ZIM vs PAK: फवाद आलम का शतक, पाकिस्तान ने जिम्बाब्वे पर बनाई 198 रन की बढ़त

हरारे टेस्ट में पाकिस्तान ने जिम्बाब्वे पर अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. दो टेस्ट की सीरीज का यह पहला मैच है.

Edited By : Arun Kumar |May 01, 2021, 12:09 AM IST

Published On May 01, 2021, 12:09 AM IST

Last UpdatedMay 01, 2021, 12:09 AM IST

जिमबाब्वे vs पाकिस्तान @ICCTwitter

जिमबाब्वे दौरे पर गई पाकिस्तान की टीम ने 2 टेस्ट की सीरीज के पहले टेस्ट मैच में जीत की दिशा में अपने कदम बढ़ा दिए हैं. हरारे में खेले जा रहे इस टेस्ट के दूसरे दिन मेहमान टीम ने फवाद आलम (108) के नाबाद शतक और इमरान बट्ट की शानदार 91 रन की पारी की बदौलत मेजबान टीम पर 198 रनों की दमदार बढ़त हासिल कर ली है. मेहमान टीम ने मैच के दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 6 विकेट गंवाकर 374 रन बना लिए हैं.

इससे पहले जिमबाब्वे की टीम ने यहां टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था. लेकिन वह पाकिस्तान गेंदबाजों के खिलाफ एक दिन भी नहीं टिक पाई. गुरुवार को शुरू हुए इस टेस्ट में मेजबान टीम 59.1 ओवर खेलकर मात्र 176 रनों पर ऑलआउट हो गई थी. इसके बाद बल्लेबाजी पर उतरी पाकिस्तान के लिए उसके ओपनिंग बल्लेबाजों इमरान बट्ट (91) और आबिद अली (60) ने पहले विकेट के लिए 115 रन जोड़े. टेंडाई चिसोरो ने अली को आउट कर अपनी टीम को पहली सफलता दिलाई.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

इसके बाद डॉनल्ड तिरिपानो ने अपना कमाल दिखाते हुए पाकिस्तान के तीन बल्लेबाजों को आउट कर दिया. तिरिपानो ने कप्तान बाबर आजम (0), अजहर अली (36) और फहीम अशरफ (0) को सस्ते में अपना शिकार बनाया. इसके अलावा ब्लेसिंग मुजारबानी और रिचर्ड नगरावा ने भी टीम की झोली में 1-1 विकेट डाला. पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज और कप्तान बाबर आजम अपने करियर में पहली बार 0 पर आउट हुए.

दिन का खेल खत्म होने तक शतक जड़ चुके फवाद आलम के साथ हसन अली (21) रन बनाकर क्रीज पर थे. दोनों ने 7वें विकेट के लिए 40 रन जोड़ लिए हैं.

Editor's Pick