- Home
- Photos
- भारत- इंग्लैंड टी-20 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल मैच में बने 20 बड़े रिकॉर्ड्स, टीम इंडिया ने रचा इतिहास
IND VS ENG T20 World Cup 2026 Semifinal Match Big records Jacob Bethell Sanju Samson team India
Published On Mar 06, 2026, 12:28 PM IST
Last UpdatedMar 06, 2026, 12:28 PM IST
सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने इंग्लैंड को सात रनों से हराया. भारत से मिले 254 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 7 विकेट खोकर 246 रन ही बना पाई
01. टी20 विश्व कप के इतिहास में सबसे ज्यादा बार फाइनल में पहुंची टीम इंडिया
भारतीय टीम टी20 विश्व कप के इतिहास में सबसे ज्यादा बार फाइनल में पहुंचने वाली टीम बन गई है. टीम इंडिया ने 2007, 2014, 2024 के बाद चौथी बार खिताबी मुकाबले में अपनी जगह बनाई है.
02. टी20 वर्ल्ड कप के एक मैच में लगे सबसे ज्यादा छक्के
भारत-इंग्लैंड सेमीफाइनल में कुल मिलाकर 34 छक्के लगे, जो टी20 वर्ल्ड कप के एक मैच में सबसे ज्यादा हैं. भारत ने 19 और इंग्लैंड की टीम ने 15 छक्के लगाए. इससे पहले इसी विश्व कप में वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे के बीच खेले गए मैच में कुल 31 छक्के लगे थे.
03. टी20 वर्ल्ड कप के एक मैच में सबसे ज्यादा बाउंड्री
भारत और इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने मिलकर सेमीफाइनल मैच में कुल 73 बाउंड्री लगाईं, जो एक नया रिकॉर्ड भी है, इससे पहले टी20 वर्ल्ड कप 2016 में इंग्लैंड और साउथ अफ्रीका के बीच खेले गए मैच में कुल 61 बाउंड्री लगी थी.
04. टी20 वर्ल्ड कप 2026 के एक मैच में बने सबसे ज्यादा रन
टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में कुल मिलाकर 499 रन बने, जो टी-20 वर्ल्ड कप के एक मैच में सबसे ज्यादा रन है. मेंस टी20 इंटरनेशनल में इससे ज्यादा रन सिर्फ साल 2023 में साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए मुकाबले में बने थे. साउथ अफ्रीका और वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों ने मिलकर 517 रन बनाए थे.
05. जैकब बेथेल ने तोड़ा क्रिस गेल का रिकॉर्ड
जैकब बेथेल ने सेमीफाइनल मैच में सिर्फ 45 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, वह टी20 विश्व कप में इंग्लैंड की ओर से शतक लगाने वाले महज दूसरे बल्लेबाज हैं, इससे पहले इसी विश्व कप में इंग्लिश कप्तान हैरी ब्रूक ने 50 गेंदों में शतक लगाया था. वहीं, बेथेल ने टी20 विश्व कप के इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया है, बेथेल ने क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा, गेल ने टी20 विश्व कप 2016 में इंग्लैंड के खिलाफ 47 गेंदों में शतक लगाया था. बेथेल टी20 विश्व कप में इंग्लैंड की तरफ से शतक लगाने वाले चौथे बल्लेबाज भी बने. इससे पहले एलेक्स हेल्स (2014 में श्रीलंका के खिलाफ नाबाद 116 रन), जोस बटलर (2021 में श्रीलंका के खिलाफ नाबाद 101 रन) और हैरी ब्रूक ने इसी विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ 100 रन की पारी खेली थी.
06. जैकब बेथेल ने लगाया विश्व कप में इंग्लैंड की तरफ से सबसे तेज अर्धशतक
जैकब बेथेल ने टी20 विश्व कप में इंग्लैंड की तरफ से सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। उन्होंने सिर्फ 19 गेंदों में अर्धशतक लगाया.
