- क्रिकेट न्यूज़
- Photos
- एशिया कप में क्या हो टीम इंडिया का बॉलिंग कॉम्बिनेशन ? पूर्व कोच भरत अरुण ने दी सलाह
एशिया कप में क्या हो टीम इंडिया का बॉलिंग कॉम्बिनेशन ? पूर्व कोच भरत अरुण ने दी सलाह
Published On Sep 08, 2025, 03:40 PM IST
Last UpdatedSep 08, 2025, 03:40 PM IST
पूर्व कोच ने कहा, भारत के पास कुलदीप, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती के रूप में तीन विशेषज्ञ स्पिन गेंदबाज हैं. अरुण ने कहा कि इनमें से किसी को भी बाहर करना मुश्किल होगा.
‘अर्शदीप की गेंदबाजी काफी महत्वपूर्ण होगी’
अरुण ने ‘पीटीआई’ को दिये विशेष साक्षात्कार में कहा, हम सभी जानते हैं कि अर्शदीप क्या कर सकते हैं, उन्होंने इंग्लैंड में बहुत गेंदबाजी की होगी, लेकिन निश्चित रूप वह मैच अभ्यास के मामले में थोड़े पीछे है, आप चाहे अभ्यास सत्र में कितनी भी गेंदबाजी करें लय वास्तव में मैच खेलने से आती है. भारतीय टीम के 2014 से 2021 के बीच गेंदबाजी कोच रहे अरुण ने कहा, यह अर्शदीप के लिए एक बड़ी चुनौती है कि वह कितनी जल्दी अपनी लय हासिल करते हैं, यह बहुत, बहुत महत्वपूर्ण होगा.
‘बुमराह को सभी मैच खेलने चाहिए’
अरुण ने बुमराह के बारे में कहा कि तीन सप्ताह में छह टी20 मैच उन्हें परेशान नहीं करने चाहिए. उन्होंने कहा, मैं जसप्रीत को खेलते हुए देखना पसंद करूंगा, लेकिन मुझे लगता है कि यह उनका फैसला है, मुझे लगता है कि उन्हें सभी मैच खेलने चाहिए, मुझे नहीं लगता कि इस टूर्नामेंट के प्रारूप को देखते हुए उन्हें आराम की ज़रूरत होगी.
भरत अरुण ने की हर्षित राणा की तारीफ
अरुण ने आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स में हर्षित राणा का मार्गदर्शन किया है. उन्होंने इस तेज गेंदबाज की तारीफ की लेकिन कहा कि उनके लिए निरंतरता हासिल करना जरूरी होगा. उन्होंने कहा, हर्षित टी20 क्रिकेट में बहुत प्रभावशाली रहे हैं, वह एक बहुत ही प्रतिभाशाली गेंदबाज हैं क्योंकि वह बहुत धीमी गेंदों के अच्छे मिश्रण से चुनौती दे सकते हैं, उनके पास यॉर्कर डालने की भी क्षमता है और वह नई गेंद को स्विंग भी करा सकते हैं.
‘एशिया कप में अपनी छाप छोड़ेंगे कुलदीप’
अरुण को भरोसा है कि इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज के दौरान अंतिम एकादश में जगह नहीं बना पाने वाले कुलदीप यादव एशिया कप में अपनी छाप छोड़ेंगे. उन्होंने कहा, कुलदीप यादव एक गेंदबाज के तौर पर बहुत बेहतर हो गए हैं, वह बहुत अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं, यह दुर्भाग्यपूर्ण था कि वह इंग्लैंड में नहीं खेल पाए, मुझे हालांकि यकीन है कि उन्होंने बहुत अभ्यास किया होगा, और वह काफी अनुभवी भी हैं, उन्हें टी20 प्रारूप में काफी अच्छा अनुभव है.
‘तीनों स्पिनरों के साथ भारत को खेलना चाहिए’
भारत के पास कुलदीप, अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती के रूप में तीन विशेषज्ञ स्पिन गेंदबाज हैं. अरुण ने कहा कि इनमें से किसी को भी बाहर करना मुश्किल होगा. उन्होंने कहा, वरुण टी20 के एक असाधारण गेंदबाज हैं, वह एक तरह के मैच-विजेता हैं, कुलदीप यादव भी कुछ ऐसे ही हैं, अक्षर पटेल गेंदबाजी के साथ बल्ले से भी बहुत योगदान दे सकते हैं, मेरे हिसाब से तीनों स्पिनरों के साथ खेलना एक अच्छा विचार होगा, इनमें से हर एक के पास एक अलग खासियत है.