IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स हारी पर 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने शतक के साथ रचे 11 कीर्तिमान
Published On Apr 26, 2026, 10:24 AM IST
Last UpdatedApr 26, 2026, 10:24 AM IST
Vaibhav Sooryavanshi 100 Record: वैभव सूर्यवंशी ने राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सिर्फ 36 गेंद पर शतक लगाया. अपनी पारी में उन्होंने कई कीर्तिमान बनाए.
1- सिर्फ 36 गेंद पर शतक लगाया सूर्यवंशी ने
वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सिर्फ 36 गेंद पर शतक बना दिया. यह आईपीएल के इतिहास का तीसरा सबसे तेज शतक है. आईपीएल के इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है. उन्होंने 2013 में पुणे वॉरियर्स के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए 30 गेंद पर शतक बनाया था. नंबर दो पर भी सूर्यवंशी हैं जिन्होंने पिछले साल 35 गेंद पर गुजरात टाइटंस के खिलाफ सेंचुरी लगाई थी.
2- 40 गेंद से कम गेंदों पर दूसरा शतक
वैभव सूर्यवंशी आईपीएल के इतिहास के पहले बल्लेबाज बन गए जिन्होंने 40 से कम गेंद पर एक से ज्यादा शतक लगाया है. कुल मिलाकर उन्होंने टी20 क्रिकेट में तीन सेंचुरी 40 से कम गेंद पर लगाई हैं. उर्विल पटेल और अभिषेक शर्मा ने भी टी20 क्रिकेट के इतिहास में 40 से कम गेंद पर तीन सेंचुरी जड़ी हैं.
3- आईपीएल में तीसरी बार सूर्यवंशी का धमाका
वैभव सूर्यवंशी सिर्फ तीसरे बल्लेबाज हैं जिन्होंने आईपीएल की एक बार पारी में 10 से ज्यादा छक्के एक से ज्यादा बार लगाए हों. क्रिस गेल ने ऐसा चार बार और अभिषेक शर्मा ने भी ऐसा दो बार किया था.
4- किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा सबसे ज्यादा छक्के
वैभव सूर्यवंशी ने शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 12 छक्के लगाए. यह आईपीएल पारी में किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं. इससे पहले यह रिकॉर्ड मुरली विजय के नाम था. उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 11 छक्के लगाए थे. वहीं वैभव सूर्यवंशी ने पिछले साल गुजरात टाइटंस के खिलाफ 11 छ्क्के लगाए थे. आईपीएल में सिर्फ तीन बार ऐसा हुआ है जब तीन बल्लेबाजों ने पारी में 12 या ज्यादा छक्के लगाए हों.
5- वैभव ने सिर्फ 15 गेंद पर लगाई हाफ-सेंचुरी
वैभव सूर्यवंशी ने सिर्फ 15 गेंद पर अपनी हाफ सेंचुरी लगाई. यह आईपीएल इतिहास में उनकी संयुक्त रूप से तेज हाफ सेंचुरी है. इससे पहले उन्होंने इस सीजन में दो बार हाफ सेंचुरी लगाईं और दोनों बार 15 गेंद ही पचासा लगाया था. उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ भी 15 गेंद पर अर्धशतक लगाया था. वह आईपीएल में पहले बल्लेबाज हैं जिन्होंने तीन बार 15 या उससे कम गेंद पर हाफ सेंचुरी लगाई हों. टी20 क्रिकेट में सिर्फ अभिषेक शर्मा उनसे आगे हैं जिन्होंने चार बार 15 या उससे कम गेंद पर हाफ सेंचुरी लगाई हो.
6- वैभव ने सबसे तेज 1000 टी20 रन पूरे किए
वैभव सूर्यवंशी ने टी20 क्रिकेट मे 473 गेंद पर 1000 टी20 पूरे किए. वह सबसे कम गेंद पर इस मुकाम पर पहुंचने वाले बल्लेबाज हैं. इससे पहले मिशेल ओवन ने 533 गेंद पर टी20 क्रिकेट में 1000 रन पूरे किए थे.
7- टी20 क्रिकेट में 1000 रन पूरे करने वाले सबसे युवा बल्लेबाज
सूर्यवंशी टी20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में 1000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज हैं. टी20 क्रिकेट में किसी भी अन्य बल्लेबाज ने अपने 18वें जन्मदिन से पहले यह मुकाम हासिल नहीं किया. वैभव अभी सिर्फ 15 साल के हैं.
8- पारी के मामले में नंबर 2 पर पहुंचे
जहां तक पारी की बात है तो वैभव सबसे कम पारियों में टी20 क्रिकेट में 1000 रन पूरे करने वाले भारतीय बल्लेबाजों में दूसरे नंबर पर हैं. देवदत्त पडिक्कल ने 25 पारियों में 1000 टी20 रन पूरे किए थे. वैभव ने 26 पारियों मं यह उपलबधि हासिल की.
9- पहले ही ओवर में चार छ्क्के
वैभव सूर्यवंशी ने प्रफुल्ल हिंगे के पारी के पहले ही ओवर में चार छक्के लगाए. यह पहला मौका है जब आईपीएल में किसी पारी के पहले ही ओवर में चार छक्के लगे हों. इससे पहले नमन ओझा ने ब्रैड हॉज के ओवर में 2009 में तीन छक्के लगाए थे. दोनों टीमों के पिछले मैच में प्रफुल्ल ने पारी के पहले ही ओवर में तीन विकेट लिए थे. जो आईपीएल के इतिहास में पहली बार हुआ था. उसमें सूर्यवंशी पहले विकेट थे.
10- वैभव ने क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ा
वैभव ने आईपीएल में सिर्फ 15 पारियों में 50 छक्के पूरे कर लिए. यह पारी के लिहाज से सबसे तेज हैं. वैभव ने क्रिस गेल के रिकॉर्ड को तोड़ा. क्रिस गेल ने 21 पारियों मे पारी में 50 छक्के पूरे किए थे.
11- सबसे कम पारियों में चार शतक
वैभव सूर्यवंशी ने 26 पारियों में चार शतक लगाए. सूर्यवंशी ने पाकिस्तानी बल्लेबाज उस्मान खान के रिकॉर्ड को तोड़ा. उस्मान ने 33 पारियों में चार शतक लगाए थे. वैभव ने आईपीएल में 15 पारियों में दो शतक लगाए हैं. यहां उन्होंने हाशिम अमला का रिकॉर्ड तोड़ा. अमला ने 16 पारियों में आईपीएल में दो शतक लगाए थे. क्रिस गेल की दो आईपीएल सेंचुरी 20 पारियों में आई थीं.