IPL 2026: वैभव और जायसवाल के भरोसे नहीं होगा रॉयल्स का काम, इन तीन बल्लेबाजों को उठानी होगी जिम्मेदारी
Published On Apr 22, 2026, 05:52 PM IST
Last UpdatedApr 22, 2026, 05:52 PM IST
राजस्थान रॉयल्स की टीम का प्रदर्शन आईपीएल 2026 में ठीक रहा है लेकिन टीम की एक कमजोरी जो सामने आई है कि यह टीम दो बल्लेबाजों पर बहुत ज्यादा निर्भर है.
राजस्थान रॉयल्स के बाकी बल्लेबाजों को भी दिखाना होगा दम
राजस्थान रॉयल्स का आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन रहा है.टीम ने अपनी बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों से विपक्षी टीमों को परेशान किया है और 6 मैचों में 4 जीत के साथ अंकतालिका में चौथे स्थान पर है.पिछले दो मैचों में सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) और कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) के खिलाफ रॉयल्स को हार का सामना करना पड़ा है, जिससे टीम का उत्साह थोड़ा कम हुआ है.
IPL 2026: कैसा रहा है राजस्थान रॉयल्स का प्रदर्शन
हालांकि पिछले 2 मैचों में मिली हार से ज्यादा चिंताजनक वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल पर बल्लेबाजी के लिए राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) की निर्भरता है. वैभव और जायसवाल रन बनाते हैं, तो राजस्थान रॉयल्स की टीम आसानी से जीत जाती है, लेकिन इन दोनों की असफलता की स्थिति में टीम संघर्ष करती है.
जब वैभव और यशस्वी रन बनाते हैं तो राजस्थान को मिलती है जीत
टीम के पास ध्रुव जुरेल (Dhruv Jurel), कप्तान रियान पराग (Riyan Parag) और शिमरोन हेटमायर (Shimron Hetmyer) जैसे बल्लेबाज हैं, लेकिन सीजन में लगातार असफल रहे हैं. इनकी असफलता Rajasthan Royals के लिए अब बड़ी समस्या बनती जा रही है.6 मैच हो चुके हैं. आगे का सफर सिर्फ वैभव और जायसवाल के भरोसे तय नहीं किया जा सकता है. टीम को अगर प्लेऑफ में जगह बनानी है तो फिर जुरेल, पराग और हिटमायर को फायर करना होगा.
कई बड़े नाम नहीं बना पा रहे हैं रन
सीजन में आरआर के लिए वैभव सूर्यवंशी ने 6 मैचों की 6 पारियों में 246 और यशस्वी जायसवाल ने 6 मैचों में 223 रन बनाए हैं. इन आंकड़ों के मुकाबले पराग, जुरेल और हिटमायर का आंकड़ा बेहद साधारण है. पराग 6 मैचों की 6 पारियों में सिर्फ 61 रन बना सके हैं.
बाकी प्लेयर्स के आंकड़े साधारण
जुरेल ने 2 हाफ सेंचुरी लगाई हैं लेकन 4 पारियों में असफल रहे हैं. उनके 6 मैचों की 6 पारियों में 181 रन हैं. हिटमायर राजस्थान रॉयल्स के मिडल-ऑर्डर की रीढ़ हैं,लेकिन इस विस्फोटक बल्लेबाज के बल्ले से 5 मैचों की 4 पारियों में सिर्फ 39 रन आए हैं. लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ वैभव और जायसवाल के अलावा इन तीन बल्लेबाजों के प्रदर्शन पर रॉयल्स के हेड कोच कुमार संगाकारा की नजर रहेगी.