जानें सभी टीमों की पोजिशन

ऑस्ट्रेलिया की टीम ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 में अपनी चौथी जीत दर्ज की है. वहीं इस चक्र में इंग्लैंड की यह तीसरी हार है.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - November 22, 2025 6:01 PM IST

WTC Points table 2025-2027 Standings: ऑस्ट्रेलिया की टीम ने एशेज सीरीज के पहले टेस्ट में इंग्लैंड को आठ विकेट से हरा दिया. इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 205 रन का लक्ष्य रखा था, ऑस्ट्रेलिया की टीम ने ट्रैविस हेड (123) के तूफानी शतक और मार्नस लाबुशेन के अर्धशतक की मदद से इस लक्ष्य को दो विकेट खोकर हासिल कर लिया. ऑस्ट्रेलिया ने इस जीत के साथ पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल की है, वहीं टीम ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप प्वॉइंट्स टेबल में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है.

ऑस्ट्रेलिया की टीम की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र में यह चौथी जीत है. टीम ने चार मुकाबले खेले हैं और उसे सभी मैच में जीत मिली है. 100 जीत प्रतिशत के बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम टॉप पर मौजूद हैं.

सभी टीमों की पोजिशन

ऑस्ट्रेलिया की टीम 100 जीत प्रतिशत के साथ पहले नंबर पर है, वहीं कोलकाता टेस्ट में भारत को हराने वाली साउथ अफ्रीका 66.67 जीत प्रतिशत के साथ दूसरे नंबर पर मौजूद है. श्रीलंका का जीत प्रतिशत भी 66.67 है और वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप प्वॉइंट्स टेबल में तीसरे नंबर पर है. भारतीय टीम ने इस चक्र में आठ मुकाबले खेले हैं, टीम को चार मैच में जीत मिली है, जबकि टीम ने तीन मैच गंवाए हैं. एक मैच ड्रॉ रहा था. कोलकाता टेस्ट में हार के बाद भारत का जीत प्रतिशत 54.17 है और टीम इंडिया चौथे नंबर पर है.

इंग्लैंड को भारी नुकसान

पाकिस्तान की टीम पांचवें, इंग्लैंड की टीम छठे और बांग्लादेश की टीम सातवें नंबर पर मौजूद है. इंग्लैंड की टीम ने इस चक्र में छह मैच खेले हैं, जिसमें टीम को सिर्फ दो मैच में जीत मिली है. टीम ने तीन मुकाबले गंवाए है, जबकि एक मैच ड्रॉ रहा है. इंग्लैंड का जीत प्रतिशत घटकर 36.11 पहुंच गया है. वेस्टइंडीज की टीम ने अब तक प्वॉइंट्स टेबल में अपना खाता नहीं खोला है. वहीं न्यूजीलैंड की टीम ने अब तक वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र में एक भी मुकाबला नहीं खेला है.

ऑस्ट्रेलिया ने आठ विकेट से जीता मुकाबला

ट्रैविस हेड के तूफानी शतक की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने पर्थ टेस्ट में इंग्लैंड को आठ विकेट से हरा दिया. खेल के दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 205 रन का टारगेट रखा था, ऑस्ट्रेलिया ने दो विकेट खोकर टारगेट को हासिल कर लिया. ऑस्ट्रेलिया ने इस जीत के साथ पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की लीड हासिल कर ली है.

TRENDING NOW

ट्रैविस हेड ने 83 बॉल में 123 रन की पारी खेली, इस पारी में उन्होंने 16 चौके और आठ छक्के लगाए. मार्नस लाबुशेन 51 रन बनाकर नाबाद रहे. दोनों देशों के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच अब चार दिसंबर से खेला जाएगा. मिचेल स्टॉर्क को मैच में 10 विकेट लेने के लिए प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया.