×

टीम इंडिया में बार बार अनदेखी... अब 48 बॉल में यशस्वी जायसवाल ने जड़ा शतक, शुभमन गिल के लिए खतरे की घंटी

जायसवाल और सरफराज ने सिर्फ 6.1 ओवर में 88 रन जोड़कर मुंबई की फाइनल के लिए क्वालीफाई करने की उम्मीद जीवंत रखी

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - December 14, 2025 2:28 PM IST

Yashasvi Jaiswal Century: भारतीय टी-20 टीम में अनदेखी का शिकार हुए यशस्वी जायसवाल ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में आक्रामक पारी खेली है. जायसवाल ने हरियाणा के खिलाफ मैच में शतक जड़ा, उन्होंने सिर्फ 48 बॉल में शतक जड़ा. इस पारी के साथ ही यशस्वी जायसवाल ने शुभमन गिल के लिए खतरे की घंटी बजा दी है, जो साउथ अफ्रीका के खिलाफ मैच में रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं.

यशस्वी जायसवाल ने रविवार को अम्बी (पुणे) में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के सुपर लीग बी मैच में 48 गेंद में शतक जड़कर गत चैंपियन मुंबई की हरियाणा पर चार विकेट की जीत में अहम भूमिका निभाई. सुपर लीग के अपने पहले मैच में हैदराबाद के खिलाफ एकतरफा हार के बाद जायसवाल (50 गेंद में 101 रन) और सरफराज खान (24 गेंद में 64 रन) की पारियों से मुंबई ने हरियाणा के 235 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 17.3 ओवर में छह विकेट पर 238 रन बनाकर जीत दर्ज की.

मुंबई के लिए अनुभवी अजिंक्य रहाणे ने 10 गेंद में 21 रन बनाए. हरियाणा के तेज गेंदबाजों ने 125 से 130 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से गेंदबाजी की जिससे मुंबई के बल्लेबाजों के लिए सपाट पिच पर रन बनाना आसान हो गया.

जायसवाल ने पुल और रैंप शॉट खेले, उन्होंने अपनी पारी में 16 चौके और 01 छक्का लगाया. सरफराज ने भी सिर्फ 16 गेंद में अर्धशतक के साथ आईपीएल नीलामी के लिए अपना दावा मजबूत किया.

सरफराज के साथ शेयर किया प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड

जायसवाल और सरफराज ने सिर्फ 6.1 ओवर में 88 रन जोड़कर मुंबई की फाइनल के लिए क्वालीफाई करने की उम्मीद जीवंत रखी. मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान जासवाल ने मैच के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का 50 हजार रुपये का चैक लेने के लिए अपने साथ सरफराज को भी बुलाया.

इससे पहले हरियाणा के कप्तान अंकित कुमार (42 गेंद में 89 रन) और प्रतिभावान ऑलराउंडर निशांत सिंधू (38 गेंद में 63 रन) ने सिर्फ 8.1 ओवर में 110 रन जोड़कर टीम को 20 ओवर में तीन विकेट पर 234 रन तक पहुंचाया.

TRENDING NOW

न्यूजीलैंड सीरीज में जायसवाल को मिल सकता है मौका !

राष्ट्रीय टीम में शामिल शुभमन गिल की शीर्ष क्रम में फॉर्म काफी प्रभावशाली नहीं है और ऐसे में न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज से पहले चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर और मुख्य कोच गौतम गंभीर की नजरें जायसवाल पर रहेंगी.