- Home
- News
- Yash Chawde from Saraswati Vidyalaya, Nagpur bagged 508 runs score in the U14 category of MI Junior
13 साल के यश चावड़े ने 508 रन ठोक मचाई सनसनी, 178 गेंदों में जड़े 99 चौके-छक्के
यश ने सरस्वती विद्यालय की ओर से मुंबई इंडियंस जूनियर इंटर स्कूल (अंडर -14) क्रिकेट टूर्नामेंट के नागपुर चरण में महज 178 गेंदों पर 508 रनों की पारी खेली।
Published On Jan 14, 2023, 01:59 PM IST
Last UpdatedJan 14, 2023, 01:59 PM IST
MI
क्रिकेट के मैदान पर रिकॉर्ड बनना कोई बड़ी बात नहीं है लेकिन रिकॉर्ड बनाने वाला 13 साल का लड़का हो तो ये अपने आप में खास हो जाता है। यश चावड़े ने क्रिकेट के मैदान पर कुछ ऐसा ही कर दिखाया जिसकी चर्चा अब हर तरफ हो रही है। 13 साल के यश चावड़े ने अकेले अपने दम पर एक ऐसा स्कोर खड़ा किया जो अक्सर पूरी टीम मिलकर बनाती है। जी हां, आपने सही सुना। यश चावड़े ने 100, 200 या 300 नहीं बल्कि 500 से ज्यादा रनों की पारी खेलकर इतिहास रच दिया।
यश ने सरस्वती विद्यालय की ओर से मुंबई इंडियंस जूनियर इंटर स्कूल (अंडर -14) क्रिकेट टूर्नामेंट के नागपुर चरण में महज 178 गेंदों पर 508 रनों की पारी खेली। इस पारी में यश के बल्ले से कुल 81 चौके और 18 छक्के निकले। इस तरह यश पूरे भारत में इंटर-स्कूल क्रिकेट टूर्नामेंट में सीमित ओवरों के प्रारूप में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर का रिकॉर्ड बनाने में कामयाब रहे।
क्रिकेट स्टैटिशियन मोहनदास मेनन ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया, “13 वर्षीय चावड़े सीमित ओवरों के क्रिकेट में 500+ रन बनाने वाले श्रीलंका के चिराथ सेलेपेरुमा के बाद दूसरे बल्लेबाज हैं। सेलेपेरुमा ने अगस्त 2022 में अनुराधापुरा, श्रीलंका में एक अंडर -15 इंटर-स्कूल टूर्नामेंट में नाबाद 553 रनों की पारी खेली थी।”
View this post on Instagram
क्रिकेट स्टैटिशियन मोहनदास मेनन के मुताबिक, “चावड़े सभी फॉर्मेट और आयु वर्ग में 500+ का स्कोर बनाने वाले केवल 10वें बल्लेबाज हैं। इससे पहले पांच भारतीय बल्लेबाज ही ऐसा कर सके हैं। यश से पहले ये कारनामा प्रणव धनवड़े (नाबाद 1009 रन), प्रियांशु मोलिया (556 रन), पृथ्वी शॉ (546 रन) और डाडी हावेवाला (515) ने किया था।”
यश के 508 रनों की बदौलत की सरस्वती विद्यालय की टीम बिना कोई विकेट गंवाए 714 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने में सफल रही। इसके जवाब में सिद्धेश्वर विद्यालय की टीम पांच ओवर में महज 9 रनों पर ढेर हो गई।