टीमों को लगा करोड़ों का चूना, ये हैं आईपीएल 2026 के 5 सबसे फ्लॉप खिलाड़ी
Published On Jun 02, 2026, 12:22 PM IST
Last UpdatedJun 02, 2026, 12:22 PM IST
IPL 2026 में कई ऐसे बड़े नाम रहे जिन पर करोड़ों रुपए खर्च किए गए लेकिन वे मैदान पर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके. देखते हैं ऐसे ही 5 फ्लॉप खिलाड़ी कौन से रहे.
IPL 2026 के टॉप 5 सबसे फ्लॉप खिलाड़ी
आईपीएल 2026 में कई युवा और कुछ अनुभवी खिलाड़ियों का प्रदर्शन लाजवाब रहा. हालांकि, कुछ नाम ऐसे भी रहे, जिन्हें खरीदने या टीम में बनाए रखने के लिए फ्रेंचाइजियों ने करोड़ों रुपये खर्च किए, लेकिन इन प्लेयर्स का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा. आइए ऐसे ही पांच खिलाड़ियों के नाम आपको बताते हैं.
ऋषभ पंत (लखनऊ सुपर जायंट्स)
27 करोड़ में बिकने वाले ऋषभ पंत का प्रदर्शन लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) की ओर से खेलते हुए आईपीएल 2026 में भी निराशाजनक रहा. पंत 14 मुकाबलों में 138 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 312 रन बनाए. पंत पूरे सीजन में सिर्फ एक अर्धशतक ही लगा सके. बल्ले से पंत की नाकामी एलएसजी को इस सीजन भी काफी भारी पड़ी. पंत की कप्तानी पर भी सवाल उठे और सीजन खत्म होने के बाद पंत ने कप्तानी छोड़ने का भी ऐलान किया.
कैमरून ग्रीन
कोलकाता नाइट राइडर्स ने कैमरून ग्रीन को खरीदने के लिए 25.20 करोड़ रुपये खर्च किए थे. हालांकि, ग्रीन ने अपने प्रदर्शन से खासा निराश किया. बल्लेबाजी में वह 14 मुकाबलों में 145 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 322 रन ही बना सके और पूरे सीजन में उनके बल्ले से महज दो अर्धशतक निकले. शुरुआती मुकाबलों में ग्रीन ने इंजरी से उबरने की बात कहकर गेंदबाजी नहीं की और बाद में भी वह गेंद से कोई खास असर नहीं डाल सके.
हार्दिक पंड्या
मुंबई इंडियंस के कप्तान की जिम्मेदारी संभाल रहे हार्दिक पांड्या के लिए यह सीजन किसी बुरे सपने की तरह रहा. 10 मुकाबलों में हार्दिक 138 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 206 रन ही बना सके. उन्होंने एक भी हाफ-सेंचुरी भी नहीं लगाई. वहीं गेंदबाजी में वह सिर्फ 4 विकेट ही निकाल सके.
निकोलस पूरन
आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स ने निकोलस पूरन को 21 करोड़ में रिटेन किया था. हालांकि, पूरन इस सीजन उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके. उन्होंने 14 मुकाबलों में 127 के मामूली स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 234 रन बनाए. पूरन बहुत मुश्किल इस सीजन में महज एक ही अर्धशतक लगा सके.
सूर्यकुमार यादव
मुंबई इंडियंस ने सूर्यकुमार यादव को रिटेन करने के लिए 16.35 करोड़ रुपये खर्च किए थे. हालांकि, सूर्यकुमार इस सीजन रनों के लिए बुरी तरह से संघर्ष करते हुए नजर आए. सूर्यकुमार 13 पारियों में 147 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 270 रन ही बना सके. उन्होंने इस सीजन दो अर्धशतक लगाए. सूर्यकुमार का बल्ले से फेल होना मुंबई इंडियंस के खराब प्रदर्शन की बड़ी वजह रहा.