• क्रिकेट न्यूज़
  • Photos
  • 9/11 in Cricket History: आतंक के लिए ही क्यों याद करें 11 सितंबर, क्रिकेट में भी है ऐतिहासिक, Ind vs Pak Asia Cup 2023 समेत जान लीजिए ये खास बातें

9/11 in Cricket History: आतंक के लिए ही क्यों याद करें 11 सितंबर, क्रिकेट में भी है ऐतिहासिक, Ind vs Pak Asia Cup 2023 समेत जान लीजिए ये खास बातें

Edited By : Kuldeep Singh Panwar | Sep 11, 2025, 03:24 PM IST

Published On Sep 11, 2025, 03:24 PM IST

Last UpdatedSep 11, 2025, 03:24 PM IST

आज 9/11 यानी 11 सितंबर है, जिसे साल 2001 में WTC पर आतंकी हमले के लिए याद करते हैं. लेकिन क्रिकेट का नाता भी इस दिन से बहुत खास है.

1 /1

1. भारत की पाकिस्तान पर सबसे बड़ी जीत
साल 2023 में 11 सितंबर की शाम को भारतीय क्रिकेट में शायद ही कभी भुलाया जा सकेगा. अरे, इसी दिन तो टीम इंडिया (Team India) ने पाकिस्तान (Pakistan) के खिलाफ क्रिकेट की पिच पर एशिया कप (Asia Cup) में ‘ऑपरेशन सिंदूर (Operation Sindoor)’ चला दिया था. भारत-पाकिस्तान (Ind vs Pak) के बीच 11 सितंबर, 2023 को श्रीलंका (Sri Lanka) की राजधानी कोलंबो (Colombo) में एशिया कप 2023 (Asia Cup 2023) के सुपर-4 का मुकाबला हुआ था. वास्तव में यह मैच 10 सितंबर को खेला जाना था, लेकिन बारिश ने इसे अगले दिन यानी 11 सितंबर पर शिफ्ट करने के लिए आयोजकों को मजबूर कर दिया.

भारत ने पाकिस्तान को इस मैच (Ind vs Pak Asia Cup 2023) में 228 रन से हराया था, जो वनडे क्रिकेट में उसकी पाकिस्तान के खिलाफ (India vs Pakistan) आज तक की सबसे बड़े अंतर की जीत है. जीत के हीरो रहे थे विराट कोहली (Virat Kohli), केएल राहुल और कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav). कोहली ने 94 गेंद में नॉटआउट 122 रन और राहुल ने 106 गेंद में नॉटआउट 111 रन की पारी खेली थी. दोनों ने तीसरे विकेट के लिए नॉटआउट 235 रन की पार्टनरशिप की थी. इससे पहले रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने 56 रन और शुभमन गिल (Shubman Gill) ने 58 रन बनाते हुए ओपनिंग में 121 रन की पार्टनरशिप की थी. पाकिस्तान की टीम को कुलदीप ने अपनी फिरकी से नचाते हुए 25 रन पर 5 विकेट लेकर महज 128 रन पर लुढ़का दिया था. इससे पहले भारत की पाकिस्तान के खिलाफ सबसे बड़ी जीत का अंतर 140 रन का था, जो 10 जून, 2008 को बांग्लादेश के मीरपुर में आई थी.

2. देश के पहले शतक वाले खिलाड़ी और पहली सीरीज जीत वाले कप्तान का जन्म
11 सितंबर, 1911 का दिन भी भारतीय क्रिकेट में ऐसी तारीख है, जिसे भुला पाना मुश्किल है. इस दिन भारतीय क्रिकेट के उस सितारे का जन्म हुआ था, जिसे कभी क्रिकेट एडमिनिस्ट्रेटर्स ने पसंद नहीं किया, लेकिन करीब ढाई दशक तक उसके बिना भारतीय क्रिकेट का काम भी नहीं चल सका. हम बात कर रहे हैं लाला अमरनाथ की, जिनके अड़ियल रुख और चाटुकारिता नहीं करने की आदत का खामियाजा खुद उन्हें ही नहीं बल्कि बाद में देश के लिए खेले उनके बेटों मोहिंदर अमरनाथ और सुरिंदर अमरनाथ को भी भुगतना पड़ा.

