add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

अपने ही विदाई समारोह में नहीं जाएंगे यूनिस खान

पूर्व पाकिस्तानी कप्तान का कहना है कि पीसीबी द्वारा उनके संन्यास के इतने दिनों बाद विदाई देने का कोई मतलब नहीं है।

user-circle cricketcountry.com Written by Gunjan Tripathi
Last Published on - September 10, 2017 2:38 PM IST

यूनिस खान  © Getty Images
यूनिस खान © Getty Images

पाकिस्तान क्रिकट टीम के पूर्व कप्तान यूनिस खान ने पीसीबी द्वारा आयोजित विदाई समारोह का हिस्सा बनने से इनकार कर दिया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अगले हफ्ते लाहौर में यूनिस खान के साथ शाहिद आफरीदी और मिसबाह-उल-हक के लिए विदाई समारोह का आयोजन किया है। खान का कहना है कि उनके और मिसबाह के संन्यास लेने के इतने समय बाद ये आयोजन करने को कोई मतलब नहीं है। पाकिस्तान के जियो चैनल के हवाले से खान ने कहा, “मुझे नहीं लगता ये विदाई समारोह कोई मतलब रखता है। इसका क्या मतलब है जब मैं और मिसबाह इसी साल मई में संन्यास ले चुके हैं। दूसरे देशों में पूर्व कप्तानों और दिग्गज खिलाड़ियों को संन्यास लेने के कुछ ही दिन बाद विदाई दी जाती है।”

यूनिस का साफ कहना है कि वह किसी भी कीमत पर इस समारोह का हिस्सा नहीं बनना चाहते। उन्होंने आगे कहा, “मुझे इस विदाई का कोई औचित्य नहीं दिखता और मुझे कोई पैसा नहीं चाहिए। पीसीबी से किसी ने मुझे फोन कर आमंत्रण दिया था और कहा था कि मुझे ईनाम में अच्छी रकम मिलेगी। लेकिन मैने फैसला किया है कि मैं नहीं जाऊंगा क्योंकि मैने पीसीबी में जो कुछ देखा है और करियर के दौरान में जिन स्थितियों से गुजरा हूं वो मैं कभी नहीं भूल सकता।” [ये भी पढ़ें: पाकिस्तान में क्रिकेट वापस लाने के लिए रमीज रजा ने आईसीसी को शुक्रिया कहा]

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

यूनिस ने बताया कि बोर्ड ने उनकी अनुबंध की मासिक राशि से 45 दिन का वेतन काट दिया था। यूनिस ने बताया, “मैं 14 मई को रिटायर हो गया था और मेरा अनुबंध जून के आखिर में खत्म हो रहा था। मैने खुद बोर्ड को इस बारे में जानकारी दी थी लेकिन मैने ये कभी नहीं सोचा था कि वह राशि घटा देंगे। ये एक सीनियर खिलाड़ी के प्रति सम्मान जताने का तरीका नहीं है। मेरी वजह से उन्होंने मिसबाह के साथ भी ऐसा ही किया।”

यूनिस बोर्ड के रवैये से काफी नाराज हैं। इस दौरान उन्होंने कई पुरानी घटनाओं का जिक्र भी किया। उन्होंने बताया कि पूर्व खिलाड़ी और मौजूद चयनकर्ता इंजमाम-उल-हक को गद्दाफी स्टेडियम के गेट पर रोक दिया गया था। साथ ही मिसबाह-उल-हक को उनकी कार स्टेडियम में लाने से ही मना कर दिया गया था। [ये भी पढ़ें: वर्ल्ड इलेवन के खिलाफ टी20 सीरीज में सभी मैच नहीं खेलेंगे मोहम्मद आमिर, ये है बड़ी वजह]

पीसीबी के खराब इंतजामों के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा, “कई सारे ऐसे किस्से हैं जिन्हें याद कर दिल दुखता है। एक बार एनसीए में टीवी, फ्रिज या फोन कुछ भी नहीं था। सारी सुविधाएं प्रशासनिक अधिकारियों के ब्लॉक में थी।” यूनिस के अलावा शाहिद आफरीदी भी इस समारोह में नहीं जाएगे। दरअसल आफरीदी पाकिस्तान बनाम वर्ल्ड इलेवन टी20 मैच देखने लाहौर जाने वाले हैं।