×

थोड़ी मोटी चमड़ी करनी पड़ेगी…, पूर्व साथी ने दी गौतम गंभीर को दी सलाह, कहा पांच दिन चलने वाली पिचें बनाओ

जहीर खान ने भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर को कहा है कि आलोचना और तारीफ साथ चलती हैं.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - December 2, 2025 4:11 PM IST

साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 0-2 से हार के बाद भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर आलोचकों के निशाने पर हैं. गंभीर की रणनीति लगातार सवालों के घेरे में है. और इस बीच उनके पूर्व साथी खिलाड़ी ने एक सलाह दी है. भारत के पूर्व पेसर जहीर खान का मानना है कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में हार के बाद गंभीर को जिन आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है, उन्हें उनका सामना करना चाहिए.

गौतम गंभीर पिछले साल भारतीय टेस्ट टीम के कोच बने थे. तब से क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में भारत का प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं रहा है. भारत को पिछले साल न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 0-3 से हार का सामना करना पड़ा.

इसके बाद ऑस्ट्रेलिया में भारत 1-3 से टेस्ट सीरीज हारा. हालांकि युवा भारतीय टीम ने इंग्लैंड मे टेस्ट सीरीज 2-2 से बराबर की. वहां टीम के प्रदर्शन की खूब तारीफ हुई. फिर वेस्टइंडीज को घरेलू धरती पर भारत ने 2-0 से हराया. और फिर अब साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में टीम इंडिया का वाइट-वॉश हो गया.

जहीर ने इस हार के बाद गौतम गंभीर पर पड़ रहे दबाव पर बात करते हुए क्रिकबज पर कहा, ‘तो, जवाबदेही और तारीफ हमेशा होती रहेगी. यह साथ-साथ चलती है. और यह काम ही ऐसा है कि आपको ऐसा रहना पड़ेगा. तो आपको इसमें संतुलन देखना होगा. आपको इस तरह की आलोचनाओं को सामना करने के लिए मोटी चमड़ी का होना पड़ेगा.’

बाएं हाथ के इस पूर्व पेसर ने आगे कहा, ‘भावनाएं हमेशा उबाल पर होती हैं. और आपसे हर मैच जीतने की उम्मीद की जाती है. और आपसे हर मैच जीतने की उम्मीद इसलिए भी की जाती रही है क्योंकि आप निरंतर ऐसा करते रहे हैं. तो आपकी टीम में वह क्षमता है कि वह उस तरह की उपलब्धियां हासिल कर सकती है. और आपने उस तरह से मैच जीते हैं.’

भारतीय टीम 2021 और 2023 के वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल तक पहुंची थी. लेकिन पिछली बार 2025 के फाइनल में टीम इंडिया नहीं पहुंच पाई थी.

जहीर खान ने पिचों पर भी बात की. हालिया मुकाबलों में बल्लेबाजी के इस खराब प्रदर्शन से उबरने के लिए उन्होंने भारत से ऐसी पिचों पर खेलने का अनुरोध किया जो पांच दिनों तक टिकी रहें. भारतीय टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ चार पारियों में सिर्फ एक बार 200 रन का आंकड़ा पार कर सकी.

उन्होंने कहा, ‘घर पर खेलते हुए आपको रन बनाने चाहिए. अगर आप अब निरतंर ऐसा नहीं कर पा रहे हैं तो ऐसी पिचें बनाइए जो पांच दिन चलने वाले टेस्ट मैच में टिकी रह सकें. भले ही आप कुछ मैचों में नतीजा हासिल नहीं कर सकें, चलेगा. लेकिन जहां तक टेस्ट क्रिकेट की बात है तो कुछ तरह की सामान्य और स्पष्ट सोच की जरूरत है.’

TRENDING NOW

हालिया टेस्ट सीरीज में हार के बाद भारत वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के 2025-27 के चक्र में पांचवे स्थान पर है.