लाला अमरनाथ टीम इंडिया के लिए पहला टेस्ट शतक लगाने वाले क्रिकेटर थे. साल 1933 में भारत ने मुंबई में 15 दिसंबर से अपनी धरती पर पहला टेस्ट मैच खेला था. यह टेस्ट मैच इंग्लैंड के खिलाफ था, जिसमें टीम इंडिया की तरफ से 22 साल के लाला अमरनाथ ने जोरदार 118 रन की पारी खेली थी. यह किसी भी भारतीय का डेब्यू टेस्ट मैच में पहला शतक भी था. लाला अमरनाथ की कप्तानी में ही साल 1952-53 में भारत ने पाकिस्तान को हराकर अपनी पहली टेस्ट सीरीज भी जीती थी. करीब 19 साल लंबे करियर में लाला ने 24 टेस्ट मैच में 878 रन बनाए थे और 45 विकेट भी लिए थे. वे उल्टे पैर से गेंदबाजी करने वाले दुर्लभ गेंदबाजों में से एक थे, जिनका दायां पैर क्रीज में आगे पड़ता था.

3. भारत-इंग्लैंड के बीच हुआ था ऐसा टेस्ट, जिसे इतिहास से नहीं हटाया जा सकता

11 सितंबर, 2018 को भारत-इंग्लैंड के बीच टेस्ट सीरीज के आखिरी टेस्ट मैच का आखिरी दिन था. द ओवल में खेला गया यह टेस्ट मैच कभी भुलाया नहीं जा सकता, जिसमें 11 सितंबर को 464 रन के टारगेट का पीछा करते हुए केएल राहुल और ऋषभ पंत (Rishabh Pant) ने 204 रन की रिकॉर्ड पार्टनरशिप की, लेकिन टीम इंडिया जीत से चंद कदम दूर रह गई थी.. इस टेस्ट मैच की खासियत बस यही नहीं थी.

दरअसल यह इंग्लैंड के सबसे बेहतरीन बल्लेबाजों में से एक एलेस्टेयर कुक (Alastair Cook) का आखिरी टेस्ट भी था. कुक ने इस टेस्ट में भी शतक बनाया था और दुनिया के उन गिनती के बल्लेबाजों में शामिल हो गए थे, जिन्होंने अपने करियर के पहले और आखिरी टेस्ट मैच में शतक बनाया था. इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन (James Anderson) ने टेस्ट का आखिरी विकेट लेकर कुल विकेटों की गिनती 564 पर पहुंचा दी थी. इसके साथ ही एंडरसन हमेशा के लिए इतिहास की किताब में सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज के तौर पर दर्ज हो गए थे.

4. दुनिया का पहला इंटरनेशनल टी20 शतक बना

टी20 क्रिकेट की जब शुरुआत की चर्चा चल रही थी, तो यह पूछा गया कि 20 ओवर के मैच में शतक कैसे बनेंगे? शतक नहीं बनेंगे तो यह क्रिकेट पॉपुलर कैसे होगी? इसका जवाब 2007 टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup) के पहले ही मैच में मिल गया, जब ‘ब्रैडमैन ऑफ टी20’ क्रिस गेल (Chris Gayle) ने शतक ठोक दिया. टी20 किंग (T20 King) कहलाने वाले वेस्टइंडीज (West Indies) के गेल ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ महज 57 गेंद में 114 रन की पारी खेली थी और हमेशा के लिए रिकॉर्ड बुक में उनका नाम दर्ज हो गया था. हालांकि इस मैच में गेल के शतक के बावजूद वेस्टइंडीज की टीम 2 ओवर बाकी रहते हुए हार गई थी.