07. जैकब बेथेल ने रचा इतिहास, हर फॉर्मेट का पहला शतक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगाया
जैकब बेथेल ने 48 गेंदों पर 105 रन की पारी खेली. यह टी20 करियर (घरेलू, लीग या अंतरराष्ट्रीय) का उनका पहला शतक था, इस शतक के साथ ही बेथेल दुनिया के ऐसे पहले बल्लेबाज बन गए हैं जिन्होंने अपना प्रथम श्रेणी, लिस्ट ए और टी20 फॉर्मेट का पहला शतक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगाया है. बेथेल के नाम तीनों ही फॉर्मेट में अब 1-1 शतक है.
08. जैकब बेथेल ने फिन एलन को पछाड़ा
जैकब बेथेल ने 105 रन की पारी खेली. यह टी20 विश्व कप नॉक आउट मैचों की सबसे बड़ी पारी है, बेथेल ने फिन एलन को पीछे छोड़ा. एलन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुए सेमीफाइनल में 33 गेंद पर 100 रन की पारी खेली थी.
09. जसप्रीत बुमराह ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पूरे किए 500 विकेट
भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में इंग्लैंड के खिलाफ आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 सेमीफाइनल के दौरान अपने करियर का एक बड़ा मुकाम हासिल किया. वह इंग्लैंड की पारी के पांचवें ओवर में अपने स्पेल की पहली गेंद पर पहला विकेट लेकर 500 इंटरनेशनल विकेट हासिल करने वाले आठवें भारतीय बन गए. 23 जनवरी 2016 को सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डेब्यू करने के बाद से बुमराह ने सभी फॉर्मेट में 500 विकेट हासिल किए हैं। उनसे पहले अनिल कुंबले, रविचंद्रन अश्विन, हरभजन सिंह, कपिल देव, रवींद्र जडेजा, जहीर खान और जवागल श्रीनाथ जैसे सात अन्य भारतीय गेंदबाज ऐसा कर चुके हैं.
10. भारत ने टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले का बनाया सबसे बड़ा स्कोर
भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में टी-20 वर्ल्ड कप नॉकआउट का सबसे बड़ा स्कोर बनाया. भारत ने सात विकेट पर 253 रन बनाए. भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज का 14 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा, वेस्टइंडीज ने टी20 वर्ल्ड कप 2012 के सेमीफाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 4 विकेट खोकर 205 रन बनाए थे. टीम इंडिया के बल्लेबाजों ने टी20 विश्व कप के इतिहास का तीसरा और अपना दूसरा सबसे बड़ा स्कोर भी बनाया.
11. टी20 इंटरनेशनल में भारत ने बनाया सबसे ज्यादा 250 प्लस का स्कोर
टी20 इंटरनेशनल में भारतीय टीम सर्वाधिक बार 250 से ज्यादा रन बनाने वाली टीम बन गई है, यह छठा मौका है जब भारतीय बल्लेबाजों ने 250 से ज्यादा रन स्कोरबोर्ड पर लगाए. भारत ने सनराइजर्स हैदराबाद का रिकॉर्ड तोड़ा, जिसके नाम पांच बार टी-20 में 250 प्लस रन बनाने का रिकॉर्ड था.
12. भारतीय टीम ने सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम ने सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया है. भारतीय बल्लेबाज इस विश्व कप में 88 छक्के लगा चुके हैं. इंग्लैंड के खिलाफ मैच में भारत ने 19 छक्के लगाए.
13. एक ही पारी में 19 छक्के, टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप में कर ली रिकॉर्ड की बराबरी
इंग्लैंड के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल-2 में भारत की पारी में कुल 19 छक्के लगे. इसी के साथ टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप मैच की एक पारी में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में वेस्टइंडीज (19 छक्के) और नीदरलैंड (19 छक्के) की बराबरी कर ली है. नीदरलैंड ने साल 2014 में आयरलैंड के खिलाफ एक ही पारी में 19 छक्के लगाने का कारनामा किया था. इसके बाद साल 2026 में वेस्टइंडीज ने जिम्बाब्वे के खिलाफ मुंबई में खेले गए मुकाबले में 19 छक्के लगाए थे. भारतीय टीम इसी विश्व कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ एक ही पारी में 17 छक्के लगा चुकी है.
