पारी में सभी 10 विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज, पेसर्स का है जलवा
Published On Nov 15, 2024, 05:40 PM IST
Last UpdatedNov 15, 2024, 05:40 PM IST
भारत के लिए पारी में सभी 10 विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में अंशुल कम्बोज का नाम जुड़ गया है. इन्होंने हरियाणा के लिए खेलते हुए केरल के खिलाफ यह कारनामा किया.
सुभाष गुप्ते
भारत के लिए 36 टेस्ट मैच खेलने वाले सुभाष गुप्ते मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट खेलते थे. उन्होंने 115 फर्स्ट क्लास मैच खेले. 1947 से 1964 के बीच चले उनके क्रिकेट करियर में उन्होंने कुल 530 विकेट लिए. और इसी दौरान 1954-55 में मुंबई के लिए खेलते हुए पाकिस्तान कंबाइंड सर्विसेज और बहावलपुर एकादश के खिलाफ उन्होंने पारी में 78 रन देकर सभी 10 विकेट हासिल किए. यह लेग ब्रेक गुगली गेंदबाज टेस्ट क्रिकेट में भी यह कीर्तिमान बनाने के करीब पहुंचा. वेस्टइंडीज के खिलाफ 1958 में खेले गए टेस्ट मैच में उन्होंने पारी में 9 विकेट लिए थे. पारी के शुरुआती 7 विकेट उनके नाम थे. 8वें विकेट के रूप में लांस गिब्स को वसंत रनजने ने बोल्ड कर दिया. बाकी के दो विकेट भी गुप्ते ने लिए.
प्रेमांगशु चटर्जी
1956-57 का सीजन था. प्रेमांगशु चटर्जी की टीम बंगाल असम के खिलाफ खेल रही थी. बाएं हाथ के इस पेसर ने असम के सभी 10 बल्लेबाजों को पविलियन की राह दिखाई. उन्होंने सभी 10 विकेट सिर्फ 20 रन देकर हासिल किए. रणजी ट्रॉफी में ऐसा करने वाले पहले गेंदबाज थे. प्रेमांगशु को कभी भारत का प्रतिनिधित्व करने का मौका नहीं मिला. फर्स्ट क्लास क्रिकेट में उन्होंने 32 मैचों में 134 विकेट लिए. उन्होंने 11 बार पारी में पांच और 2 बार मैच में 10 विकेट भी लिए.
प्रदीप सुंदरम
राजस्थान के पेसर प्रदीप सुंदरम ने रणजी ट्रॉफी में विदर्भ के खिलाफ पारी में सभी 10 विकेट हासिल किए थे. 1985-86 के सीजन में उन्होंने यह कीर्तिमान बनाया. भारत के लिए सुंदरम को कभी खेलने का मौका नहीं मिला.
अनिल कुंबले
अनिल कुंबले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पारी में सभी 10 विकेट लेने वाले इकलौत गेंदबाज रहे. कुंबले ने पाकिस्तान के खिलाफ दिल्ली के फिरोजशाह कोटला (अब अरुण जेटली) स्टेडियम पर पारी के सभी 10 विकेट लिए थे. 619 टेस्ट विकेट लेने वाले कुंबले भारत के सबसे कामयाब गेंदबाज हैं.
देबाशीष मोहंती
ओडिशा के पेसर देवाशीष मोहंती ने दलीप ट्रॉफी के मुकाबले में ऐसा किया था. उन्होंने पूर्वी क्षेत्र की ओर से खेलते हुए दक्षिण क्षेत्र के सभी 10 बल्लेबाजों को आउट किया था. मोहंती ने 46 रन देकर सभी 10 विकेट अपने नाम किए थे. दाएं हाथ के इस पेसर ने जिस टीम के खिलाफ ये 10 विकेट लिए थे उनमें एस. श्रीराम, वीवीएस लक्ष्मण, राहुल द्रविड़, विजय भारद्वाज और सुनील जोशी जैसे भारतीय खिलाड़ी थे.
अंशुल कंबोज
हरियाणा के तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज शुक्रवार को रणजी ट्रॉफी के इतिहास में एक पारी में सभी 10 विकेट लेने वाले तीसरे गेंदबाज बन गए. वह आईपीएल में मुंबई इंडियंस का प्रतिनिधित्व भी कर चुके हैं. उन्होंने केरल के खिलाफ 2024-25 रणजी सीजन में लाहली में खेले गए मैच में 49 रन देकर सभी 10 विकेट लिए.