IPL 2026: पांच प्लेयर्स, जो CSK में ले सकते हैं चोटिल खलील अहमद की जगह
Published On Apr 16, 2026, 05:25 PM IST
Last UpdatedApr 16, 2026, 05:25 PM IST
आईपीएल 2026 के बीच चेन्नई सुपरकिंग्स को गुरुवार को बड़ा झटका लगा, जब टीम के तेज गेंदबाज खलील अहमद पूरे सीजन से बाहर हो गए. खलील अहमद को कूल्हे में चोट है. केकेआर के खिलाफ मैच के दौरान उन्होंने अपने दाहिने कूल्हे में दर्द की शिकायत की थी और वह अपना ओवर पूरा नहीं कर सके थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें ठीक होने में कम से कम 10-12 सप्ताह का समय लग सकता है. खलील ने आईपीएल 2026 में अब तक काफी प्रभावित किया था. अब चेन्नई की टीम उनका रिप्लेसमेंट देख रही है. पांच गेंदबाज जो चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम में खलील अहमद की जगह ले सकते हैं.
आकाश मधवाल
मुंबई इंडियंस के साथ नेट बॉलर के तौर पर जुड़े आकाश मधवाल आईपीएल में 17 पारियों में 23 विकेट हासिल किए हैं. एलिमिनेटर मुकाबले में उन्होंने पांच रन देकर पांच विकेट भी हासिल किए थे. वह डेथ ओवर्स में अपनी जानलेवा यॉर्कर्स के लिए मशहूर हैं, चेन्नई की टीम उन्हें खलील अहमद का रिप्लेसमेंट देख सकती है.
चेतन सकारिया
चेतन सकारिया खलील की तरह ही बाएं हाथ की तेज़ गेंदबाज़ी करते हैं. IPL 2026 की नीलामी में 75 लाख रुपये की बेस प्राइस होने के बावजूद उन्हें कोई खरीददार नहीं मिला था. सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 में शानदार प्रदर्शन किया और सात मैचों में 12 विकेट लिए. नई गेंद को स्विंग कराने की उनकी काबिलियत उन्हें एक मज़बूत दावेदार बनाती है.
सिमरजीत सिंह
सिमरजीत सिंह अपनी तेज़ गति के लिए जाने जाते हैं और वह चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए पहले खेल भी चुके हैं. 2026 की नीलामी में उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला, मगर उन्होंने केकेआर के लिए ट्रॉयल दिया. वह 2022 से 2024 तक चेन्नई सुपरकिंग्स का हिस्सा रहे. चेन्नई की टीम उन्हें खलील के रिप्लेसमेंट के तौर पर चुन सकती है.
कमलेश नागरकोटी
कमलेश नागरकोटी 2025 में CSK टीम का हिस्सा थे, लेकिन इस साल नीलामी में उन्हें कोई खरीदार नहीं मिला. वह गेंद के साथ- साथ बल्ले से भी उपयोगी पारी खेल सकते हैं. हालांकि उनके लिए फिटनेस एक बड़ी समस्या है.
आरएस अंबरीश
RS अंबरीश एक उभरते हुए घरेलू ऑलराउंडर हैं, जिन पर IPL 2026 से पहले से ही टीमों की नज़र थी, मगर 30 लाख के बेस प्राइस में ऑक्शन में शामिल हुए अंबरीश को किसी भी टीम ने नहीं खरीदा. इस साल की शुरुआत में भारत के लिए अंडर-19 क्रिकेट में उन्होंने शानदार प्रदर्शन भी किया है. चेन्नई की टीम ने इस सीजन युवाओं को ज्यादा मौका दिया है, ऐसे में टीम उनकी तरफ देख सकती है.