14. ईशान-संजू की जोड़ी ने तोड़ा युवराज-उथप्पा का 19 साल पुराना रिकॉर्ड
वानखेड़े के मैदान पर संजू सैमसन और ईशान किशन की जोड़ी ने 19 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. संजू-ईशान ने टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले में भारत की तरफ से सबसे बड़ी साझेदारी निभाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. संजू सैमसन और ईशान किशन ने वानखेड़े के मैदान पर तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 45 गेंदों में 97 रनों की अहम साझेदारी निभाई, यह टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबले में किसी भी विकेट के लिए भारत की ओर सबसे बड़ी साझेदारी भी है. संजू-ईशान ने युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा के रिकॉर्ड को ध्वस्त किया. युवराज और उथप्पा ने टी20 वर्ल्ड कप 2007 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए सेमीफाइनल मैच में 6.3 ओवर में 84 रन जोड़े थे.
15. आदिल रशीद के नाम जुड़ा शर्मनाक रिकॉर्ड
टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरे सेमीफाइनल में इंग्लिश स्पिन गेंदबाज आदिल रशीद के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है. रशीद टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 200 से ज्यादा छक्के खाने वाले दुनिया के पहले गेंदबाज बन गए हैं.
16. आदिल रशीद ने तोड़ा राशिद खान का रिकॉर्ड
भारत के खिलाफ सेमीफाइनल में दो विकेट लेने के साथ ही आदिल रशीद टी20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर आ गए हैं, उन्होंने राशिद खान को पीछे छोड़ दिया है, रशीद के नाम अब टी20 विश्व कप में 44 विकेट हो गए हैं। वहीं, राशिद खान ने 43 विकेट चटकाए हैं.
17. वरुण चक्रवर्ती के नाम शर्मनाक रिकॉर्ड
भारत के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती के नाम इंग्लैंड के खिलाफ मैच में शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया. उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ अपने 4 ओवरों में 64 रन लुटा दिए, यह टी-20 वर्ल्ड कप में किसी गेंदबाज का सबसे महंगा स्पेल है.यह उनके टी20 करियर का सबसे महंगा स्पेल भी बन गया है. इससे पहले ये शर्मनाक रिकॉर्ड जोफ्रा आर्चर के नाम था, जिन्होंने इसी मैच में 61 रन लुटाए थे.
18. संजू सैमसन ने युवराज सिंह को पीछे छोड़ा
संजू सैमसन ने इस मैच में युवराज सिंह के बड़े रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. संजू सैमसन ने 42 बॉल में 89 रन की पारी खेली.इस पारी में उन्होंने सात छक्के लगाए. यह टी-20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट में एक इनिंग में किसी भारतीय बल्लेबाज की तरफ से सबसे ज्यादा छक्के हैं. इससे पहले युवराज सिंह ने टी-20 वर्ल्ड कप 2007 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में पांच छक्के लगाए थे.
19. सैमसन ने रोहित शर्मा का रिकॉर्ड भी तोड़ा
संजू सैमसन टी20 वर्ल्ड कप के एक संस्करण में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले भारतीय बन गए हैं। सैमसन ने इस विश्व कप में अब तक 16 छक्के लगाए हैं. इस मामले में रोहित शर्मा (2024) और शिवम दुबे (2026) संयुक्त रूप से 15-15 छक्के के साथ दूसरे पायदान पर हैं। वहीं ईशान किशन और हार्दिक पंड्या इसी साल 14-14 छक्के अपने नाम कर चुके हैं. युवराज सिंह ने साल 2007 में कुल 12 छक्के लगाए थे. उसी विश्व कप में युवी ने एक ही ओवर की छह गेंदों पर छक्के लगाने का कारनामा भी किया था.
20. संजू सैमसन ने विराट कोहली की बराबरी की
संजू सैमसन ने इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में 89 रन की पारी खेली. यह टी20 विश्व कप के नॉकआउट में किसी भारतीय का सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है. सैमसन ने विराट कोहली की बराबरी की, जिनके नाम भी 89 रन बनाने का रिकॉर्ड था. विराट कोहली ने साल 2016 में वेस्टइंडीज के खिलाफ यह पारी खेली थी.