×

T20 World Cup में जिम्बाब्वे ने फिर चौंकाया, ऑस्ट्रेलिया के बाद श्रीलंका को भी रौंदा

श्रीलंका की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे के सामने जीत के लिए 179 रन का टारगेट रखा था, जिम्बाब्वे की टीम ने ब्रायन बेनेट के अर्धशतक की मदद से टारगेट को हासिल कर लिया.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - February 19, 2026 7:00 PM IST

T20 World Cup 2026: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में जिम्बाब्वे की टीम ने एक फिर चौंकाया है. जिम्बाब्वे की टीम ने ऑस्ट्रेलिया के बाद अब श्रीलंका को रौंद डाला. गुरुवार को खेले गए मैच में जिम्बाब्वे ने श्रीलंका को छह विकेट से हरा दिया. इस जीत के साथ जिम्बाब्वे की टीम ने सात अंक के साथ ग्रुप बी में टॉप किया है.

श्रीलंका की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे के सामने जीत के लिए 179 रन का टारगेट रखा था, जिम्बाब्वे की टीम ने ब्रायन बेनेट (48 बॉल में नाबाद 63 रन) के अर्धशतक की मदद से आखिरी ओवर में टारगेट को तीन गेंद शेष रहते हासिल कर लिया. सिकंदर रजा (26 बॉल में 45 रन) ने भी दमदार पारी खेली. सिकंदर रजा को प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब दिया गया.

जिम्बाब्वे का टी-20 में यह दूसरा सबसे सफल रन चेज है. जिम्बाब्वे के नाम टी-20 में नामीबिया के खिलाफ 199 रन चेज का रिकॉर्ड है.

तदिवानाशे मारुमनी- ब्रायन बेनेट की विस्फोटक शुरुआत

तदिवानाशे मारुमनी और ब्रायन बेनेट ने 179 रन के टारगेट के जवाब में शानदार शुरुआत की. दोनों बल्लेबाजों ने 8.3 ओवर में 69 रन की ओपनिंग साझेदारी की. तदिवानाशे मारुमनी 26 बॉल में 34 रन की पारी खेलकर दुनिथ वेल्लालागे का शिकार बने. रियान बर्ल ने 12 बॉल में तेजतर्रार 23 रन बनाए.

ब्रायन बेनेट- सिकंदर रजा ने रखी जीत की नींव

11.4 ओवर में 98 रन के स्कोर पर जिम्बाब्वे ने रयान बर्ल का विकेट गंवाया था. इसके बाद ब्रायन बेनेट और सिकंदर रजा ने पारी को संभाला. दोनों बल्लेबाजों ने 69 रन की साझेदारी की और जिम्बाब्वे को मैच में बनाए रखा. सिकंदर रजा ने आक्रामक तेवर दिखाए और श्रीलंका के गेंदबाजों की जमकर खबर ली. सिकंदर रजा ने 26 बॉल में 45 रन की पारी में दो चौके और चार छक्के लगाए. वहीं ब्रायन बेनेट ने शानदार फॉर्म जारी रखा और अर्धशतक लगाया. ताशिंगा मुसेकिवा (01) ने निराश किया, मगर टोनी मुनयोंगा (तीन बॉल में नाबाद आठ रन) और ब्रायन बेनेट ने 19.3 ओवर में जिम्बाब्वे को जीत दिला दी.

T20 WC 2026 में ब्रायन बेनेट का प्रदर्शन

48* (36) बनाम OMAN
64* (56) बनाम AUS
63* (48) बनाम SL

कुसल परेरा- पथुम निसंका के बीच अर्धशतकीय साझेदारी

इससे पहले जिम्बाब्वे के स्पिनरों के खिलाफ धीमी पिच पर मिडिल ओवर्स में श्रीलंका के बल्लेबाजों को परेशानी हुई और मेजबान टीम ने 20 ओवर में सात विकेट पर 178 रन बनाए. सलामी बल्लेबाज कुसल परेरा (22) और पाथुम निसांका (62) ने 4.5 ओवर में ही 64 रन बना डाले.कुसल परेरा मुजरबानी के बाउंसर पर पूल शॉट खेलने के प्रयास में शॉर्ट फाइन लेग पर ग्रीम क्रेमर को कैच दे बैठे.

मिडिल ओवर्स में छाए जिम्बाब्वे के स्पिनर्स

श्रीलंका के बल्लेबाजों ने पावरप्ले में एक विकेट पर 61 रन बना लिये थे लेकिन इसके बाद रनगति धीमी हो गई. जिम्बाब्वे के स्पिनरों सिकंदर रजा, ग्रीन क्रेमर ,रियान बर्ल और वेलिंगटन मसाकाजा ने मेजबान बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया, जिससे अगले चार ओवरों में सिर्फ 21 रन बने. कुसल मेंडिस 14 रन (20 बॉल) बड़ी पारी नहीं खेल सके. हालांकि पिछले मैच में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक बनाने वाले निसांका ने 34 गेंद में अर्धशतक पूरा किया.वह क्रेमर की गेंद पर रिवर्स स्वीप लगाने के प्रयास में टोनी मुनिनोगा को कैच दे बैठे.

पवन रत्नायके ने आखिरी ओवर्स में तेजी से बनाए रन

पवन रत्नायके ने 25 गेंद में 44 रन बनाए और ब्राड इवांस को 19वें ओवर में दो चौके और एक छक्का जड़कर श्रीलंका को 150 रन के पार पहुंचाया, आखिरी दो ओवरों में 30 रन बने, जिससे श्रीलंका 178 रन तक पहुंच सका. जिम्बाब्वे के लिए ब्लेसिंग मुजरबानी, ब्रैड इवांस और ग्रीम क्रेमर ने दो-दो विकेट चटकाए.

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़े सभी ताजा अपडेट आप देख सकते हैं: https://www.cricketcountry.com/hi/icc-mens-t20-world-cup-2026/