• Home
  • News
  • India Squad annouced for T20 World Cup 2026 Shubman Gill left Out Ishan kishan and Rinku Singh returns

T20 World Cup के लिए टीम इंडिया का ऐलान, शुभमन गिल की छुट्टी, अक्षर उपकप्तान, रिंकू- ईशान की वापसी

भारतीय टीम में ज्यादातर वही खिलाड़ी शामिल है, जो साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज का हिस्सा थे

Edited By : Akhilesh Tripathi |Dec 20, 2025, 02:14 PM IST

Published On Dec 20, 2025, 02:14 PM IST

Last UpdatedDec 20, 2025, 02:14 PM IST

India Squad

India Squad

India Squad for T20 World Cup 2026: टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया गया है. भारतीय टीम में ज्यादातर वही खिलाड़ी शामिल है, जो साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज का हिस्सा थे. भारत के स्टार बल्लेबाज शुभमन गिल की छुट्टी कर दी गई है, उनकी जगह अक्षर पटेल को उपकप्तान बनाया गया है. टीम में ईशान किशन और रिंकू सिंह की वापसी हुई है.

शुभमन गिल साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी-20 सीरीज में प्रभाव नहीं छोड़ सके थे. सीरीज के आखिरी दो मैच में वह टीम का हिस्सा नहीं थे. शुभमन गिल को एशिया कप से पहले टीम इंडिया का उपकप्तान बनाया गया था, मगर अब उन्हें टीम से ड्रॉप कर दिया गया है.

गिल क्यों हुए बाहर, अगरकर ने बताई वजह

अगरकर ने टीम की घोषणा के बाद संवाददाता सम्मेलन में कहा, हमें पता है कि वह कितने शानदार खिलाड़ी हैं, लेकिन इस समय शायद उनके बल्ले से उतने रन नहीं निकल पा रहे हैं. उन्होंने कहा, वह बदकिस्मती से पिछले विश्व कप से भी बाहर रह गए थे क्योंकि हमने अलग संयोजन के साथ खेलने का फैसला किया था, टीम चयन में संयोजन का ध्यान रखना होता है, जब आप 15 खिलाड़ियों की टीम चुनते हैं तो किसी न किसी को बाहर रहना पड़ता है और इस बार दुर्भाग्य से गिल को बाहर होना पड़ा.

ईशान किशन की वापसी

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में झारखंड की कप्तानी करते हुए टीम को पहला खिताब दिलाने वाले ईशान किशन की भारतीय टीम में लंबे समय बाद वापसी हुई है. वह आखिरी बार भारत के लिए नवंबर 2023 में खेलते नजर आए थे. वहीं रिंकू सिंह भी टीम में वापस लौटे हैं.

अगरकर ने कहा कि टीम प्रबंधन शीर्ष क्रम में एक अतिरिक्त विकेटकीपर रखना चाहता था, जिसके चलते एक बल्लेबाज की कुर्बानी देनी पड़ी. उन्होंने कहा कि हाल ही में संपन्न सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करने वाले ईशान किशन को प्राथमिकता दी गई जबकि जितेश शर्मा का इस्तेमाल आमतौर पर निचले क्रम के तेजी से रन बनाने वाले बल्लेबाज के रूप में किया गया था.

संतुलित दिख रही है टीम, हमारे पास बहुत सारे कॉम्बिनेशन: सूर्यकुमार

वहीं कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इसे संतुलित टीम बताते हुए खुशी जताई है कि टीम इंडिया के पास बहुत सारे कॉम्बिनेशन हैं. भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार ने कहा, टीम संतुलित दिख रही है, हमने सभी स्थानों को शानदार तरीके से भरा है, हमारे पास बहुत सारे अलग-अलग कॉम्बिनेशन हैं, इसलिए हम काफी खुश हैं.

तिलक वर्मा के बल्लेबाजी क्रम पर बात करते हुए उन्होंने कहा, मुझे और गौतम भाई (गौतम गंभीर) को लगने लगा है कि लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन थोड़ा ज्यादा ही बढ़ा-चढ़ाकर बताया जाता है, लेकिन हमने तिलक के लिए बैटिंग ऑर्डर में वह पोजीशन तय कर दी है. टीम के टॉप-ऑर्डर कॉम्बिनेशन पर कप्तान सूर्या ने कहा, इस फॉर्मेट में अच्छी शुरुआत करना जरूरी है, हम पावरप्ले को अपने नाम करना चाहते थे, और जब हमने विश्लेषण किया कि हम ऐसा कैसे कर सकते हैं, तो हमने इस कॉम्बिनेशन के साथ आगे बढ़ने का फैसला किया.

टी-20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम

अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल (उप कप्तान), रिंकू सिंह, ईशान किशन, वाशिंगटन सुंदर, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा

टी-20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया का शेड्यूल

07 फरवरी- भारत vs यूएसए, मुंबई

12 फरवरी- भारत vs नामीबिया, दिल्ली

15 फरवरी- भारत vs पाकिस्तान, कोलंबो

18 फरवरी- भारत vs नीदरलैंड, अहमदाबाद

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़े सभी ताजा अपडेट आप देख सकते हैं: https://www.cricketcountry.com/hi/icc-mens-t20-world-cup-2026/

Editor's Pick