IPL 2026: मुंबई इंडियंस के लिए बुरी खबर, रोहित शर्मा की इंजरी पर आया बड़ा अपडेट
Published On Apr 13, 2026, 05:31 PM IST
Last UpdatedApr 13, 2026, 05:31 PM IST
आईपीएल 2026 में अब तक खेले 4 मुकाबलों में रोहित शर्मा ने 137 रन बनाए हैं, जिसमें एक अर्धशतकीय पारी भी शामिल है
आरसीबी के खिलाफ मैच में हुए थे चोटिल
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 19 रन बनाने के बाद रोहित शर्मा रिटायर्ड हर्ट हो गए थे और दोबारा बल्लेबाजी करने मैदान पर नहीं उतरे थे. रोहित को हैमस्ट्रिंग की इंजरी की शिकायत है, वह जब मैदान से बाहर गए, तब मुंबई इंडियंस ने पांच ओवर में बिना किसी नुकसान के 56 रन बनाए थे. पावरप्ले के आखिरी ओवर में रसिख सलाम की दूसरी गेंद का सामना करने के बाद वह दिक्कत में दिखाई दिए थे और उन्हें आखिर में मैदान से बाहर जाना पड़ा था. उन्होंने मैदान छोड़ने से पहले 13 गेंदों पर दो चौकों और एक छक्के की मदद से 19 रन बनाए.
रोहित शर्मा का होगा स्कैन
‘क्रिकबज’ की खबर के अनुसार, रोहित शर्मा अपनी हैमस्ट्रिंग की इंजरी की गंभीरता को समझने के लिए स्कैन करवाएंगे. 16 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस के अगले मैच के लिए एमआई के इस स्टार बल्लेबाज की उपलब्धता चोट के स्कैन के नतीजों पर निर्भर करेगी.
काफी देर तक ग्राउंड पर ही हुआ था इलाज
रिटायर्ड हर्ट होने से पहले उस ओवर की पहली गेंद से पहले मुंबई इंडियंस के फिजियो ने रोहित का इलाज किया था, रोहित का काफी देर तक ग्राउंड पर ही इलाज चला था, इसके बाद वह दूसरी गेंद का सामना करने के लिए लौटे, लेकिन उस बॉल पर डिफेंड करने के बाद रिटायर्ड हर्ट होकर चले गए, रोहित की सही स्थिति स्कैन के नतीजों से ही साफ होगी कि चोट कितनी गंभीर है.
कितनी गंभीर है रोहित की इंजरी !
रोहित की इंजरी कितनी गंभीर है, इसका अभी पता नहीं लग सका है. मैच के बाद शेरफेन रदरफोर्ड ने रोहित की इंजरी को लेकर कहा था, मुझे अभी पूरी तरह से पक्का नहीं पता, शायद यह हैमस्ट्रिंग की थोड़ी दिक्कत है, लेकिन मैं पक्के तौर पर नहीं कह सकता, मैं डगआउट में था, इसलिए मुझे इसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है.
शानदार फॉर्म में हैं रोहित शर्मा
रोहित ने आईपीएल 2026 में अब तक खेले 4 मुकाबलों में 137 रन बनाए हैं, जिसमें एक अर्धशतकीय पारी भी शामिल है. रोहित ने आईपीएल में मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलते हुए 6 हजार रन पूरे किए. वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले विराट कोहली के बाद महज दूसरे खिलाड़ी बने. रोहित पिछले 15 सालों से मुंबई इंडियंस से जुड़े हुए हैं और वह अपनी कप्तानी में टीम को 5 आईपीएल ट्रॉफी भी दिला चुके हैं.