- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Yuvraj Singh wants to play ICC Cricket World Cup 2019
साल 2019 का विश्व कप खेलना चाहते हैं युवराज सिंह
साल 2011 विश्व कप में युवराज सिंह ने 362 रन और 15 विकेट लिए थे। साथ ही वह इस टूर्नामेंट में मैन ऑफ द सीरीज रहे थे।
Published On Sep 02, 2016, 06:12 PM IST
Last UpdatedSep 02, 2016, 06:12 PM IST

टी20 विश्व कप 2007 और आईसीसी विश्व कप 2011 में भारतीय टीम की जीत के हीरो रहे खब्बू बल्लेबाज युवराज सिंह ने कहा है कि वह इंग्लैंड और वेल्स में साल 2019 में होने वाले आईसीसी विश्व कप में खेलना चाहते हैं। वर्तमान में युवराज सिंह भारतीय वनडे टीम में स्थान पाने के लिए जूझ रहे हैं। जाहिर है कि वर्तमान में भारतीय टीम में मिडिल ऑर्डर बल्लेबाजों की भरमार है ऐसे में युवराज के लिए वापसी करना कतई आसान नहीं है। लेकिन युवराज वापसी करने के लिए कटिबद्ध हैं। साल 2011 विश्व कप में युवराज सिंह ने 362 रन और 15 विकेट लिए थे। साथ ही वह इस टूर्नामेंट में मैन ऑफ द सीरीज रहे थे।
वर्तमान में दिलीप ट्रॉफी में पिंक गेंद से खेलते हुए युवराज सिंह इंडिया रेड की कप्तानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “मैं ऑफ सीजन में जमकर ट्रेनिंग कर रहा हूं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए ही मैं इतनी मेहनत कर रहा हूं। मैं वापसी करके अपने देश का प्रतिनिधित्व करना चाहता हूं। उम्मीद करता हूं कि अगर ऐसा होता है। अगर मैं 2- से 3 साल क्रिकेट के लिए अपने आपको फिट रख पाता हूं तो मुझे अपने आप पर गर्व होगा। मेरा लक्ष्य साल 2019 का 50 ओवर वर्ल्ड कप खेलने का है।”
युवराज सिंह ये अच्छी तरह से जानते हैं कि ये आसान कतई नहीं होने वाला। भारतीय क्रिकेट टीम के लिए प्रतिभा कभी कोई मुद्दा नहीं रहा है। खासतौर पर क्रिकेट के छोटे प्रारूप में जिसमें युवराज सिंह ज्यादा बेहतर हैं। युवराज ने भारतीय टीम की ओर से 50 ओवरों का अंतिम मैच साल 2013 में सेंचुरियन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेला था। युवराज सिंह ने भारत की टी20 टीम में साल 2016 की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वापसी की थी। जिसके बाद उन्होंने श्रीलंका, एशिया कप और वर्ल्ड टी20 में भारतीय टीम की ओर से क्रिकेट खेली। लेकिन उन्हें जिम्बाब्वे, और वेस्टइंडीज के खिलाफ यूएसए में खेली गई टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया में सम्मिलित नहीं किया गया।