किस राह पर चल निकले यशस्वी जायसवाल, कहीं पृथ्वी साव जैसा न हो जाए हाल!

यशस्वी जायसवाल पर मुंबई क्रिकेट असोसिएशन के एक अधिकारी ने बड़ा गंभीर आरोप लगाया है. अधिकारी का कहना है कि जायसवाल अब सिलेक्शन कमिटी का जवाब नहीं देते हैं.

Edited By : Bharat Malhotra |Jan 27, 2026, 07:57 AM IST

Published On Jan 27, 2026, 07:57 AM IST

Last UpdatedJan 27, 2026, 07:57 AM IST

yashasvi-jaiswal

यशस्वी जायसवाल ने मुंबई के लिए खेलते हुए गोवा के खिलाफ 46 रन बनाए.

यशस्वी जायवसाल के लिए यह खबर अच्छी नहीं है. दिल्ली के खिलाफ मुंबई के रणजी ट्रॉफी सीजन के आखिरी लीग मैच में उन्हें जगह नहीं मिली है. मुंबई क्रिकेट असोसिएशन की ओर से उन पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं. आरोप है कि यह भारतीय ओपनर ‘पिक ऐंड चूज’ कर रहा है. यानी अपनी पसंद के हिसाब से मुकाबले खेल रहा है. और साथ ही सिलेक्शन कमिटी की बैठक से पहले जवाब नहीं देता. समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट में मुंबई क्रिकेट असोसिएशन के एक अधिकारी ने जायसवाल के रवैये पर काफी सवाल उठाए हैं. जायसवाल न तो टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं और न ही न्यूजीलैंड के खिलाफ खेली जा रही पांच टी20 इंटरनेशनल मैचों में ही खेल रहे हैं.

भारतीय क्रिकेट बोर्ड का साफ निर्देश है कि जिस वक्त भारतीय खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम का हिस्सा न हों उन्हें उस वक्त घरेलू क्रिकेट खेलना अनिवार्य है. एमसीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि जायसवाल से जब कुछ ग्रुप स्टेज मैचों के लिए उनकी उपलब्धता के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

अधिकारी ने आगे कहा, ‘यह बात सच है कि जब हैदराबाद के खिलाफ मैच से पहले उनसे उपलब्धता के बारे में पूछा गया तो कोई जवाब नहीं मिला. इससे साफ पता चलता है कि वह अपनी पसंद के मैचों में ही खेल रहे हैं.’

अधिकारी ने आगे कहा, ‘पिछले मैच के लिए टीम चुनने से पहले हमने उनसे बात की थी यहां तक कि आने वाले मैचों के बारे में भी उनसे पूछा था. लेकिन हमें कोई जवाब नहीं मिला. तो दिल्ली के खिलाफ घरेलू मैच के लिए उन्हें नहीं चुना गया है.’

जायसवाल ने इस साल रणजी ट्रॉफी में सिर्फ एक मैच खेला है. राजस्थान के खिलाफ मैच में उन्होंने 67 और 156 रन बनाए थे. जयपुर में खेला गया यह मैच ड्रॉ रहा था.

बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने सैयद मुश्ताक अली (टी20 ट्रॉफी) और विजय हजारे टूर्नामेंट (50 ओवर टूर्नामेंट) में तीन-तीन मुकाबले खेले थे.

कुछ वक्त पहले जायसवाल ने मुंबई छोड़कर गोवा की ओर से खेलने का मन बनाया था. उन्होंने नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट के लिए भी अप्लाई भी किया था. लेकिन बाद में उन्होंने इरादा बदल दिया. भारतीय टेस्ट टीम के लिए 24 साल के इस खिलाड़ी ने 49 की औसत से 2511 रन बनाए हैं. उनके नाम सात शतक और 13 अर्धशतक हैं.

शार्दुल ठाकुर चोटिल हैं और इस वजह से सिद्धार्थ लाड ही मुंबई की टीम की कप्तानी करेंगे. मुंबई और दिल्ली का मुकाबला बांद्रा-कुर्ला स्पोर्ट्स कॉम्प्लैक्स में 29 जनवरी से शुरू होगा. मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम पर 7 फरवरी को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का पहला मैच होना है. और इसी वजह से रणजी ट्रॉफी मुकाबले का मैदान बदला गया है.

मुंबई की टीम अभी ग्रुप डी में चोटी पर है. उसने छह में से चार मैच जीते हैं. हैदराबाद के खिलाफ मैच उसने 9 विकेट से जीता.

टीम: सिद्धेश लाड (कप्तान), मुशीर खान, अखिल हेरवाडकर, सुवेद पारकर, सरफराज खान, आकाश आनंद (विकेटकीपर), हार्दिक तामोरे (विकेटकीपर), सूर्यांश शेडगे, साईराज पाटिल, शम्स मुलानी, हिमांशु सिंह, तुषार देशपांडे, मोहित अवस्थी, ओंकार तरमाले, सिल्वेस्टर डिसूजा।

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra

अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम को लीड कर रहे हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. ज्यादातर वक्त क्रिकेट पर लिखते, समीक्षा करते और समझते हुए बीता है. साल 2008 में IPL के साथ करियर की शुरुआत हुई. तब Iplnewsonline.com की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद हिंदीलोक डॉट कॉम की जिम्मेदारी लंबे वक्त तक अकेले ही संभाली. फिर प्लानमैन मीडिया की TheSundayIndian.com की हिंदी वेबसाइट को लीड किया. भारत मल्होत्रा के सफर का अगला पड़ाव दैनिक जागरण की हेल्थ वेबसाइट ओन्ली माई हेल्थ रहा. यहां करीब ढाई साल तक हिंदी वेबसाइट की अगुआई की. इस दौरान साइट को नए सिरे से तैयार करना. इसके कॉन्टेंट और स्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किया. नतीजा, उस दौरान यह हेल्थ के क्षेत्र में भारत की नंबर वन वेबसाइट बनी. यहां संपादकीय के साथ-साथ प्रॉडक्ट, तकनीक और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में भी सहयोग दिया. फरवरी 2015 में भारत मल्होत्रा NBT.in से जुड़े. यहां 7 साल से अधिक समय तक स्पोर्टस टीम के लीड रहे. इस दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 और फीफा वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, कई IPL सीजन, ओलिंपिक 2016 और 2020, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में टीम की अगुआई की.

Editor's Pick