• Home
  • News
  • Yashasvi Jaiswal Praised Vaibhav Sooryavanshi on his batting Against Jasprit Bumrah in Rajasthan Royals vs Mumbai Indians Match IPL 2026

IPL 2026, MI vs RR: पावरप्ले के सुपर-प्लान से जीता राजस्थान, यशस्वी जायसवाल ने दिया वैभव को 'मंत्र'

Yashasvi Jaiswal Statement on Vaibhav Sooryavanshi and Jasprit Bumrah: यशस्वी जायसवाल ने कहा कि जिस तरह से वैभव सूर्यवंशी जसप्रीत बुमराह की गेंदों का सामना कर रहे थे उससे वह खुद हैरान हो गए थे. और तो और इसने राजस्थान रॉयल्स पर से दबाव खत्म कर दिया था.

Edited By : Bharat Malhotra |Apr 08, 2026, 02:20 PM IST

Published On Apr 08, 2026, 02:20 PM IST

Last UpdatedApr 08, 2026, 02:20 PM IST

Yashasvi Jaiswal and Jasprit Bumrah

यशस्वी जायसवाल ने की जसप्रीत बुमराह के खिलाफ वैभव की बल्लेबाजी की तारीफ

गुवाहाटी: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का 13वां मैच राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला गया. गुवाहाटी में खेले गए मैच में राजस्थान ने मुंबई को 27 रन से हराया. इस जीत के साथ राजस्थान अंक-तालिका में चोटी पर पहुंच गई है. 11 ओवर के इस मैच में राजस्थान ने शुरू से ही आक्रामक बल्लेबाजी की. ओपनर यशस्वी जायसवाल ने शानदार हाफ सेंचुरी लगाई. और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. जायसवाल ने मैच के बाद बताया कि आखिर उनकी प्लानिंग क्या थी. और कैसे वैभव सूर्यवंशी की जसप्रीत बुमराह के खिलाफ बल्लेबाजी ने मैच को मोड़ दिया.

जायसवाल ने कहा कि जितनी आसानी से सूर्यवंशी बुमराह को खेल रहे थे उससे वह खुद हैरान थे. और इससे जायसवाल पर भी दबाव कम हो गया था. राजस्थान रॉयल्स के लिए मैच में जायसवाल और 15 वर्षीय सूर्यवंशी ने शानदार शुरुआत करके जीत की नींव रखी थी.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

बुमराह और वैभव के मुकाबले की थी चर्चा

मैच से पहले तेज गेंदबाज बुमराह और युवा सनसनी सूर्यवंशी के बीच मुकाबले को लेकर बहुत बातें हो रही थीं. आखिर पहली बार दोनों का आमना-सामना हो रहा था. सूर्यवंशी ने उम्मीदों पर खरा उतरते हुए बुमराह की 131 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से गई गेंद पर मिड-ऑन के ऊपर से छक्का लगा दिया. जायसवाल ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘उसने पहली गेंद पर ही छक्का जड़ा और मैंने उससे कहा कि वह अपने शॉट्स खेलता रहे.’

जायसवाल ने 32 गेंद पर नाबाद 77 रन बनाए जिससे राजस्थान ने बारिश के कारण 11 ओवर के मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए तीन विकेट पर 150 रन बनाए. इसके जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम नौ विकेट पर 123 रन ही बना पाई. मुंबई को इस तरह से लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा, जबकि राजस्थान रॉयल्स तीन मैचों में तीन जीत के साथ तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है.

आईपीएल में शानदार रहा है वैभव सूर्यवंशी का रिकॉर्ड

बिहार के बाएं हाथ के बल्लेबाज सूर्यवंशी को 2025 आईपीएल की मेगा नीलामी में राजस्थान रॉयल्स ने 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा था. उन्होंने पिछले सत्र में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ 35 गेंदों में शतक बनाकर टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में और आईपीएल इतिहास में दूसरे सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया था.

आईपीएल 2026 शुरू होने से एक दिन पहले 15 साल के हुए सूर्यवंशी ने अपने पहले ओवर में ही बुमराह पर दो छक्के लगाए और आउट होने से पहले 14 गेंदों में 39 रन बनाए. इससे दूसरे छोर पर जायसवाल के लिए काम आसान हो गया. उन्होंने दीपक चाहर और ट्रेंट बोल्ट जैसे गेंदबाजों को निशाना बनाया, जिन्होंने अपने-अपने ओवरों में 22-22 रन लुटाए.

यशस्वी जायसवाल ने भी की बुमराह के खिलाफ वैभव की बल्लेबाजी की तारीफ

जायसवाल ने कहा, ‘बुमराह भाई दिग्गज गेंदबाजों में से एक हैं. अगर वह उनके खिलाफ रन बना रहा है तो यह कमाल की बात है. इससे हमारा यह विश्वास बढ़ा कि हम अन्य गेंदबाजों का भी अच्छी तरह से सामना कर सकते हैं.’

अपनी पारी में 10 चौके और चार छक्के लगाने वाले जायसवाल ने कहा, ‘इसलिए उसका अपने शॉट खेलना काफी अच्छा रहा. इससे मुझ पर से दबाव कम हो गया और मैं अन्य गेंदबाजों का सामना अच्छी तरह से कर पाया. यह एक अच्छी साझेदारी थी और हमने इसका भरपूर आनंद लिया.’ जायसवाल और सूर्यवंशी ने पहले विकेट के लिए केवल 30 गेंद पर 80 रन की साझेदारी की.

यशस्वी जायसवाल ने खेली कमाल की पारी

उन्होंने कहा, ‘वैभव के साथ बल्लेबाजी करने में मजा आता है. हम दोनों को अपने-अपने तरीके से खेलना पसंद है, इसलिए जिस तरह से हम खेल रहे हैं, उससे हम एक-दूसरे को सकारात्मक संदेश देते रहते हैं. मैं पिछले कुछ वर्षों से खेल रहा हूं इसलिए मैं स्थिति के अनुसार खेलना चाहता था और टीम को अच्छी शुरुआत देना चाहता था.’

जायसवाल टूर्नामेंट में अभी तक 170 रन बना चुके हैं और उन्होंने कहा कि वह अपनी बल्लेबाजी में हमेशा कुछ नया करने की कोशिश करते हैं. इस 24 वर्षीय बल्लेबाज ने कहा, ‘मैं नेट पर कड़ी मेहनत कर रहा हूं. अलग-अलग शॉट आज़मा रहा हूं. विकेट पर भी बहुत कुछ निर्भर करता है. मैं हमेशा अपनी बल्लेबाजी में कुछ न कुछ बदलाव करने की कोशिश करता हूं और थोड़ा-बहुत फेरबदल करता रहता हूं.’

BM

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम को लीड कर रहे हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. ज्यादातर वक्त क्रिकेट पर लिखते, समीक्षा करते और समझते हुए बीता है. साल 2008 में IPL के साथ करियर की शुरुआत हुई. तब Iplnewsonline.com की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद हिंदीलोक डॉट कॉम की जिम्मेदारी लंबे वक्त तक अकेले ही संभाली. फिर प्लानमैन मीडिया की TheSundayIndian.com की हिंदी वेबसाइट को लीड किया. भारत मल्होत्रा के सफर का अगला पड़ाव दैनिक जागरण की हेल्थ वेबसाइट ओन्ली माई हेल्थ रहा. यहां करीब ढाई साल तक हिंदी वेबसाइट की अगुआई की. इस दौरान साइट को नए सिरे से तैयार करना. इसके कॉन्टेंट और स्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किया. नतीजा, उस दौरान यह हेल्थ के क्षेत्र में भारत की नंबर वन वेबसाइट बनी. यहां संपादकीय के साथ-साथ प्रॉडक्ट, तकनीक और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में भी सहयोग दिया. फरवरी 2015 में भारत मल्होत्रा NBT.in से जुड़े. यहां 7 साल से अधिक समय तक स्पोर्टस टीम के लीड रहे. इस दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 और फीफा वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, कई IPL सीजन, ओलिंपिक 2016 और 2020, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में टीम की अगुआई की.

Editor's Pick